Source :- LIVE HINDUSTAN
यूक्रेन युद्ध के बीच अमेरिका ने रूस में बड़े आतंकी हमले की खुफिया जानकारी साझा की है। इसके बाद दोनों देशों के अधिकारियों ने साथ काम करते हुए इसकी और जानकारी निकालने की कोशिश शुरू कर दी है। एहतियात के तौर पर मॉस्को के एक म्यूज्यिम को बंद कर दिया गया है।
रूस और यूक्रेन में युद्ध जारी है। लेकिन इसी बीच अमेरिका की तरफ से आए एक संदेश के आधार पर रूसी अधिकारियों ने ऐक्शन लेना शुरू कर दिया है। दरअसल, रूस की फेडरल सिक्योरिटी सर्विस (FSB) ने शनिवार को जानकारी दी कि उसके पास अमेरिका की तरफ से मॉस्को में संभावित आतंकी हमले की सूचना मिली थी। इसके बाद एजेंसी ने सुरक्षा की दृष्टि से कई कदम उठाना चालू कर दिया है।
रूसी समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, मॉस्को में मौजूद अमेरिकी दूतावास ने भी इस सूचना के बारे में जानकारी दी है। दूतावास की तरफ से कहा गया कि उनके पास मॉस्को के त्सारित्सिनो म्यूजियम में बड़े आतंकी हमले की जानकारी मिली है। इसे रूसी अधिकारियों के साथ साझा किया गया है। इसके बाद रूसी अधिकारियों ने दक्षिणी मॉस्को में स्थित त्सारित्सिनो म्यूजियम रिजर्व (जो एक महल, संग्रहालय और पार्क परिसर है) को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। पार्क में लोगों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है।
रूस में 2024 में हुए आतंकी हमले में मारे गए थे 140 लोग
बता दें, यह पहली बार नहीं है, जब युद्ध के दौरान अमेरिका की तरफ से रूस को आतंकी हमले की जानकारी दी गई हो। इससे पहले मार्च 2024 में भी वाशिंगटन ने मॉस्को को आतंकी हमला होने की चेतावनी दी थी। हालांकि, उस वक्त युद्ध को देखते हुए इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया। इसके कुछ समय बाद ही कुछ बंदूकधारियों ने रूसी राजधानी के क्रोकस सिटी हॉल के बाहर हमला कर दिया था। इस आतंकी हमले में 140 लोगों की जान चली गई थी।
रूस की तरफ झुक रहा अमेरिका
यूक्रेन और रूस युद्ध में अमेरिका की स्थिति बदली हुई नजर आ रही है। एक तरफ तो उसने हाल ही में यूक्रेन के साथ बड़े स्तर पर पैट्रियट मिसाइल सप्लाई करने की डील की है, दूसरी तरफ वह रूस से तेल खरीदने में भी लगा हुआ है। अमेरिका में मिडटर्म चुनाव को देखते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने दोनों देशों के बीच में ऊर्जा सीजफायर करवाने की कोशिश की थी। हालांकि उसमें उन्हें सफलता नहीं मिली। यूक्रेन अभी भी रूस की तेल रिफाइनरियों पर हमला करना जारी रखे हुए है। इसके बाद भी रूस ने अमेरिका की हरी झंडी के बाद वाशिंगटन की तरफ डीजल की एक खेप भेज दी है। इसके अलावा दुनिया के बाकी हिस्सों में भी रूसी तेल की सप्लाई जारी है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




