Source :- LIVE HINDUSTAN
रात की रोटी बच गई हैं तो उन्हें दोबारा गर्म कर के खाने का फेंकने के बजाए, ये टेस्टी सा स्नैक बनाकर तैयार करें। ये फटाफट बन जाता है और इसका स्वाद बिल्कुल ब्रेड पकौड़े जैसा लगता है। फटाफट से कुछ टेस्टी बनाना है तो ये रेसिपी आपके लिए ही है।
रोटियां हर दिन घर में बनती हैं और इनमें से कई बार बच भी जाती हैं। इन बची हुई रोटियां का आप क्या करते हैं? ज्यादातर लोग तो दोबारा गर्म कर के खा लेते हैं या फिर फेंक देते हैं। लेकिन क्या हो अगर आप इनका टेस्टी सा स्नैक बनाकर तैयार कर लें? जी हां, बची हुई रोटियां से आप टेस्टी से ब्रेड पकौड़े भी बना सकते हैं। उबले हुए आलू में मसाला डालकर स्टफिंग तैयार करनी है और रोटी का बेस बनाकर ब्रेड पकौड़े बना लेने हैं। बहुत ही सिंपल रेसिपी है और खासकर बच्चों को तो खूब पसंद आने वाली है। एक बार आपने बची हुई रोटियों का ये स्नैक घरवालों को बनाकर खिला दिया तो बार-बार डिमांड आने वाली है। चलिए फटाफट से पूरी रेसिपी जान लेते हैं।
बची हुई रोटी का स्नैक बनाने के लिए सामाग्री
लंच या डिनर में बनी रोटियां बच गई हैं तो ये टेस्टी सा स्नैक बनाकर तैयार करें। इसके लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- उबले हुए आलू (4-5), बारीक कटी हुई प्याज (1), हरी मिर्च (2-3), धनिया पत्ता, ऑरिगेनो पाउडर (1 चम्मच), चिली फ्लेक्स (स्वादानुसार), मैजिक मसाला, बेसन (डेढ़ कप), चुटकी भर हींग, हल्दी पाउडर (आधा चम्मच), अजवाइन (आधा चम्मच), काला नमक, सफेद तिल, नमक (स्वादानुसार), धनिया पत्ता, बची हुई रोटी (2)।
बची हुई रोटी फेंके नहीं, बनाएं ये टेस्टी ब्रेड पकौड़े
बची हुई रोटी से ब्रेड पकौड़े बनाना बहुत सिंपल है और ये खाने में इतने टेस्टी लगते हैं कि घरवाले बार-बार बनाने की डिमांड करेंगे। इसके लिए आपको सबसे पहले आलू उबालकर तैयार कर लेने हैं। जैसे ही ये ठंडे हो जाएं इन्हें छील लें और बारीक कटी हुई प्याज, हरी मिर्च, ताजा धनिया पत्ता डालकर अच्छी तरह मैश कर लें। इसके साथ ही थोड़ा सा ऑरिगेनो, चिली फ्लेक्स और मैजिक मसाला और स्वादानुसार नमक मिलाएं। आलू की स्टफिंग बनकर तैयार है।
काम की टिप- आलू की भरावन में थोड़ा सा पानी मिलाकर अच्छे से मैश कर लें। इससे ये रोटी पर आसानी से चिपक जाएगा।
इसके बाद एक रोटी लें और ये आलू का मसाला उसपर अच्छी तरह से फैलाकर लगा लें। फिर दूसरी रोटी ऊपर से रखें और हल्का सा प्रेस करें, ताकि ये आपस में चिपक जाएं। अब एक पिज्जा कटर की मदद से इन्हें चार भागों में काट लें। ब्रेड पकौड़े का बेस तैयार है।
ब्रेक पकौड़े का बैटर बनाने के लिए एक बाउल में बेसन लें। इसमें थोड़ा सा हल्दी पाउडर, चुटकी भर हींग, हाथों से मसलकर अजवाइन, काला नमक, सफेद तिल, नमक और थोड़ा सा ताजा हरा धनिया पत्ता काटकर अच्छे से घोल बना लें। ये बैटर थोड़ा गाढ़ा होना चाहिए जैसा पकौड़े के लिए बनता है।
अब तैयार रोटी वाले बेस को बेसन के बैटर में डिप करें। एक पैन में थोड़ा सा ऑयल गर्म होने के लिए रख दें। जैसे ही तेल हल्का गर्म हो ये ब्रेड पकौड़े फ्राई होने के लिए डाल दें। हल्का गोल्डन कलर आने तक इन्हें अच्छे से फ्राई कर लें। गरमा-गरम रोटी के ब्रेड पकौड़े को केचअप और हरी चटनी के साथ सर्व करें।
काम की टिप- अगर आप इस रेसिपी को हेल्दी ट्वीस्ट देना चाहते हैं तो बिना तेल में तेल, चीले की तरह इन्हें तवे पर थोड़े से तेल या घी के साथ सेंक सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


