Home rss world hindi सऊदी की राजधानी रियाद पर हूतियों का बड़ा हमला, दो भारतीयों समेत...

सऊदी की राजधानी रियाद पर हूतियों का बड़ा हमला, दो भारतीयों समेत 11 लोग घायल

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

यमन के हूती लड़ाकों ने मंगलवार को सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग अब्दुल्ला वित्तीय जिले में स्थित एक ऊंचे टावर को निशाना बनाया। इस हमले में कुल 11 लोग घायल हो गए। घायलों में 2 भारतीय भी शामिल हैं।

ईरान समर्थित यमन के हूती लड़ाकों ने मंगलवार को सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग अब्दुल्ला वित्तीय जिले में एक टावर पर हमला किया। इस हमले में कुल 11 लोग घायल हो गए। घायलों में 2 भारतीय, 3 नेपाली, 2 सऊदी और 4 मिस्र के नागरिक शामिल हैं। सऊदी सिविल डिफेंस विभाग ने इसकी पुष्टि की और कहा कि यह एक आतंकवादी हमला था। अधिकारियों ने बताया कि घटना होते ही आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों की मदद की। लोगों और संपत्ति की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए गए।

सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के आधिकारिक प्रवक्ता ने भी हमले की पुष्टि की, और इस हमले को ‘कायराना आतंकवादी हमला’ बताया। प्रवक्ता ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि वित्तीय केंद्र के एक टावर को एक कायराना आतंकवादी हमले में निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी मौके पर जांच कर रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, निशाना पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड (PIF) का टावर है। यह टावर सऊदी अरब के सबसे ऊंचे टावरों में से एक है और इसमें देश के सॉवरेन वेल्थ फंड का मुख्यालय स्थित है।

बता दें कि यह हमला एक हफ्ते से भी कम समय में रियाद के वित्तीय जिले पर किया गया दूसरा हमला है। पिछले हफ्ते गुरुवार को भी हूती लड़ाकों ने इसी वित्तीय जिले में एक टावर पर हमला किया था। उस हमले में टावर की कई मंजिलों और आसपास की इमारतों को नुकसान पहुंचा था। खासकर PIF टावर को काफी क्षति हुई थी। अधिकारियों ने उस समय भी हमले की पुष्टि की थी।

वहीं, सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने इस घटना के बाद देश में रहने वाले भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे स्थानीय नियमों और कानूनों का सख्ती से पालन करें। दूतावास ने भारतीयों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

बता दें कि यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब यमन के हूतियों ने आरोप लगाया है कि सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के विमानों ने सोमवार को यमन के अल-हुदैदाह प्रांत में हवाई हमले किए। इन हमलों में 17 मजदूर मारे गए और 11 घायल हो गए। हूती पक्ष का कहना है कि हमलों में संचार केंद्र, मजदूरों के रहने की जगह और एक मस्जिद को निशाना बनाया गया।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN