Home LIFESTYLE NEWS HINDI सिर्फ जूस ही नहीं! जूसर से निपटाएं किचन के ये 4 बड़े...

सिर्फ जूस ही नहीं! जूसर से निपटाएं किचन के ये 4 बड़े काम, जानकर कहेंगे- पहले क्यों नहीं बताया

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

जूसर से ज्यादातर लोग जूस ही निकालते हैं लेकिन क्या आप जानते हैं जूस निकालने के अलावा भी इससे आप कई काम ले सकते हैं। जी हां, किचन के कुछ कामों को आसान करने के लिए जूसर का यूज कर सकते हैं। चलिए इससे जुड़े हैक्स जानते हैं।

हर किचन में मिक्सर-जूसर होता ही है और इससे मसाला पीसना हो या फिर फल-सब्जियों का जूस आसानी से निकल आता है। ज्यादातर लोगों को यही पता है कि जूसर सिर्फ जूस निकालने के काम आता है और सब इसका यही इस्तेमाल करते हैं। कम ही लोग जानते हैं कि जूसर का इस्तेमाल आप किचन के कई कामों में कर सकते हैं। आपका जूसर रसोई के कुछ कामों को झटपट निपटा सकता है। अगर आप भी जूसर के बारे में कुछ कमाल हैक्स नहीं जानते हैं, तो इस आर्टिकल को आखिर तक पढ़ें। हम आपको जूसर से जुड़े 4 कमाल के हैक्स बताने जा रहे हैं।

1. पेस्ट-प्यूरी बन जाती है झटपट

जूसर में ऐसे ब्लेड लगे होते हैं, जो फलों को छिलके सहित पीसकर जूस निकाल देते हैं। उसके ब्लेड काफी शार्प होते हैं, ऐसे में आप इसका इस्तेमाल टमाटर की प्यूरी या फिर कोई पेस्ट बनाने में कर सकती हैं। टमाटर को सिर्फ 4 टुकड़ों में काट लीजिए और जूसर में डाल दीजिए। एकदम फाइन प्यूरी बनकर रेडी हो जाएगी। इसके अलावा अदरक-लहसुन का पेस्ट भी इसमें आसानी से बना सकते हैं।

2. नारियल की चटनी और दूध बन जाएगा

अगर आप साउथ इंडियन डिशेज बनाती हैं, तो उसमें नारियल की चटनी और नारियल के दूध की जरूरत अक्सर पड़ती है। नारियल की चटनी बनानी हो तो जूसर को लाइट मोड पर चलाकर नारियल को दरदरा पीस लें। इसमें जरूरत के हिसाब से हरी मिर्च, धनिया और थोड़ा पानी डालकर चटनी को आसानी से तैयार किया जा सकता है। वहीं, अगर नारियल के दूध की जरूरत है, तो कच्चे नारियल के छोटे-छोटे टुकड़े करिए और उसमें पानी डालकर जूसर को हाई मोड पर चलाएं। इसे अच्छी तरह पीसने के बाद मिश्रण को छान लें। बस, बिना ज्यादा मेहनत के घर पर ताजा नारियल का दूध तैयार हो जाएगा।

3. टोमैटो सूप करें तैयार

टमाटर और चुकंदर के टुकड़ों को जूसर में डाल दीजिए और महीन प्यूरी की तरह पीस लीजिए। फिर कड़ाही में मसालों के साथ इसे थोड़ा पानी डालकर अच्छी तरह पका लें। स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें थोड़ा काली मिर्च और नमक भी मिला सकते हैं। कुछ ही मिनटों में गरमा-गरम, गाढ़ा और स्वादिष्ट इंस्टेंट टोमैटो सूप बनकर तैयार हो जाएगा। इसे बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगेगी और जूसर की मदद से सूप का बेस भी झटपट तैयार हो जाएगा।

4. पालक का पेस्ट

पालक पनीर बनाने के लिए पालक को ग्राइंड करना पड़ता है लेकिन मिक्सर में कई बार ये सही से नहीं हो पाता। ऐसे में आप जूसर का इस्तेमाल करें। जूसर में पालक का पेस्ट आसानी से बन जाएगा और इसमें रेशे नहीं मिलेंगे। आप पालक को उबालकर पेस्ट बना सकते हैं या फिर ऐसे ही पीस लें। पालक पीसते समय जरा सा पानी ही जूसर में डालना है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN