Home LIFESTYLE NEWS HINDI लंबे समय तक रहना चाहते हैं जवां? योग एक्सपर्ट के बताए ये...

लंबे समय तक रहना चाहते हैं जवां? योग एक्सपर्ट के बताए ये 14 रिचुअल्स आएंगे काम

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

कुछ अच्छी आदतों और योग आधारित लाइफस्टाइल से एजिंग की प्रक्रिया को धीमा करने में मदद मिल सकती है। एक्सपर्ट ने इंस्टाग्राम पर 14 रिचुअल्स के बारे में बताया है जो एजिंग की समस्या को धीमा करने में मदद कर सकते हैं। 

बढ़ती उम्र को रोकना भले ही संभव न हो, लेकिन हेल्दी लाइफस्टाइल और कुछ अच्छी आदतों की मदद से एजिंग की प्रक्रिया को धीमा करने में मदद मिल सकती है। दरअसल, उम्र बढ़ने के साथ शरीर में कई तरह के बदलाव आते हैं। त्वचा की चमक कम होने से लेकर मांसपेशियों की कमजोरी, थकान और मानसिक तनाव तक, इनका असर हमारी सेहत और व्यक्तित्व पर दिखाई देने लगता है। ऐसे में कुछ आदतें न केवल शरीर को हेल्दी रखने, बल्कि मन को शांत और एक्टिव बनाए रखने के लिए भी बेहतरीन होते हैं। इंस्टाग्राम पर योग एक्सपर्ट गरीमा सेन ने लंबे समय तक जवां और एनर्जेटिक बने रहने के लिए रोजाना अपनाए जाने वाले 14 रिचुअल्स के बारे में बताया है। जिन्हें आप भी फॉलो कर सकते हैं।

1) रोजाना योगासन

रोजाना योगासन करने से मांसपेशियां मजबूत रहती हैं और शरीर का लचीलापन और संतुलन बेहतर होता है। यह बढ़ती उम्र के साथ शारीरिक सक्रियता बनाए रखने में मदद करता है।

2) प्राणायाम

धीमी और नियंत्रित सांस लेने से तनाव कम होता है और मन को शांति मिलती है। नियमित प्राणायाम ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में भी मददगार हो सकता है।

3) रोजाना सुबह की सैर

सुबह तेज कदमों से टहलने की आदत डालें। इससे दिल की सेहत, ब्लड शुगर और दिमाग की कार्यक्षमता बेहतर रखने में मदद मिलती है।

4) अभ्यंग यानी तेल मालिश

तिल या नारियल के तेल से पारंपरिक मालिश करें। यह रूखी स्किन को नमी देती है और खुद की देखभाल को आरामदायक बनाती है।

5) जीभ की सफाई

मुंह के हाईजीन को बनाए रखने का ये एक पारंपरिक तरीका है। यह जीभ पर जमी परत को हटाने में मदद करता है।

6) रोजाना सनस्क्रीन का इस्तेमाल

धूप में निकलने से पहले SPF 30 या उससे अधिक वाला ब्रॉड-स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन लगाएं। यह त्वचा को यूवी किरणों से बचाकर समय से पहले झुर्रियां आने का खतरा कम करता है।

7) ताजा पका हुआ मौसमी खाना

अपनी डाइट में मौसमी फल, हरी सब्जियां, दालें, साबुत अनाज और प्रोटीन शामिल करें। इससे शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं और दिल की सेहत बेहतर रहती है।

8) नट्स और बीज

बादाम, अखरोट, अलसी के बीज, तिल और कद्दू के बीज खाएं। इनमें अनसैचुरेटेड फैट, फाइबर, मिनरल्स और विटामिन ई भरपूर मात्रा में होते हैं।

9) फर्मेंटेड खाने को डायट में शामिल करें

दही और पारंपरिक फर्मेंटेड खाने की चीजे शरीर को अच्छे बैक्टीरिया देते हैं और खाने में वैरायटी लाते हैं।

10) पर्याप्त पानी पिएं

दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है। इससे शरीर में पानी की कमी नहीं होती और पाचन, ब्लड सर्कुलेशन व तापमान नियंत्रित रखने में मदद मिलती है।

11) अपने खाने में आंवला शामिल करें

आंवला विटामिन सी और पौधों के लाभकारी यौगिकों से भरपूर होता है। विटामिन सी कोलेजन बनाने और शरीर को एंटीऑक्सीडेंट सुरक्षा देने में मदद करता है।

12) चेहरे की देखभाल

पारंपरिक फेस मास्क का इस्तेमाल खुद की देखभाल के एक तरीके के रूप में किया जा सकता है। स्किन के अनुकूल चीजों का ही इस्तेमाल करें, ऐसी चीजें लगाने से बचें जिनसे त्वचा में जलन हो सकती है।

13) ध्यान लगाएं

हर दिन कुछ समय ध्यान के लिए निकालें। इससे तनाव कम करने, मन को शांत रखने और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बनाने में मदद मिलती है।

14) नींद का एक नियमित रूटीन बनाएं

रोजाना 7 से 9 घंटे की पर्याप्त नींद लेने की कोशिश करें। अच्छी नींद इम्यूनिटी, दिमाग, दिल और मेटाबॉलिज्म को स्वस्थ रखने में मदद करती है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN