Home LIFESTYLE NEWS HINDI रोज एक्सरसाइज करने की आदत कैसे बनाएं? कोच ने बताए 5 आसान...

रोज एक्सरसाइज करने की आदत कैसे बनाएं? कोच ने बताए 5 आसान रूल

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

एक्सरसाइज शुरू करना आसान है, लेकिन उसे रोज की आदत बनाना थोड़ा मुश्किल होता है। कभी समय नहीं मिलता, कभी थकान होती है और कभी मन नहीं करता। फिटनेस कोच के ये 5 तरीके इसमें मदद कर सकते हैं।

फिट रहने के लिए एक्सरसाइज शुरू तो बहुत लोग करते हैं, लेकिन कुछ दिन बाद रूटीन टूट जाता है। कभी काम ज्यादा हो जाता है, कभी थकान के कारण वर्कआउट छूट जाता है और कई बार बस मन ही नहीं करता। ऐसे में सवाल यह नहीं है कि आप कितनी मेहनत कर सकते हैं, बल्कि यह है कि आप अपनी फिटनेस को रोज की लाइफ का हिस्सा कैसे बना सकते हैं। चेन्नई के फिटनेस कोच राज गणपत ने एक्सरसाइज में कंसिस्टेंसी बनाए रखने के लिए कुछ आसान बातें बताई हैं। चलिए जान लेते हैं-

1. मन हो या न हो, बस शुरुआत करें

एक्सरसाइज को आदत बनाने के लिए सबसे जरूरी है कि आप उसे लगातार करते रहें। हर दिन वर्कआउट करने का मन हो, ऐसा जरूरी नहीं है। कभी आप एनर्जेटिक महसूस करेंगे, तो कभी बहुत थके हुए होंगे। ऐसे दिन एक्सरसाइज छोड़ने के बजाय बस शुरुआत करने की कोशिश करें। अगर आपके पास लंबा वर्कआउट करने का समय या एनर्जी नहीं है, तो भी थोड़ा समय निकालें। कई बार शुरुआत करने के बाद आपका मन खुद एक्सरसाइज में लग जाता है।

2. कम से कम 10 मिनट मूवमेंट जरूर करें

हर दिन लंबा वर्कआउट करना जरूरी नहीं है। अगर किसी दिन बहुत बिजी हैं या एनर्जी कम है, तो कम से कम 10 मिनट शरीर को एक्टिव रखने की कोशिश करें। आप तेज वॉक कर सकते हैं, थोड़ी स्ट्रेचिंग कर सकते हैं या घर पर हल्की एक्सरसाइज कर सकते हैं। वहीं, अगर किसी दिन खूब एनर्जी महसूस हो रही है, तो अपना पूरा वर्कआउट कर सकते हैं। मतलब साफ है- रोज कुछ न कुछ मूवमेंट करते रहें।

3. पहले से तय करें कि आपको करना ही है

कई बार हम एक्सरसाइज को मूड पर छोड़ देते हैं। मन हुआ तो कर लिया और मन नहीं हुआ तो छोड़ दिया। यही वजह है कि रूटीन बार-बार टूट जाता है। इसके बजाय पहले से तय करें कि आपको अपनी फिटनेस के लिए समय निकालना ही है। वर्कआउट खत्म होने के बाद अगले दिन फिर एक्सरसाइज करने का फैसला करें। धीरे-धीरे यह आपके दिमाग में एक फिक्स रूटीन जैसा बन सकता है।

4. अपनी मेहनत को क्रेडिट दें

फिटनेस में सिर्फ यह देखना जरूरी नहीं है कि आपने कितना वजन कम किया या कितनी देर एक्सरसाइज की। यह भी देखें कि आपने उस दिन एक्सरसाइज के लिए समय निकाला। मान लीजिए किसी दिन आपने सिर्फ 10 मिनट वॉक की, तो उसे बेकार न समझें। आपने कम से कम अपनी रूटीन को टूटने नहीं दिया। अपनी छोटी-छोटी कोशिशों को नोटिस करने से मोटिवेशन बना रहता है और अगली बार एक्सरसाइज करने का मन भी ज्यादा होता है।

5. फिर यही रूटीन दोहराते रहें

फिटनेस में हर दिन परफेक्ट होना जरूरी नहीं है। असली फर्क तब पड़ता है, जब आप बार-बार कोशिश करते रहते हैं। एक दिन कम एक्सरसाइज हुई तो अगले दिन फिर से शुरू करें। कभी रूटीन बिगड़ जाए तो यह न सोचें कि अब सब खराब हो गया। बस वापस अपनी रूटीन पर लौट आएं। यही छोटी-सी बात लंबे समय तक फिटनेस बनाए रखने में मदद कर सकती है।

फिटनेस में परफेक्शन नहीं, कंसिस्टेंसी जरूरी!

रोज दो घंटे जिम करना ही फिटनेस नहीं है। अगर आप अपनी लाइफ में एक्सरसाइज को लंबे समय तक बनाए रखना चाहते हैं, तो शुरुआत छोटी रखें और उसे लगातार करते रहें। जिस दिन ज्यादा समय और एनर्जी हो, ज्यादा वर्कआउट करें और जिस दिन ऐसा न हो, कम से कम कुछ मिनट शरीर को एक्टिव रखें। आखिर में फिटनेस का सबसे बड़ा रूल यही है कि रुकना नहीं है, जरूरत पड़े तो अपनी स्पीड कम कर दें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN