Home Latest news ताज़ा खबर “ये है नई दिल्ली”… बांग्लादेश की झुग्गियों को भारत बताकर वीडियो बना...

“ये है नई दिल्ली”… बांग्लादेश की झुग्गियों को भारत बताकर वीडियो बना रहे चीनी व्लॉगर्स, ऐसे हुआ खुलासा

4
0

Source :- INDIATV NEWS

बांग्लादेश की राजधानी ढाका में कुछ चीनी नागरिकों पर वहां की झुग्गी-बस्तियों के वीडियो बनाकर उन्हें भारत की राजधानी नई दिल्ली का बताकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप लगा है। बांग्लादेशी अखबार ‘प्रोथोम आलो’ की रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी व्लॉगर्स पिछले कई महीनों से ढाका के गरीब इलाकों में वीडियो शूट कर रहे हैं और चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इन जगहों को भारत का हिस्सा बताकर पेश कर रहे हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, यह गतिविधि ढाका के उत्तरा स्थित सेक्टर-12 और उससे सटे टेकपाड़ा इलाके में देखी गई है। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि 150 से अधिक चीनी नागरिक इन इलाकों में वीडियो बनाने के काम में लगे हुए हैं। ये लोग दो मोबाइल फोन लेकर गलियों में घूमते हैं और कई-कई घंटे तक लाइवस्ट्रीम करते हैं। आरोप है कि कुछ लोग बिना अनुमति स्थानीय लोगों के घरों में घुसकर भी वीडियो रिकॉर्ड करते हैं।

‘यह नई दिल्ली है’, कहकर दिखाया बांग्लादेश का इलाका

प्रोथोम आलो की रिपोर्ट में बताया गया है कि एक चीनी नागरिक फांगयू ने अखबार को बताया कि ये लाइवस्ट्रीम वीचैट पर उत्पादों के प्रचार से जुड़ी गतिविधियों का हिस्सा हैं। वहीं, चीनी नागरिकों के लिए गाइड का काम करने वाली बांग्लादेशी महिला रितु अख्तर के मुताबिक, वे डॉयिन (चीन का टिकटॉक) जैसे प्लेटफॉर्म पर वीडियो पोस्ट करके भी कमाई करते हैं।

अखबार ने लाइवस्ट्रीम के कुछ हिस्सों का गूगल ट्रांसलेट की मदद से अनुवाद किया और चीनी भाषा जानने वाले चार बांग्लादेशियों से इसकी पुष्टि कराई। रिपोर्ट के मुताबिक, 1 नवंबर को प्रसारित एक लाइवस्ट्रीम में चीन के सिचुआन प्रांत की रहने वाली मियानमियान नाम की महिला टेकपाड़ा इलाके को नई दिल्ली बताती सुनाई दी। उसने कहा, “यह नई दिल्ली है। यहां के घर बेहद गंदे हैं। टिन की छत वाले घरों के अंदर पंखे तक नहीं हैं। यह जगह काफी पिछड़ी हुई, गंदी और अस्वच्छ है। यहां कानून-व्यवस्था की स्थिति भी खराब है।”

घरों में घुसकर शूटिंग करने का आरोप

वीडियो बनाए जाने को लेकर स्थानीय निवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि उनके घरों और आस-पास के इलाकों में रिकॉर्ड किए जा रहे वीडियो कहां प्रकाशित किए जा रहे हैं और किस तरह पेश किए जा रहे हैं। स्थानीय महिला रोजिना खातून ने प्रोथोम आलो को बताया कि कई बार चीनी नागरिक उनके घरों में घुसकर शूटिंग करने लगते हैं। कुछ लोगों ने बाथरूम तक में घुसकर वीडियो बनाने का आरोप लगाया है।

रोजिना ने कहा, “कभी-कभी वे हमारे घरों में घुस आते हैं और वीडियो बनाने लगते हैं। घर के अंदर हम हमेशा ठीक से कपड़े पहने हुए नहीं होते। सोचिए, जब कोई अचानक आपके घर में घुसकर रिकॉर्डिंग शुरू कर दे तो कैसा महसूस होगा।” स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही इस तरह की शूटिंग और बिना अनुमति घरों में प्रवेश करने की घटनाओं से उनकी निजता प्रभावित हो रही है। वहीं, बांग्लादेश के इलाकों को भारत की राजधानी नई दिल्ली बताकर दिखाए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हाल ही में, बांग्लादेश के कॉक्स बाजार जिले में एक सीसाइड रिसॉर्ट में आगने से 10 लोगों की मौत हो गई और 9 लोग घायल बताए गए।

ये भी पढ़ें-

PM मोदी ने राष्ट्रपति जेलेंस्की से फोन पर की बात, रूस-यूक्रेन युद्ध के साथ द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर हुई चर्चा

ममता बनर्जी को 13 साल पुराने केस में दिल्ली पुलिस का नोटिस, गवाह के तौर पर किया तलब

SOURCE : INDIATV NEWS