Source :- LIVE HINDUSTAN
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मंगलवार को यूक्रेन को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि रूसी ईंधन और ऊर्जा सुविधाओं पर हमलों का जवाब देना जरूरी है। पुतिन का कहना है कि कीव के लगातार हमलों से रूस को कोई बड़ा नुकसान नहीं होगा।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक बार यूक्रेन को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि रूसी ईंधन और ऊर्जा सुविधाओं पर हो रहे हमलों का जवाब देना मास्को के लिए जरूरी हो गया है। पुतिन ने कहा कि कीव के लगातार हमले रूस को कोई गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा पाएंगे। सरकारी समाचार एजेंसी TASS के अनुसार, पुतिन ने ईंधन और ऊर्जा परिसर विकास रणनीति तथा पर्यावरण सुरक्षा आयोग की बैठक की शुरुआत में ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि हमारी तरफ से जवाबी कार्रवाई जरूरी है। यह बात सभी को अच्छी तरह पता होनी चाहिए।
यूक्रेन पर क्या आरोप?
पुतिन ने कीव पर आरोप लगाया कि वह रूसी तेल रिफाइनरियों और प्रसंस्करण सुविधाओं पर हमले जारी रखे हुए है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इन सुविधाओं को निशाना न बनाने की सीधी अपील की थी, लेकिन यूक्रेनी अधिकारी उस सलाह पर ध्यान नहीं दे रहे। पुतिन ने आगे कहा कि सब कुछ ऐसे चल रहा है जैसे कुछ हुआ ही न हो।
जून के हमलों का जिक्र
इस दौरान पुतिन ने जून की शुरुआत में यूक्रेन द्वारा हमलों में की गई बढ़ोतरी का भी जिक्र किया। इसे सार्वजनिक रूप से 40 दिनों की योजना के रूप में बताया गया था। उन्होंने कहा कि दुश्मन ने जून की शुरुआत में तनाव बढ़ाया और इसे 40 दिनों के लिए प्लान किया था, लेकिन इससे रूस के ऊर्जा ढांचे को कोई बड़ा नुकसान नहीं होगा। पुतिन ने जोर देकर कहा कि रूस ने अपनी तरफ से बार-बार यह बात कही है और समझता है कि ये हमले ज्यादा असर नहीं डाल पाएंगे।
ऊर्जा व्यापार पर क्या बोले पुतिन?
वहीं, रूस के ऊर्जा व्यापार और निर्यात की रणनीति पर बोलते हुए पुतिन ने कहा कि रूस अपनी ऊर्जा आपूर्ति रोकने की कोशिशों के बावजूद अपने बाजार बढ़ाएगा और भरोसेमंद साझेदारों के साथ सहयोग जारी रखेगा। उन्होंने घरेलू ईंधन आपूर्ति सुरक्षित रखने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का भी जिक्र किया। इनमें पेट्रोल, विमान ईंधन और डीजल के निर्यात पर रोक शामिल है। अमेरिका के साथ तय की गई कुछ आपूर्ति को इस रोक से छूट दी गई है।
पुतिन ने कहा कि एक आयात संबंधी व्यवस्था लागू की गई है और पेट्रोल तथा डीजल की बिक्री को नियंत्रित करने वाले नियमों में बदलाव किया गया है। उन्होंने यूरोप की उस कोशिश की भी आलोचना की, जिसमें रूस से ऊर्जा निर्यात रोकने के प्रयास जारी हैं। पुतिन ने चेतावनी दी कि ऐसे कदमों का सबसे ज्यादा नुकसान खुद यूरोपीय देशों को होगा। उन्होंने कहा कि उनके पास हमारा तेल और गैस कम होगा, लेकिन समस्याएं ज्यादा होंगी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




