Source :- LIVE HINDUSTAN
लगातार पांचवें हफ्ते गिरावट के साथ बंद हुए भारतीय शेयर बाजार में आज यानी सोमवार, 14 सितंबर 2026 को कारोबार नहीं होगा। गणेश चतुर्थी के चलते बीएसई और एनएसई बंद रहेंगे। अब शेयर बाजार में कारोबार मंगलवार से शुरू होगा। यानी शेयर बाजार में आज पूरा दिन छुट्टी रहेगी, जबकि कमोडिटी बाजार में शाम 5 बजे से कारोबार शुरू होगा। सर्राफा बाजार की बात करें तो IBJA आज सोने-चांदी के रेट जारी नहीं करेगा। एमसीएक्स के रेट भी शाम 5 बजे पता चलेंगे। अगल-अलग शहरों या राज्यों के सर्राफा संगठन रेट जारी कर सकते हैं।
बीएसई की ओर से जारी वर्ष 2026 की छुट्टियों की पूरी लिस्ट के मुताबिक, 14 सितंबर को इक्विटी और इक्विटी डेरिवेटिव सेगमेंट में ट्रेडिंग पूरी तरह बंद रहेगी। करेंसी डेरिवेटिव्स, एनडीएस-आरएसटी और ट्राई-पार्टी रेपो सेगमेंट में भी कारोबार नहीं होगा।
कमोडिटी बाजार में शाम से कारोबार
कमोडिटी डेरिवेटिव्स और इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट (EGR) सेगमेंट में सुबह के सत्र में कारोबार बंद रहेगा। इन सेगमेंट में शाम 5 बजे से कारोबार दोबारा शुरू होगा। यानी कमोडिटी बाजार सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बंद रहेगा।
सितंबर में सिर्फ एक छुट्टी
सितंबर 2026 में शेयर बाजार की सिर्फ एक छुट्टी है और वह 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के कारण है।
इसके बाद 2026 में शेयर बाजार की छुट्टियां इस तरह रहेंगी…
2 अक्टूबर, शुक्रवार: महात्मा गांधी जयंती
20 अक्टूबर, मंगलवार: दशहरा
10 नवंबर, मंगलवार: दिवाली-बालिप्रतिपदा
24 नवंबर, मंगलवार: प्रकाश गुरुपर्व श्री गुरु नानक देव
25 दिसंबर, शुक्रवार: क्रिसमस
इस तरह अक्टूबर में दो, नवंबर में दो और दिसंबर में एक शेयर बाजार अवकाश रहेगा।
पांचवें हफ्ते भी गिरावट में रहा बाजार
इससे पहले भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों में लगातार पांचवें हफ्ते गिरावट दर्ज की गई। वैश्विक स्तर पर बने दबाव के कारण बाजार का माहौल कमजोर रहा। निफ्टी-50 करीब 2 फीसदी से ज्यादा गिरकर 23,398 अंक पर बंद हुआ, जबकि सेंसेक्स में करीब 2.27 फीसदी की गिरावट आई और यह 74,781 अंक पर बंद हुआ। कच्चे तेल की कीमत और अमेरिका की 10 साल की बॉन्ड यील्ड बाजार पर सबसे बड़ा दबाव बनाए हुए हैं।
गणपति पूजन का मुहूर्त
इस साल गणेश चतुर्थी 14 सितंबर 2026 को मनाई जा रही है। गणेश पूजा और प्रतिमा स्थापना के लिए दोपहर का समय यानी मध्याह्न काल शुभ माना जाता है। मान्यता है कि भगवान गणेश का जन्म मध्याह्न काल में हुआ था, इसलिए इसी समय मुख्य पूजा की जाती है। नई दिल्ली में 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 11:02 बजे से दोपहर 1:31 बजे तक रहेगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




