Home rss business hindi सोना-चांदी में ट्रेडिंग करने वालों को झटका! SEBI ने बदले ये मार्जिन...

सोना-चांदी में ट्रेडिंग करने वालों को झटका! SEBI ने बदले ये मार्जिन नियम

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • SEBI के नए कमोडिटी डेरिवेटिव्स मार्जिन रूल्स 1 दिसंबर 2026 से लागू होंगे
  • नए नियमों के तहत कमोडिटी की वोलेटिलिटी के आधार पर 6%, 8% और 10% न्यूनतम इनिशियल मार्जिन रखना होगा
  • आइए जानते हैं कि सोना-चांदी की ट्रेडिंग करने वालों को अब कितनी पूंजी की जरूरत होगी?

SEBI New Margin Rules: अगर आप सोने और चांदी में ट्रेडिंग करते हैं, तो 1 दिसंबर 2026 की तारीख आपके लिए बेहद अहम होने वाली है। बाजार नियामक SEBI (Securities and Exchange Board of India) कमोडिटी डेरिवेटिव्स में ट्रेडिंग के लिए मार्जिन के नियमों में बदलाव करने जा रहा है। नए नियम लागू होने के बाद ट्रेडर्स को अपनी पोजीशन के लिए पहले के मुकाबले ज्यादा रकम बतौर मार्जिन रखनी पड़ सकती है। हालांकि, इसका असर इस बात पर निर्भर करेगा कि आप किस कमोडिटी में ट्रेडिंग कर रहे हैं और उसकी कीमतों में कितना उतार-चढ़ाव रहता है।

SEBI ने कमोडिटी को उनकी कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव यानी वोलेटिलिटी (Volatility) के आधार पर 3 कैटेगिरी में बांटा है। इसके तहत कम उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटी के लिए कम से कम 6%, मध्यम उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटी के लिए 8% और ज्यादा उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटी के लिए 10% इनिशियल मार्जिन रखना होगा।

इस बदलाव का असर सोना, चांदी समेत एग्रीकल्चर और नॉन-एग्रीकल्चर कमोडिटी डेरिवेटिव्स में कारोबार करने वालों पर पड़ेगा। ऐसे में ट्रेडिंग शुरू करने से पहले नए नियमों को समझना जरूरी है। आइए जानते हैं कि SEBI के इस फैसले से आपकी जेब और ट्रेडिंग की रणनीति पर क्या असर पड़ सकता है।

1 दिसंबर से कितना मार्जिन रखना होगा?

SEBI ने 17 नवंबर 2026 को जारी सर्कुलर में कमोडिटी डेरिवेटिव्स के लिए नया मार्जिन फ्रेमवर्क निर्धारित किया है। इसके तहत अब कमोडिटी की वोलिटिलिटी (Volatility) के हिसाब से न्यूनतम इनिशियल मार्जिन (Initial Margin) तय किया जाएगा।

नए नियमों के मुताबिक मार्जिन की व्यवस्था इस प्रकार होगी:

यहां ध्यान देने वाली बात है कि मार्जिन की दर इस बात पर निर्भर करेगी कि संबंधित कमोडिटी किस Volatility कैटेगरी में आती है। यानी एग्रीकल्चर और नॉन-एग्रीकल्चर कमोडिटी के लिए अलग-अलग नियम नहीं बनाए गए हैं। इस फ्रेमवर्क में शामिल न्यूनतम मार्जिन की शर्तें एक साल तक लागू रहेंगी। इसके बाद SEBI अलग सर्कुलर जारी करके इसकी अवधि बढ़ा सकता है।

सोने-चांदी की ट्रेडिंग में कितना पैसा रखना होगा?

नए नियमों का असर समझने के लिए एक उदाहरण लेते हैं। मान लीजिए आप कमोडिटी डेरिवेटिव्स में 1 लाख रुपये की पोजीशन लेते हैं। अब आपकी कमोडिटी किस Volatility कैटेगरी में आती है, उसी आधार पर आपको न्यूनतम मार्जिन जमा करना होगा।

  • 6% मार्जिन: 1 लाख रुपये की पोजीशन पर कम से कम 6,000 रुपये रखने होंगे।
  • 8% मार्जिन: इतनी ही पोजीशन पर 8,000 रुपये की जरूरत होगी।
  • 10% मार्जिन: ट्रेडिंग के लिए कम से कम 10,000 रुपये रखने होंगे।

इस तरह अगर आपकी कमोडिटी हाई वोलैटिलिटी कैटेगरी में आती है, तो कम वोलैटिलिटी वाली कमोडिटी के मुकाबले ज्यादा रकम बतौर मार्जिन रखनी होगी। हालांकि, यहां एक बात समझना जरूरी है। SEBI ने जो 6%, 8% और 10% की दरें तय की हैं, वे न्यूनतम नियामकीय सीमाएं हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि हर ट्रेडर को केवल इतनी ही रकम जमा करनी होगी। एक्सचेंज, क्लियरिंग कॉरपोरेशन और ब्रोकर बाजार की स्थिति और संबंधित कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर अतिरिक्त मार्जिन भी मांग सकते हैं।

क्या है Initial Margin और ट्रेडर्स पर इसका क्या असर होगा?

इनिशियल मार्जिन (Initial Margin) वह शुरुआती रकम होती है, जिसे किसी ट्रेडर को कमोडिटी फ्यूचर या डेरिवेटिव्स में पोजीशन लेने या उसे बनाए रखने के लिए जमा करना पड़ता है। इसे एक तरह की सुरक्षा राशि समझ सकते हैं। बाजार में कीमतें अचानक बदलने पर ट्रेडर को नुकसान हो सकता है। ऐसे में यह मार्जिन संभावित नुकसान के मुकाबले वित्तीय सुरक्षा उपलब्ध कराने में मदद करता है। SEBI के नए नियमों के बाद ट्रेडर्स को अपनी पोजीशन के लिए कमोडिटी की Volatility के अनुसार न्यूनतम पूंजी रखनी होगी।

इसका मतलब है कि ट्रेडिंग करने वालों को अब केवल मुनाफे की संभावना देखकर पोजीशन नहीं बनानी चाहिए, बल्कि यह भी देखना होगा कि उनके पास जरूरी मार्जिन और अतिरिक्त रकम उपलब्ध है या नहीं।

क्या होता है Margin Period of Risk (MPOR)?

SEBI के नए नियमों में Initial Margin के साथ Margin Period of Risk यानी MPOR को भी महत्वपूर्ण बनाया गया है। MPOR का मतलब उस संभावित अवधि से है, जिसके दौरान किसी ट्रेडर के डिफॉल्ट करने के बाद उसकी पोजीशन को बंद करने या उसका जोखिम कम करने में बाजार के उतार-चढ़ाव का असर पड़ सकता है।

नए नियमों के तहत कम और मध्यम Volatility वाली कमोडिटी के लिए न्यूनतम MPOR दो दिन रखा गया है। वहीं, ज्यादा उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटी के लिए इसे तीन दिन निर्धारित किया गया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बाजार में अचानक तेज हलचल होने या किसी ट्रेडर के डिफॉल्ट करने की स्थिति में क्लियरिंग सिस्टम के पास जोखिम को संभालने के लिए पर्याप्त समय और सुरक्षा हो।

क्या 10% मार्जिन रखने पर नुकसान भी सीमित हो जाएगा?

यह बात ट्रेडर्स को खासतौर पर समझनी चाहिए कि ज्यादा मार्जिन जमा करने का मतलब यह नहीं है कि आपका संभावित नुकसान भी सीमित हो जाएगा। मान लीजिए आपने 1 लाख रुपये की कमोडिटी पोजीशन ली है और बाजार आपके विपरीत दिशा में 2% चला जाता है। ऐसे में आपको 2,000 रुपये का नुकसान होगा। अब अगर आपने 6% के हिसाब से 6,000 रुपये मार्जिन जमा किया है, तो यह नुकसान आपकी जमा रकम का करीब 33% होगा।

वहीं, 10% के हिसाब से 10,000 रुपये मार्जिन जमा करने पर यही नुकसान आपकी जमा रकम का 20% होगा। लेकिन, दोनों ही परिस्थितियों में वास्तविक नुकसान 2,000 रुपये ही रहेगा, यानी Initial Margin आपकी ट्रेडिंग पोजीशन के लिए जरूरी सुरक्षा राशि है, न कि नुकसान की अधिकतम सीमा। बाजार में कीमतें ज्यादा विपरीत दिशा में जाने पर जमा मार्जिन से भी अधिक नुकसान हो सकता है। इसके अलावा अतिरिक्त मार्जिन और ट्रांजैक्शन कॉस्ट का असर भी पड़ सकता है।

क्या Gold ETF में निवेश करने वालों पर भी लागू होंगे नए नियम?

SEBI के नए मार्जिन नियमों को लेकर गोल्ड में निवेश करने वालों के मन में एक सवाल यह भी है कि क्या इसका असर Gold ETF में पैसा लगाने वालों पर पड़ेगा?

इसका जवाब है- सामान्य तौर पर नहीं।

दरअसल, Gold ETF में निवेश करना और कमोडिटी डेरिवेटिव्स में ट्रेडिंग करना दोनों अलग-अलग चीजें हैं। जब कोई निवेशक Gold ETF की यूनिट खरीदता है या SIP के जरिए निवेश करता है, तो वह ETF में हिस्सेदारी खरीद रहा होता है। दूसरी तरफ कमोडिटी फ्यूचर और ऑप्शंस में ट्रेडिंग के लिए मार्जिन की जरूरत होती है। SEBI का नया फ्रेमवर्क इसी डेरिवेटिव्स कारोबार पर लागू होगा। इसलिए Gold ETF में सामान्य तरीके से निवेश करने वालों को इस नियम के कारण अलग से 6%, 8% या 10% मार्जिन जमा करने की जरूरत नहीं होगी।

कब से लागू होंगे SEBI के नए मार्जिन नियम?

SEBI का संशोधित कमोडिटी डेरिवेटिव्स मार्जिन फ्रेमवर्क 1 दिसंबर 2026 से लागू होगा। नियामक ने मान्यता प्राप्त क्लियरिंग कॉरपोरेशन को नए नियमों के मुताबिक जरूरी बदलाव करने और बाजार के सभी संबंधित प्रतिभागियों को इसकी जानकारी देने का निर्देश दिया है। ऐसे में सोना, चांदी या दूसरी कमोडिटी में ट्रेडिंग करने वाले निवेशकों को अपनी पोजीशन बनाने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए।

  • संबंधित कमोडिटी की वोलेटिलिटी कैटेगरी जांचें।
  • उस कमोडिटी पर लागू न्यूनतम इनिशियल मार्जिन की जानकारी लें।
  • अपने ब्रोकर से अतिरिक्त मार्जिन की जरूरत के बारे में पूछें।
  • पोजीशन लेने के बाद संभावित नुकसान और अतिरिक्त पूंजी की जरूरत को समझें।

कुल मिलाकर SEBI का नया फैसला कमोडिटी डेरिवेटिव्स में जोखिम प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है। हालांकि, ट्रेडर्स के लिए इसका मतलब यह है कि अब पोजीशन लेने से पहले पूंजी की जरूरत का हिसाब लगाना और भी जरूरी होगा। खासकर सोना-चांदी जैसी कमोडिटी में कारोबार करने वालों को 1 दिसंबर से पहले अपने ब्रोकर के मार्जिन नियमों की जानकारी जरूर ले लेनी चाहिए।

डिस्क्लेमर:- यह स्टोरी SEBI के बताए गए नियामकीय बदलावों की जानकारी देने के उद्देश्य से है। वास्तविक मार्जिन संबंधित कॉन्ट्रैक्ट, एक्सचेंज और ब्रोकर की शर्तों के अनुसार अलग हो सकता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN