Source :- LIVE HINDUSTAN
Recipe: रात के चावल बच गए हैं तो उन्हें कुछ इस तरीके से फ्राई कर के खाएं। इतने चटपटे और टेस्टी बनते हैं कि बिल्कुल रेस्टोरेंट वाले फ्राइड राइस वाला स्वाद आएगा। कुछ चटपटा खाने का मन है तो 5-10 मिनट में आप इन्हें बनाकर तैयार कर सकते हैं।
खाना कितना भी हिसाब से बना लो, थोड़ा बहुत तो बच ही जाता है। खासकर रात में अगर चावल बने हैं तो सुबह थोड़े बहुत जरूर बच जाते हैं। बहुत से लोग इनकी तरह-तरह की डिशेज बना लेते हैं या फिर टमाटर-प्याज डालकर फ्राई कर लेते हैं। इससे काफी टेस्टी फ्राइड राइस बन जाते हैं, जिन्हें बच्चे भी शौक से खा लेते हैं। अब बचे हुए चावल के नॉर्मल फ्राइड राइस तो आपने खूब बनाए होंगे, लेकिन आज वाली रेसिपी थोड़ी सी अलग है। इस तरह अगर आपने चावल फ्राई कर के खा लिए तो यकीन मानिए ये आपके फेवरिट होने वाले हैं। बस थोड़ा सा तरीका अलग है, आपको कोई खास मसाले या सब्जियों की जरूरत नहीं है। रात के चावल ज्यादा बच गए हों या फिर सिंपल चावल खाने का मन ना हो, तो ये चटपटी सी रेसिपी ट्राई करना तो बनता है।
बचे हुए चावल से मसाला पुलाव बनाने की सामग्री
रात के चावल बच गए हैं तो कुछ मसाले डालकर आप टेस्टी से पुलाव या फ्राइड राइस तैयार कर सकते हैं। इसके लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- बारीक कटी हुई हरी मिर्च, हरा धनिया पत्ता, नमक स्वादानुसार, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, सरसों का तेल (1 चम्मच), बारीक कटी हुई 1 प्याज और टमाटर, जीरा, राई (सरसों के दाने), फ्रेश करी पत्ता।
रात के बचे हुए चावल ऐसे करें फ्राई, खूब टेस्टी लगेंगे
रात के बचे हुए चावल अगर आप भी फ्राई कर के खाते हैं, तो एक बार ये तरीका ट्राई करें। यकीन मानिए इतने टेस्टी बनते हैं कि हर बार आप ऐसे ही बनाएंगे। इसके लिए सबसे पहले एक बाउल में बचे हुए चावल लें। अब इनमें बारीक कटी हुई हरी मिर्च और धनिया पत्ता एड करें। साथ में कश्मीरी लाल मिर्च और स्वादानुसार नमक मिलाएं। इसके अलावा थोड़ा सा सरसों का तेल भी डालें। तेल को ज्यादा मात्रा में ना डालें, वरना इसकी खुशबू आ सकती है। फिर सभी चीजों को आपस में अच्छी तरह से मिक्स कर लें।
अब एक पैन में थोड़ा सा तेल गर्म करें। फिर उसमें जीरा, राई और थोड़े से फ्रेश करी पत्ता डालकर चटका लें। अब इसमें बारीक कटी हुई प्याज और टमाटर एड करें और इन्हें सॉफ्ट होने तक कुक कर लें। सारे मसाले पहले ही चावल में मिक्स कर लिए हैं, इसलिए अब आपको कुछ भी डालने की जरूरत नहीं है। बस मसाला मिक्स किए हुए चावल टमाटर प्याज में एड करें और अच्छे से मिक्स कर लें। इन्हें थोड़ी सी देर पकाएं और बस आपके टेस्टी से मसाला पुलाव या फ्राइड राइस बनकर तैयार हैं। इन्हें ठंडे-ठंडे रायते या दही के साथ सर्व करें, खा कर मजा ही आ जाएगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN





