Source :- LIVE HINDUSTAN
फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छार के सिर पर टांकों की लंबी लाइन दिखाने वाली तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। लोग उनकी बहादुरी की तारीफ कर रहे हैं और उन्हें सलाम कर रहे हैं।
फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छार के सिर पर टांकों की लंबी लाइन दिखाने वाली तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों को देखकर लोग उनकी बहादुरी की तारीफ कर रहे हैं और उन्हें सलाम कर रहे हैं। ये तस्वीरें पिछले महीने दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में हुई घटना के बाद सामने आई हैं। उस फ्लाइट में 170 से ज्यादा यात्री सवार थे। स्मित मच्छार को इस घटना में फ्लाइट और यात्रियों को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
UAE ने पायलट और पूरे क्रू को सम्मानित किया
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने स्मित मच्छार और उनके साथी क्रू सदस्यों को फर्स्ट क्लास ऑर्डर ऑफ जायद II से सम्मानित किया है। यह UAE का एक बड़ा और सम्मानजनक नागरिक पुरस्कार है। दुबई मीडिया ऑफिस के मुताबिक, दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने यह सम्मान प्रदान किया। उन्होंने क्रू की जिम्मेदारी, साहस और पेशेवर रवैये की जमकर तारीफ की।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी स्मित मच्छार की प्रशंसा की थी। उन्होंने उन्हें 170 से ज्यादा लोगों की जान बचाने में मदद करने वाला ‘सच्चा हीरो’ बताया था। गुजरात सरकार ने उन्हें विशिष्ट गुजरात गरिमा अवॉर्ड दिया है। इजराइल ने भी नागरिक बहादुरी के लिए प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड देने का प्रस्ताव रखा है।
दुबई-तेल अवीव फ्लाइट में क्या हुआ था?
घटना 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हुई। फ्लाइट दुबई से तेल अवीव जा रही थी और उसमें 170 से ज्यादा यात्री सवार थे। स्मित मच्छार पर उनके को-पायलट ने कॉकपिट क्रैश एक्स से हमला कर दिया। इससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी, जिसे कंपाउंड डिप्रेस्ड स्कल फ्रैक्चर बताया गया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित मच्छार कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे। इससे अन्य क्रू सदस्य और यात्री अंदर आकर को-पायलट पर काबू पा सके। इस दौरान विमान 30 सेकंड से भी कम समय में लगभग 14000 फीट नीचे गिर गया।
विमान को सुरक्षित उतारा गया
इसके बाद फ्लाईदुबई के दो अन्य पायलटों ने विमान का नियंत्रण संभाला और उसे सऊदी अरब के ताबुक में सुरक्षित लैंड कराया। स्मित मच्छार का पहले ताबुक के अस्पताल में इलाज हुआ, उसके बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए अबू धाबी ले जाया गया। लोगों का कहना है कि गंभीर चोट के बावजूद स्मित मच्छार ने अपनी ड्यूटी निभाई और यात्रियों की जान बचाने में मदद की। उनकी तस्वीरें देखकर सोशल मीडिया पर उनकी बहादुरी की जमकर तारीफ हो रही है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



