Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- बाजार में आई बड़ी गिरावट के कारण BSE में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप लगभग 5 लाख करोड़ रुपये घट गया
- सवाल है कि बाजार में इतनी बड़ी गिरावट क्यों आई?
भारतीय शेयर बाजार में तेजी के सिलसिले पर अब ब्रेक लग गया है। सप्ताह के तीसरे दिन यानी बुधवार को दोनों प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी करीब 1% तक टूट गए। दोपहर के कारोबार में सेंसेक्स करीब 800 अंक टूटकर 81,780 अंक के स्तर पर आ गया। वहीं, निफ्टी इंडेक्स में 200 अंकों से अधिक की गिरावट आई और यह 25,200 के नीचे ट्रेड करने लगा। बाजार में आई बड़ी गिरावट के कारण BSE में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप लगभग 5 लाख करोड़ रुपये घट गया। मतलब ये कि निवेशकों को 5 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। सवाल है कि बाजार में इतनी बड़ी गिरावट क्यों आई है? आइए बड़े फैक्टर को समझ लेते हैं।
MTF नियमों में बदलाव की आशंका
बाजार में गिरावट की एक बड़ी वजह सेबी की ओर से मार्जिन ट्रेडिंग फैसिलिटी (MTF) के नियमों में बदलाव की खबर है। सेबी चेयरमैन तुहिन कांता पांडे ने MTF की सीमा को शेयरों के फ्री फ्लोट से जोड़ने के संकेत दिए हैं। हालांकि, इस पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। बता दें कि MTF के तहत ट्रेडर्स ब्रोकर से उधार लेकर अपनी पूंजी से ज्यादा कीमत के शेयर खरीद सकते हैं। ब्रोकर इस सुविधा के बदले 9% से 18% तक ब्याज लेते हैं।
निवेशकों की मुनाफावसूली
नवंबर में अब तक सेंसेक्स और निफ्टी करीब 11% तक चढ़ चुके हैं। इतनी तेज बढ़त के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी है, जिससे बाजार पर दबाव बढ़ा। जियोजित इन्वेस्टमेंट के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वीके विजयकुमार ने कहा कि निफ्टी में तेज उछाल के बाद करेक्शन की संभावना थी।
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने से भी निवेशकों की चिंता बढ़ी है। ईरान ने मंगलवार को फारस की खाड़ी के पार बहरीन में अमेरिकी रडार केंद्र को निशाना बनाकर कई ड्रोन हमले किए। यह हाल के दिनों में बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरान का तीसरा हमला था। यह हमला ऐसे समय में किया गया है, जब अमेरिकी सेना की मध्य कमान ने इस बात की पुष्टि की कि विमानवाहक पोत ‘यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट’ क्षेत्र में पहुंच गया है। इसकी तैनाती इस बात का संकेत मानी जा रही है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ लगभग नौ महीने पहले शुरू हुए युद्ध में सभी विकल्प खुले रखे हैं।
इधर, अलजजीरा की रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान के कशम द्वीप पर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के मिसाइल लॉन्च स्थल पर हमला किया। अमेरिका ने इसे अपने सैनिकों और सैन्य ठिकानों पर ईरान के हमले के जवाब में की गई आत्मरक्षा की कार्रवाई बताया।
ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका
अमेरिका में महंगाई को लेकर चिंता बढ़ने से फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका भी मजबूत हुई है। BofA ग्लोबल रिसर्च के विश्लेषकों को भी उम्मीद है कि फेड अपनी अगली तीन बैठकों में शॉर्ट टर्म ब्याज दरें बढ़ा सकता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




