Home World News hindi वेनेजुएला में भूकंप के बाद तबाही का मंजर; मलबे में अपनों को...

वेनेजुएला में भूकंप के बाद तबाही का मंजर; मलबे में अपनों को ढूंढ रहे लोग; हजारों लापता

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

वेनेजुएला में कल भूकंप के एक के बाद एक दो शक्तिशाली झटके महसूस किए गए। पहले भूकंप की तीव्रता 7.2 रही। इससे पहले कि लोग संभल पाते, ठीक एक मिनट बाद 7.5 तीव्रता का और अधिक शक्तिशाली भूकंप आया।

वेनेजुएला में गुरुवार तड़के आए 2-2 ताकतवर भूकंप के बाद तबाही का मंजर पसरा हुआ है। हजारों लोग लापता है जिनकी खोज जारी है। घायल और परेशान लोग मलबे के ढेरों में अपनों की तलाश कर रहे हैं। वहीं सैकड़ों लोगों ने पार्क, पार्किंग और दूसरी खुली जगहों पर रात बिताई। दूसरी तरफ अब तक 188 मौतों की पुष्टि हो चुकी है और यह आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। राहत दल बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

अधिकारियों के मुताबिक बुधवार शाम आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भूकंप से कई प्रांतों में भारी नुकसान हुआ है और कई इमारतें ढह गईं। ये भूकंप एक सदी से भी अधिक समय में वेनेजुएला में आए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से हैं। अधिकारियों के मुताबिक भूकंप के बाद देशभर में हजारों लोग लापता हैं। उन्होंने बताया कि राजधानी काराकस के उत्तर में स्थित ला गुएरा के तटीय इलाके में जानमाल का सबसे ज्यादा नुकसान दर्ज किया गया है।

अपनों की तलाश में बिलख रहे लोग

उत्तरी वेनेजुएला के शहरों में इस वक्त चीख-पुकार और मातम का माहौल है। मलबे से धूल और खून से सने लोगों, बच्चों और बेजुबान जानवरों को निकाला जा रहा है। वेनेजुएला के सरकारी टीवी पर दिखाए गए वीडियो में एक जगह सीमेंट के भारी-भरकम स्लैब के नीचे एक महिला दबी हुई थी, जिसका सिर्फ एक नंगा पैर बाहर दिखाई दे रहा था। रेस्क्यू टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे जिंदा बाहर निकाला।

मलबे के पास खड़ी डायना डेलगाडो ने रोते हुए प्रशासन पर गुस्सा निकाला, “सरकार ने जिस भारी मशीनरी का वादा किया था, वो कहां है? हमारे पड़ोसी खुद हाथों से मलबा खोद रहे हैं। मेरा 8 साल का बेटा लापता है, मुझे नहीं पता वो मलबे में है या किसी शेल्टर होम में।” एक अन्य जगह पर एक मां अपने 3 और 10 साल के बच्चों के शवों को कंबल में लिपटे देख रो पड़ी।

‘ला गुएरा’ बना डिजास्टर जोन

राजधानी काराकास के उत्तर में स्थित तटीय क्षेत्र ला गुएरा इस आपदा का सबसे बड़ा शिकार बना है। एक रिटायर्ड शिक्षक जुआन अल्बर्टो ने बताया कि वे मलबे के बीच से गुजर रहे थे, जहां हर तरफ लाशें थीं। तभी उन्हें एक दबी हुई महिला दिखी जो हाथ हिलाकर मदद मांग रही थी, लेकिन संसाधन न होने के कारण वे बेबस थे। सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो में ला गुएरा में एक अस्पताल के बाहर दर्जनों लोगों का इलाज होते हुए देखा जा सकता है, इनमें से कुछ जमीन पर लेटे थे और कुछ बिस्तरों पर थे। देश का मुख्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा ला गुएरा में ही है, जो भूकंप के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर बंद हो गया है। इसके बंद होने से विदेशों से आने वाली राहत सामग्री और टीमों को लैंड कराने में भारी लॉजिस्टिक दिक्कतें आ रही हैं। वहीं मेट्रो और गैस आपूर्ति जैसी सेवाएं भी रोक दी गईं।

अब तक 188 की मौत

इस बीच वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने गुरुवार को कहा है कि भूकंप में कम से कम 188 लोगों की मौत हो गई और 1,500 से अधिक लोग घायल हो गए। इससे फलद रॉड्रिगेज ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए आपातकाल की घोषणा की थी। अधिकारियों ने बताया कि स्कूलों को कुछ दिनों के लिए बंद कर दिया गया है और कुछ स्कूल भवनों का इस्तेमाल राहत शिविरों और सहायता केंद्रों के तौर पर किया जाएगा।

मदद के लिए आगे आए कई देश

इस बीच वेनेजुएला की मदद के लिए कई देश आगे आए हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बताया है कि अमेरिका बचाव दल, चिकित्सा संसाधन और मानवीय सहायता भेज रहा है। कई अन्य देशों ने भी वेनेजुएला को सहायता देने की पेशकश की है। रॉड्रिगेज ने बताया कि कतर से बचाव दल पहले ही रवाना हो चुके हैं, जबकि मैक्सिको और अल साल्वाडोर से भी टीमें पहुंचने वाली हैं। वहीं उन्होंने हरसंभव मदद का भरोसा दिलाने के लिए भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी शुक्रिया अदा किया है।

2 भूकंपों ने मचाई तबाही

वेनेजुएला में इस तबाही का कारण ट्विन अर्थक्वेक है। यहां राजधानी कराकास से कुछ ही दूरी पर महज कुछ सेकेंड के अंदर भूकंप के दो शक्तिशाली झटके महसूस किए गए। अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, गुरुवार को आए पहले भूकंप की तीव्रता 7.2 रही और इसका केंद्र देश के कैरेबियाई तट पर स्थित मोरोन के पश्चिम में जमीन के भीतर 22 किलोमीटर की गहराई में था। यह जगह काराकस से करीब 170 किलोमीटर दूर स्थित है। वहीं ठीक एक मिनट बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप आया। इस भूकंप का केंद्र मोरोन से 16 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में जमीन के भीतर 10 किलोमीटर की गहराई में था।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN