Home National news hindi राजस्थान: जयपुर में हुई इस हत्या की क्यों हो रही चर्चा, मृतक...

राजस्थान: जयपुर में हुई इस हत्या की क्यों हो रही चर्चा, मृतक विजय बाजिया कौन थे

3
0

Source :- BBC INDIA

विजय बाजिया

एक पिक अप गाड़ी एक कार से टकराती है, कार सवार उतरकर भागने की कोशिश करता है, पिक अप से उतरे लोग कुछ ही दूरी पर उसे गिरा लेते हैं और कुल्हाड़ी से हमला करते हैं.

राजस्थान की राजधानी जयपुर के जगदंबा नगर इलाक़े में 11 नवंबर की शाम को हुई हत्या की इस घटना के संबंध में पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ़्तार किया है जिनकी उम्र 21 से 23 साल के बीच है.

इस घटना में मारे गए युवक का नाम विजय बाजिया था और पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक़ वह एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी था.

एक बयान में जयपुर पश्चिम के पुलिस उपायुक्त प्रशांत किरण ने बताया कि घटना की वजह सात साल पुरानी दुश्मनी थी.

पुलिस के बयान के मुताबिक़ मृतक विजय बाजिया और उसके साथियों ने इस मामले में गिरफ़्तार अभियुक्त अनीश के पिता कैलाश गोल्या की सात साल पहले हत्या कर दी थी.

डीसीपी प्रशांत किरण के मुताबिक़, “पिछले सात साल से रंजिश चल रही थी, अनीश के पिता की हत्या का बदला लेने के मक़सद से गैंग 7007 ने हत्या की इस घटना को अंजाम दिया है.”

पुलिस ने चार गिरफ़्तार अभियुक्तों की पहचान अनीश गोल्या, कमलेश गोल्या, दिनेश चौधरी और युवराज चौधरी के रूप में की है. ये सभी जयपुर ग्रामीण क्षेत्र के तिबारिया गांव के रहने वाले हैं.

डीसीपी प्रशांत किरण ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि बुधवार शाम क़रीब 8 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अज्ञात लोगों ने जगदंबा नगर इलाक़े के रावण गेट के पास एक व्यक्ति पर कुल्हाड़ियों से हमला कर दिया है.

पुलिस के मुताबिक़, घायल को अस्पताल ले जाया गया था जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया था.

पुलिस के मुताबिक़ मृतक विजय बाजिया और अभियुक्त अनीश गोल्या के बीच पुरानी रंजिश थी और घटना के दिन भी दोनों के बीच बहस हुई थी.

पुलिस जांच में यह भी दावा किया गया है कि घटना से पहले अनीश गोल्या और उसके साथियों ने बाजिया का कई घंटे तक पीछा भी किया था.

पुलिस ने क्या बताया?

राजेश गुप्ता

जयपुर पुलिस के मुताबिक़ मृतक विजय बाजिया का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है.

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक़, विजय बाजिया पर कम से कम 15 मुक़दमे दर्ज थे और उसे साल 2024 में हिस्ट्रीशीटर घोषित किया गया था.

जयपुर पश्चिम के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता ने बीबीसी को बताया, “जिस व्यक्ति की हत्या हुई है उसका आपराधिक रिकॉर्ड है और 2019 में हुई एक अभियुक्त के पिता की हत्या की घटना में भी वह शामिल था.”

हालांकि हत्या के आरोप में जिन अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया गया है उनमें से सिर्फ़ एक के ख़िलाफ़ ही पहले मुक़दमा दर्ज हुआ है.

पुलिस के मुताबिक़, अभियुक्तों ने 7007 नाम से एक ग्रुप बनाया था. हालांकि इनका इससे पहले कोई बड़ा आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है.

एडिशनल डीसीपी राजेश गुप्ता ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा, “हम यह जांच कर रहे हैं कि और कौन-कौन लोग इन अभियुक्तों से जुड़े थे और क्या ये किसी तरह की आपराधिक गतिविधियों में शामिल थे, हालांकि अभी तक गिरफ़्तार किए गए चार में से सिर्फ़ एक अभियुक्त का ही आपराधिक रिकॉर्ड मिला है.”

विजय बाजिया

विजय बाजिया गांव के सरपंच पद पर भी उम्मीदवारी कर रहे थे और उन्होंने इससे जुड़े कई पोस्ट अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर किए थे.

बाजिया 0302 नंबर की गाड़ी से चलते थे. जयपुर पुलिस ने उनकी गाड़ी के नंबर की पुष्टि की है.

भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) में हत्या की धारा 302 है और इस अंक को अपराध से जोड़कर देखा जाता है.

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता के मुताबिक़, विजय बाजिया 1507 नाम से सोशल मीडिया पर सक्रिय थे. उनसे जुड़े लोगों की गतिविधियों की जांच जयपुर ग्रामीण पुलिस अलग से कर रही है.

राजेश गुप्ता ने बीबीसी से कहा, “विजय कोई संगठित ग्रुप चला रहे थे या नहीं, इसकी जांच भी की जा रही है.”

जयपुर पुलिस ने घटना के 12 घंटे के भीतर ही चार अभियुक्तों को गिरफ़्तार कर लिया था.

बाद में अभियुक्तों को घटनास्थल पर ले जाया गया. इसके वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किए गए हैं.

कई वीडियो में स्थानीय लोग जयपुर पुलिस के समर्थन में नारेबाज़ी करते हुए दिख रहे हैं.

पुलिस का दावा है कि घटना के बाद स्थिति सामान्य बनी हुई है.

एसीपी राजेश गुप्ता के मुताबिक़, “हत्या की ये घटना आपसी रंजिश में हुई है, बाजिया का भी आपराधिक रिकॉर्ड है, घटना के बाद इलाक़े में शांति बनी हुई है.”

घटना के बाद कैसा है माहौल?

राजस्थान पुलिस

अपराध की घटनाओं पर लंबे समय से रिपोर्ट कर रहे क्राइम रिपोर्टर ओम प्रकाश शर्मा कहते हैं कि हत्या कि इस घटना के बाद लोगों में कोई ख़ास रोष नहीं है.

हालांकि वो यह भी कहते हैं कि घटना के तरीक़े को लेकर ज़रूर लोग सकते में है.

ओम प्रकाश शर्मा कहते हैं, “राजस्थान में पहले अपराध की बहुत अधिक घटनाएं नहीं होती थी, लेकिन अब अपराध की ऐसी घटनाएं हैरान नहीं करती हैं.”

वो कहते हैं, “इस घटना के बाद कोई बड़ी प्रतिक्रिया नहीं हुई है क्योंकि जिस व्यक्ति की हत्या हुई है उसका ख़ुद आपराधिक रिकॉर्ड था.”

उनके मुताबिक़ घटना के लाइव वीडियो रिकॉर्ड कर लिए गए थे और इन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया जिसकी वजह से इस घटना को लेकर चर्चा हो रही है.

उन्होंने बताया, “यदि लाइव वीडियो ना आए होते तो शायद इस घटना को लेकर इतनी बात नहीं होती. चूंकि घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे हैं, ऐसे में लोग जानना चाह रहे हैं कि मरने वाला कौन था.”

ओम प्रकाश शर्मा कहते हैं, “चूंकि पुलिस ने कुछ ही घंटे के भीतर अभियुक्तों को गिरफ़्तार कर लिया, ऐसे में पुलिस पर भी बहुत अधिक सवाल नहीं उठ रहे हैं.”

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS