Source :- Khabar Indiatv
आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले से एक दुखद मामला सामने आया है। यहां सरपंच बनने का सपना देख रहे 42 वर्षीय ऑटो रिक्शा चालक ने कथित तौर पर कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि गांव की सरपंच सीट महिलाओं के लिए आरक्षित होने की वजह से वह चुनाव नहीं लड़ सकता था। इस बात से वह काफी निराश और मानसिक रूप से परेशान था। पुलिस ने गुरुवार को घटना की जानकारी दी।
गांव के लोगों से मांगा था समर्थन
मृतक की पहचान अलागनी गिरि बाबू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, बाबू आगामी ग्राम पंचायत चुनाव में सरपंच पद के लिए चुनाव लड़ना चाहता था। इसके लिए उसने गांव के लोगों से समर्थन भी मांगा था, लेकिन उसे इसमें सफलता नहीं मिली। इसके अलावा सरपंच की सीट महिलाओं के लिए आरक्षित होने के कारण उसकी उम्मीदवारी भी संभव नहीं थी।
2-3 दिन से परेशान था ऑटो चालक
पुलिस अधिकारी ने मृतक की पत्नी ए. गिरिजा के बयान के हवाले से बताया कि चुनाव को लेकर निराश होने के बाद बाबू मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था। वह पिछले दो-तीन दिनों से बेहद दुखी था। इसी बीच 18 नवंबर को बाबू के भाई ने फोन कर गिरिजा को सूचना दी कि उनके पति ने कीटनाशक पी लिया है और वे पाकाला मंडल में दमालाचेरुवु-मोगरलापल्ली सड़क पर रेलवे अंडरब्रिज के पास पड़े हैं।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
कीटनाशक पीने की जानकारी मिलते ही बाबू को तत्काल सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारी के अनुसार, चुनाव में उम्मीदवारी को लेकर मिली निराशा के कारण उसने यह कदम उठाया।
इस बीच, पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। यह धारा आत्महत्या और संदिग्ध मौतों के मामलों में पुलिस जांच और रिपोर्ट से संबंधित है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने ग्राम पंचायत चुनाव से जुड़ी उम्मीदों और एक परिवार पर टूटे दुख के बीच एक गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है।
वहीं, एक अन्य मामले में राजस्थान के झुंझुनूं में पंचायत चुनाव के दौरान चुनावी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। झगड़े में गंभीर रूप से घायल पूर्व सरपंच की मौत हो गई और करीब 7 लोग घायल हो गए।
(इनपुट- PTI)
यह भी पढ़ें-
SOURCE : - KHABAR INDIA NEWS




