Home LIFESTYLE NEWS HINDI रसोई के कचरे को ना समझें बेकार! मुफ्त में उगा सकते हैं...

रसोई के कचरे को ना समझें बेकार! मुफ्त में उगा सकते हैं ये 5 सब्जियां, भर जाएगा गमला

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

रसोई में बेकार समझकर आप जिन चीजों को फेंक देते हैं, उनकी मदद से आप सब्जियों के पौधे भी उगा सकते हैं। यहां हम आपके साथ 5 सब्जियों को उगाने के तरीके शेयर कर रहे हैं, जिन्हें फॉलो कर के आपके घर के गमले सब्जियों से लद जाएंगे।

घर में सब्जियों के पौधे लगाना काफी लोगों का शौक होता है। खासकर आजकल तो लोग अपने घरों में ही सब्जियां उगाना पसंद करते हैं। हालांकि अक्सर लोगों को लगता है कि गार्डेनिंग एक महंगा शौक है, यानी इसके लिए बड़ी जगह और फिर बीज वगैरह की जरूरत होगी। लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। सब्जियों के कुछ पौधे तो आप बड़ी आराम से घर के गमले में ही उगा सकते हैं। इसके लिए आप कचरे में फेंकी जाने वाली सब्जियों का इस्तेमाल कर सकते हैं। बड़े ही आसान तरीके से आप टमाटर, प्याज, शिमला मिर्च जैसी सब्जियों के पौधे आराम से घर पर उगा सकते हैं। यहां हम आपके साथ 5 सिंपल तरीके शेयर कर रहे हैं, जिन्हें फॉलो कर के घर में कुछ सब्जियां उगाई जा सकती हैं।

टमाटर के टुकड़े से उगाएं पूरा पौधा

अक्सर हम ज्यादा पके हुए टमाटर को फेंक देते हैं, लेकिन इसकी मदद से टमाटर का पौधा आसानी से उगाया जा सकता है। इसके लिए टमाटर को गोल टुकड़े में काट लें। इसका वो वाला हिस्सा लें जिसमें ज्यादा मोटे बीज दिखाई दें। अब इस टुकड़े को गमले की मिट्टी पर रखें और ऊपर से थोड़ी सी मिट्टी डालकर इसे अच्छी तरह कवर कर दें। अगर पर्याप्त पानी और धूप मिले तो 15 दिनों के अंदर ही टमाटर का पौधा दिखना शुरू हो जाता है।

प्याज के जड़ वाले हिस्से से उगाएं पौधा

प्याज की जड़ वाला हिस्सा भी खराब समझकर डस्टबिन में ना फेंके। इसकी मदद से आप पूरा पौधा उगा सकते हैं। इसके लिए जड़ वाले हिस्से को गमले की मिट्टी में अच्छी तरह लगा दें। कुछ दिनों बाद ही प्याज की हरी हरी पत्तियां आना शुरू हो जाएंगी। हालांकि ध्यान रहे कि पौधे को पर्याप्त धूप और पानी समय पर देते रहें।

शिमला मिर्च का पौधा ऐसे उगाएं

शिमला मिर्च का ऊपर वाला हिस्सा (जहां डंठल होती है) अक्सर सब्जी बनाने में इस्तेमाल नहीं किया जाता है। लेकिन इसकी मदद से पूरा पौधा जरूर उगाया जा सकता है। बस शिमला मिर्च के ऊपर वाले इस हिस्से को बीजों सहित काट लें और गमले की मिट्टी में दबा दें। कुछ ही दिनों में शिमला मिर्च का पौधा उगना शुरू हो जाएगा।

पुदीने की डंठलों से उगाएं ढेर सारा पुदीना

पुदीना की मोटी डंठल से ढेर सारा पुदीना गमले में उगाया जा सकता है। इसके लिए पुदीना की कुछ मोटी डंठल लें और उनके पत्ते हटाकर पानी के गिलास में रख दें। लगभग 5 दिनों में उनकी जड़ें निकलना शुरू हो जाएंगी। अब आप इन्हें गमले में लगा सकते हैं। कुछ दिनों में ही गमला पुदीने से भर जाएगा।

नींबू का पौधा उगाने के लिए अपनाएं ये तरीका

नींबू का पौधा उगाने के लिए इसके बीज का इस्तेमाल करें। सबसे पहले बीज का बाहरी छिलका रिमूव कर लें। अब अंदर वाले सफेद हिस्से को एक गीले टिश्यू पेपर में लपेटकर किसी कंटेनर में रख दें। जैसे ही इसमें जड़ें दिखना शुरू हो जाएं, पौधे को गमले की मिट्टी में लगा दें। नींबू का पौधा कुछ ही दिनों में तैयार हो जाएगा।

(Images Credit- Pinterest)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN