Home LIFESTYLE NEWS HINDI शाम की भूख के लिए अमरूद-शकरकंद की चाट, मिलेगा 13 ग्राम तक...

शाम की भूख के लिए अमरूद-शकरकंद की चाट, मिलेगा 13 ग्राम तक फाइबर!

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

शाम की भूख मिटाने के लिए कुछ चटपटा और हेल्दी खाना है, तो अमरूद और शकरकंद की यह चाट ट्राई करें। खट्टे-मीठे स्वाद वाली इस रेसिपी में फाइबर और प्रोटीन भी अच्छी मात्रा में मिलता है।

शाम के समय कुछ चटपटा खाने का मन हो, तो हर बार समोसे, पकौड़े या बाहर की चाट खाने की जरूरत नहीं है। आप घर पर ही अमरूद और शकरकंद से एक मजेदार चाट बना सकते हैं। इसका स्वाद खट्टा, मीठा और तीखा होता है, जो इसे खाने में काफी मजेदार बनाता है। इस चाट में अमरूद और शकरकंद दोनों का इस्तेमाल होता है। अमरूद से फाइबर मिलता है, जबकि शकरकंद इसे अच्छा टेक्सचर और स्वाद देता है। न्यूट्रिशन कोच वंशिका खुराना के हिसाब से, इस चाट की एक सर्विंग में करीब 240 कैलोरी, 12-13 ग्राम फाइबर और 7.2 ग्राम प्रोटीन मिलता है। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।

अमरूद और शकरकंद की चाट बनाने के लिए क्या चाहिए?

अमरूद – 160 ग्राम, छोटे टुकड़ों में कटा हुआ

उबला हुआ शकरकंद – 80 ग्राम, टुकड़ों में कटा हुआ

पुदीने की ताजी पत्तियां – थोड़ी सी

हरी मिर्च – बारीक कटी हुई

हरी चटनी – 1 बड़ा चम्मच

इमली की मीठी चटनी – 2 बड़े चम्मच

कुटी हुई लाल मिर्च – 1 छोटा चम्मच

भुना जीरा पाउडर – आधा छोटा चम्मच

नमक – स्वाद के अनुसार

कुटी हुई मूंगफली – 1 छोटा चम्मच

नींबू का रस – 1 नींबू का

अमरूद और शकरकंद की चाट बनाने का तरीका

स्टेप 1

एक बड़े बाउल में कटे हुए अमरूद और उबले हुए शकरकंद के टुकड़े डालें। ध्यान रखें कि शकरकंद अच्छी तरह उबला हो, लेकिन इतना न गल जाए कि उसका आकार ही खत्म हो जाए।

स्टेप 2

इसमें बारीक कटी हुई पुदीने की पत्तियां और हरी मिर्च डालें। पुदीने से चाट में ताजगी आएगी, जबकि हरी मिर्च इसका तीखापन बढ़ाएगी। मिर्च अपने हिसाब से कम या ज्यादा रख सकते हैं।

स्टेप 3

अब बाउल में हरी चटनी और इमली की मीठी चटनी डालें। हरी चटनी से चाट में तीखा और चटपटा स्वाद आएगा, जबकि इमली की चटनी इसे हल्का खट्टा-मीठा बनाएगी।

स्टेप 4

अब इसमें कुटी हुई लाल मिर्च, भुना जीरा पाउडर और स्वाद के अनुसार नमक डालें। इसके बाद कुटी हुई मूंगफली भी मिला दें। मूंगफली से चाट में हल्का क्रंच आएगा और खाने का मजा बढ़ जाएगा।

स्टेप 5

अब एक नींबू का रस चाट में निचोड़ दें। सारी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं। मिलाते समय शकरकंद को हल्का सा मैश भी करें, ताकि चाट में एक अच्छा टेक्सचर आ जाए। बस तैयार है आपकी चटपटी अमरूद और शकरकंद की चाट।

इस चाट में कितनी कैलोरी और फाइबर मिलता है?

न्यूट्रिशन कोच वंशिका खुराना के मुताबिक, इस चाट की एक सर्विंग में करीब 240 कैलोरी होती हैं। इसमें 12-13 ग्राम फाइबर और 7.2 ग्राम प्रोटीन मिलता है। अमरूद फाइबर का अच्छा सोर्स है, वहीं शकरकंद से फाइबर और दूसरे जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं। इसलिए यह चाट स्वाद के साथ डाइट में फाइबर बढ़ाने का एक अच्छा तरीका हो सकती है।

नोट: इस रेसिपी में इमली की मीठी चटनी का इस्तेमाल किया गया है और चीनी की जगह स्टीविया से मिठास दी गई है। आप भी चटनी बनाते समय इसका ध्यान रख सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN