Home rss world hindi ‘वह कुछ गलत नहीं कर सकते’ स्टारलिंक विवाद के बीच डोनाल्ड ट्रंप...

‘वह कुछ गलत नहीं कर सकते’ स्टारलिंक विवाद के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने की एलन मस्क की तारीफ

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एलन मस्क की तारीफ की है। उन्होंने दुनिया के सबसे अमीर इंसान की तारीफ करते हुए कहा कि वह एक बेहतरीन इंसान हैं। इसके अलावा वह प्रतिभावान भी हैं।

सैटेलाइट इंटरनेट प्रदाता कंपनी स्टारलिंक को लेकर बढ़ते विवाद के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एलन मस्क का बचाव किया है। उन्होंने मस्क की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि मस्क कुछ भी गलत नहीं कर सकते। दुनिया के सबसे अमीर इंसान की तारीफ करते हुए ट्रंप ने कहा कि वह न केवल एक बेहतरीन इंसान है बल्कि एक प्रतिभाशाली नागरिक भी हैं। उनके बिना स्टारलिंक जैसी चीजें कभी अस्तित्व में नहीं आतीं।

अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय द्वारा शेयर किए एक पोस्ट में डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन के मुद्दे पर आलोचना झेल रहे मस्क की तारीफ की। उन्होंने कहा, “एलन एक बहुत बेहतरीन इंसान हैं। वह कभी कुछ गलत नहीं करेंगे। मैं उन्हें बहुत अच्छी तरह से जानता हूं। वह एक निष्पक्ष इंसान हैं।” बता दें, ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब मस्क के ऊपर आरोप है कि उन्होंने जानबूझकर यूक्रेन को दी जा रही स्टारलिंक युद्ध संचार यूनिट स्टारशील्ड की सर्विस को धीमा करने का आदेश दिया था। मस्क के इस फैसले के लिए उनकी आलोचना की जा रही है एवं उन्हें जांच का सामना भी करना पड़ रहा है।

यूक्रेन में स्टारलिंक के सिस्टम में हुई गड़बड़ पर मस्क घिरे

अमेरिकी सैटेलाइट प्रदाता कंपनी स्टारलिंक पिछले काफी समय से यूक्रेन के लिए बेहद कारगर साबित हो रही है। रूस पर हमला करना हो या फिर रूस से आ रहे हमलों को नष्ट करना हो, स्टारलिंक हर मामले में यूक्रेन की मदद करता है। लेकिन मामला उस वक्त बिगड़ गया जब जेलेंस्की ने ट्रंप के उस आदेश को मानने से इनकार कर दिया, जिसमें उन्होंने रूस की रिफाइनरियों पर हमला करने से रोका था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसी दौरान स्टारलिंक की क्षमता को सीमित कर दिया गया।

15 अक्टूबर को रॉयटर्स ने रिपोर्ट दी कि अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, ‘स्टारशील्ड’ सेवाओं को सीमित करने का आदेश व्हाइट हाउस के भीतर से आया था। हालांकि, रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया कि यह आदेश किसने दिया था। वहीं, मस्क का कहना है कि ‘स्टारशील्ड’ की स्पीड या इसके इस्तेमाल पर कोई भी पाबंदी लगाने का फैसला अंततः अमेरिकी सेना और राष्ट्रपति द्वारा लिया जाता है। स्पेसएक्स का यह भी कहना है कि ‘स्टारशील्ड’ एक सरकारी नियंत्रण वाली सर्विस है, जो कमर्शियल तौर पर चलने वाले ‘स्टारलिंक’ नेटवर्क से अलग है।

एलन मस्क कैसे फंसे?

इस पूरी स्थिति के बीच अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि वाइट हाउस ने स्टारलिंक की सर्विस को धीमा करने का कोई आदेश नहीं दिया उन्होंने एलन मस्क के पाले में गेंद डालते हुए कहा कि स्पेसएक्स और यूक्रेन में स्टारलिंक की पहुंच के सारे फैसले मस्क के हाथ में ही हैं। इसके बाद, ट्रंप और मस्क के बीच बातचीत के बाद स्थिति बदलती दिखी। ‘वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए रॉयटर्स ने बताया कि ट्रंप ने मस्क को फोन किया और उनसे यूक्रेन की ‘स्टारलिंक’ तक पहुंच पर लगी पाबंदियों को हटाने के लिए कहा। इसके बाद, यह सिस्टम फिर से तेज गति से काम करने लगा, हालांकि यूक्रेनी अधिकारियों का कहना था कि यह तुरंत पूरी तरह से सामान्य नहीं हुआ था।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN