Home LIFESTYLE NEWS HINDI रोटी के आटे में इन 3 पत्तेदार सब्जियों में से एक मिलाएं,...

रोटी के आटे में इन 3 पत्तेदार सब्जियों में से एक मिलाएं, आयुर्वेदिक डॉक्टर ने बताए फायदे

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

सर्दियों में हरी पत्तेदार सब्जियां खूब आने लगती हैं। इन्हें आप आटे में गूंथकर रोटी बना सकते हैं। आयुर्वेदिक डॉक्टर ने ऐसी 3 पत्तेदार सब्जियों के बारे में बताया है, जिनमें से एक भी अगर आप आटे में मिला लेते हैं, गो सेहत को काफी फायदा हो सकता है।

सर्दियों की शुरुआत होते ही बाजार में तरह-तरह की हरी पत्तेदार सब्जियां मिलने लगती हैं, जिन्हें डाइट में शामिल करना काफी फायदेमंद माना जाता है। लेकिन रोज-रोज इनकी सब्जी या साग बनाकर खाना भी पॉसिबल नहीं होता। ऐसे में आप इन पत्तेदार सब्जियों को आटे में मिलाकर इनकी रोटियां बना सकते हैं। जाने-माने आयुर्वेदिक एक्सपर्ट डॉ रॉबिन शर्मा ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए ऐसी ही 3 हरी पत्तेदार सब्जियों के बारे में बताया है, जिन्हें आटे में गूंथकर रोटी बनाई जा सकती हैं। डॉक्टर कहते हैं कि सर्दियों में ये रोटियां अगर आप रोजाना खाते हैं, तो पूरे परिवार की सेहत बेहतर होने में मदद मिल सकती है। आप अपनी जरूरत के हिसाब से इन तीनों में से कोई भी एक पत्तेदार सब्जी अपनी अपने आटे में मिला सकते हैं। आइए विस्तार में जानते हैं –

सर्दियों में रोटी के आटे में मिलाएं ये 3 हरी पत्तेदार सब्जियां

1) हरी मेथी के पत्ते

रोटी के आटे में आप ताजी हरी मेथी के पत्ते भी मिला सकते हैं। डॉक्टर कहते हैं कि अगर आपकी कमर और घुटनों में दर्द रहता है, तो मेथी के पत्ते वाली रोटी खाना काफी फायदेमंद हो सकता है। दरअसल सर्दियों में बढ़े हुए वात के चलते जोड़ों की चिकनाई (साइनोवियल फ्लूइड) गाढ़ा होना शुरू हो जाता है, जिसके चलते घुटने और कमर अकड़ने लगते हैं।

वहीं मेथी के पत्ते उष्ण और वात शामक होते हैं, यानी इस बढ़े हुए वात को शांत करने का काम करते हैं। साथ ही इनमें मौजूद फ्लेवोनॉइड्स सूजन बढ़ाने वाले कंपाउंड्स को भी कम करने में सहायता करते हैं। अगर आप डायबिटीज के मरीज हैं, तो भी आपके लिए मेथी खाना काफी फायदेमंद हो सकता है।

2) मोरिंगा यानी सहजन की पत्तियां

डॉ रॉबिन कहते हैं कि जिन बच्चों की इम्यूनिटी कमजोर है या जिन महिलाओं में अक्सर खून की कमी बनी रहती है, उनके लिए मोरिंगा यानी सहजन के पत्ते किसी वरदान से कम नहीं हैं। ये ऊष्ण प्रकृति के होते हैं और कफ और वात दोष को शांत करते हैं। मोरिंगा के पत्तों में पालक से डेढ़ गुना ज्यादा आयरन पाया जाता है, जो आपके पूरे परिवार का हीमोग्लोबिन बढ़ाने में सहायता करता है।

साथ ही इनमें ढेर सारा विटामिन ए भी होता है, जो बच्चों की इम्यूनिटी को बूस्ट करता है और किसी भी तरह के इन्फेक्शन से लड़ने में उनकी सहायता करता है। डॉक्टर के मुताबिक मोरिंगा जोड़ों को ताकत देने का काम भी करता है। जोड़ों के दर्द और सूजन में इसके प्रयोग से काफी फायदे देखने को मिलते हैं।

3) सर्दियों में जरूर खाएं बथुआ के पत्ते

डॉक्टर कहते हैं कि बथुआ इतने कमाल की चीज है कि इसे सर्दियों में भर-भर के खाना चाहिए। खासकर जिन लोगों को कब्ज की शिकायत रहती है, पेट अच्छे से साफ नहीं होता या फिर जिनके पेट में कीड़े हैं, उनके लिए ये बहुत ज्यादा लाभदायक है। साथ ही बथुआ में पालक से ज्यादा प्रोटीन भी पाया जाता है।

सावधानी- बथुआ में ऑक्सलेट की मात्रा काफी ज्यादा होती है। इसलिए जिन लोगों को पथरी की समस्या है, वो इसका इस्तेमाल ना ही करें तो बेहतर है।

कितनी मात्रा में और कैसे मिलाने हैं पत्ते?

आप अपनी जरूरत के हिसाब से तीनों में से कोई भी एक तरह के पत्ते अपने रेगुलर आटे में मिला सकते हैं। अगर दो कप के करीब आटा ले रहे हैं, तो उसमें मुट्ठीभर मेथी, मोरिंगा या बथुआ के पत्ते बारीक काट कर डालें। फिर थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नॉर्मल आटा गूंथ लें।

नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर मौजूद यूजर-जनरेटेड कंटेंट पर आधारित है। लाइव हिन्दुस्तान ने इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है और न ही इनका समर्थन करता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN