Home rss world hindi लड़की के साथ हरकत कर बैठा रोबोट, अब पुलिस ने लिया बड़ा...

लड़की के साथ हरकत कर बैठा रोबोट, अब पुलिस ने लिया बड़ा ऐक्शन; कहां का मामला?

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

जर्मनी के कोलोन से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां पर एक रोबोट ने 16 साल की लड़की को छुआ और जोर से धक्का भी दे दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जर्मनी के कोलोन शहर से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां पर एक रोबोट ने 16 साल की एक लड़की के साथ छेड़छाड़ की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है और संभावित यौन उत्पीड़न की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह उनके लिए बिल्कुल नया और अनजाना क्षेत्र है। घटना शनिवार रात से रविवार रात के बीच हुई। बताया गया कि एक रोबोट ने लड़की के नितंबों को छुआ और फिर उसे जोर से धक्का भी दिया। पुलिस के अनुसार, इस रोबोट को दो लड़के नियंत्रित कर रहे थे। इनमें से एक 16 साल का किशोर है, जिसे रोबोट का मालिक बताया जा रहा है, जबकि दूसरा उसका 19 साल का साथी है। दोनों ने कथित हमले का वीडियो भी बनाया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों किशोरों ने इस पूरी घटना को ऑनलाइन स्ट्रीम किया और उस पर लाइव कमेंट भी किए। यानी उन्होंने न सिर्फ वीडियो बनाया, बल्कि उसे दूसरों को भी दिखाया और उस पर बातचीत की। इस वजह से मामला और गंभीर हो गया है। कोलोन पुलिस के प्रवक्ता क्रिस्टोफ बर्मेल ने जानकारी देते हुए कहा कि दोनों किशोरों पर अभी तक कोई आरोप नहीं लगाया गया है। हालांकि, उन्हें इस मामले में संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस की जांच का मुख्य फोकस यह है कि रोबोट की हरकतें पहले से प्रोग्राम की गई थीं या दोनों लड़के उसे उसी समय रियल टाइम में कंट्रोल कर रहे थे।

बर्मेल ने आगे बताया कि हमें अब तक इस तरह की किसी घटना के बारे में पता नहीं था। यह हमारे लिए पूरी तरह नया क्षेत्र है। उन्होंने साफ किया कि पुलिस ने पहले कभी ऐसे मामले का सामना नहीं किया, जहां रोबोट के जरिए किसी के साथ छेड़छाड़ की गई हो। सोमवार को कोलोन पुलिस ने एक आधिकारिक बयान में बताया कि फास्ट-फूड रेस्टोरेंट के पास मौके पर पहुंची इमरजेंसी टीमों को एक गाड़ी की डिक्की में रोबोट मिला। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रोबोट को जब्त कर लिया। साथ ही दोनों लड़कों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, ताकि उनमें मौजूद वीडियो, चैट और अन्य सबूतों की जांच की जा सके।

फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रोबोट को किसने चलाया, उसकी प्रोग्रामिंग किसने की और दोनों किशोरों की इसमें कितनी भूमिका थी। पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन दोनों किशोरों से पूछताछ की जा रही है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN