Home rss business hindi 8th Pay Commission: कर्मचारियों के एरियर पर बड़ा झटका? ₹3.40 लाख की...

8th Pay Commission: कर्मचारियों के एरियर पर बड़ा झटका? ₹3.40 लाख की रकम घटकर ₹1.50 लाख होने का अनुमान

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • 8वें वेतन आयोग में केंद्रीय कर्मचारियों का औसत एरियर ₹3.4 लाख से घटकर ₹1.5 लाख रह सकता है
  • JPMorgan की रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी 2026 के बजाय जनवरी 2027 से लागू होने पर एरियर में 55% तक कटौती का अनुमान है
  • आइए इसका पूरा कैलकुलेशन समझते हैं

8th Pay Commission Arrears: केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को 8वें वेतन आयोग से सैलरी और पेंशन में बढ़ोतरी के साथ मोटे एरियर (Arrears) की भी उम्मीद है। लेकिन, इस उम्मीद पर एक तारीख भारी पड़ सकती है। अगर सरकार ने 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों को 1 जनवरी 2026 के बजाय 1 जनवरी 2027 से लागू किया, तो कर्मचारियों को मिलने वाले एरियर में 55% तक की कटौती हो सकती है। ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म JPMorgan की एक रिपोर्ट में यह अनुमान लगाया गया है।

JPMorgan के मुताबिक, अगर नया वेतनमान 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होता है और कर्मचारियों को बढ़ी हुई सैलरी नवंबर 2027 से मिलनी शुरू होती है, तो औसतन एक लाभार्थी को करीब 3.4 लाख रुपये का एरियर मिल सकता है। लेकिन, प्रभावी तारीख जनवरी 2027 होने पर यह रकम घटकर करीब 1.5 लाख रुपये रह सकती है, यानी सिर्फ एक साल की देरी से कर्मचारियों के हाथ में आने वाली एरियर की रकम आधे से भी कम हो सकती है।

हालांकि, यह सरकार का आधिकारिक फैसला नहीं, बल्कि JPMorgan का अनुमान है। आइए समझते हैं कि 8वें वेतन आयोग में एरियर का पूरा गणित क्या है और कर्मचारियों की जेब पर इसका कितना असर पड़ सकता है।

8वें वेतन आयोग में एरियर पर क्या है JPMorgan का अनुमान?

JPMorgan ने 26 नवंबर को जारी अपनी India Equity Strategy Outlook 2027 रिपोर्ट में 8वें वेतन आयोग के संभावित खर्च और एरियर का आकलन किया है। ब्रोकरेज के मुताबिक, एरियर की रकम इस बात पर निर्भर करेगी कि सरकार नए वेतनमान को किस तारीख से प्रभावी मानती है। रिपोर्ट में दो संभावित स्थितियों का जिक्र किया गया है।

पहली स्थिति:- अगर 1 जनवरी 2026 से लागू हुआ नया वेतनमान

  • नए वेतनमान की प्रभावी तारीख 1 जनवरी 2026 होगी।
  • बढ़ी हुई सैलरी का भुगतान नवंबर 2027 से शुरू होने का अनुमान है।
  • जनवरी 2026 से अक्टूबर 2027 तक कुल 22 महीने का एरियर बनेगा।
  • कुल एरियर का अनुमान करीब 4 लाख करोड़ रुपये है।
  • प्रति लाभार्थी औसत एरियर करीब 3.4 लाख रुपये हो सकता है।

दूसरी स्थिति: अगर 1 जनवरी 2027 से लागू हुआ नया वेतनमान

  • नए वेतनमान की प्रभावी तारीख एक साल आगे खिसक जाएगी।
  • कर्मचारियों को बढ़ी हुई सैलरी नवंबर 2027 से मिलने का अनुमान है।
  • जनवरी से अक्टूबर 2027 तक करीब 10 महीने का एरियर बनेगा।
  • कुल एरियर की रकम घटकर करीब 1.8 लाख करोड़ रुपये रह सकती है।
  • प्रति लाभार्थी औसत एरियर करीब 1.5 लाख रुपये रह सकता है।

JPMorgan ने जनवरी 2027 वाली स्थिति में प्रति कर्मचारी एरियर का अलग आंकड़ा नहीं दिया है। हालांकि, कुल एरियर में करीब 55% की गिरावट के आधार पर 3.4 लाख रुपये के औसत एरियर को घटाकर करीब 1.5 लाख रुपये आंका गया है।

एक तारीख बदलने से कैसे घट जाएगा 55% एरियर?

इसे समझने के लिए एरियर का गणित जानना जरूरी है। दरअसल, जब किसी वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने की तारीख और कर्मचारियों को बढ़ी हुई सैलरी मिलने की तारीख अलग-अलग होती हैं, तो इस बीच के महीनों का बकाया एरियर के रूप में दिया जाता है।

उदाहरण के लिए अगर 8वें वेतन आयोग का नया वेतनमान 1 जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाता है, लेकिन बढ़ी हुई सैलरी नवंबर 2027 से मिलती है, तो जनवरी 2026 से अक्टूबर 2027 तक का अंतर कर्मचारियों को एरियर के रूप में देना होगा, लेकिन अगर सरकार प्रभावी तारीख 1 जनवरी 2027 तय करती है, तो एरियर की गणना जनवरी से अक्टूबर 2027 तक ही होगी। इस तरह बकाया भुगतान के महीने 22 से घटकर 10 रह जाएंगे। इसी वजह से कुल एरियर का अनुमान 4 लाख करोड़ रुपये से घटकर 1.8 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।

क्या हर महीने बढ़ने वाली सैलरी भी कम हो जाएगी?

यहां कर्मचारियों के लिए एक अहम बात समझना जरूरी है। JPMorgan के अनुमान के मुताबिक, प्रभावी तारीख जनवरी 2026 हो या जनवरी 2027, हर महीने मिलने वाली अतिरिक्त सैलरी में कोई बदलाव नहीं होगा। ब्रोकरेज ने औसतन प्रति लाभार्थी करीब 15,400 रुपये मासिक वेतन बढ़ोतरी का अनुमान लगाया है। इससे सरकार पर सालाना करीब 2.2 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ सकता है, यानी तारीख बदलने से हर महीने मिलने वाली बढ़ी हुई सैलरी कम नहीं होगी। इसका सीधा असर सिर्फ एकमुश्त मिलने वाले एरियर की रकम पर पड़ेगा।

क्या जनवरी 2026 से ही लागू होगा 8वां वेतन आयोग?

केंद्रीय कर्मचारियों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि 8वें वेतन आयोग की प्रभावी तारीख क्या होगी? कर्मचारी संगठनों का कहना है कि नया वेतनमान 1 जनवरी 2026 से ही लागू किया जाना चाहिए। नेशनल काउंसिल (JCM) के स्टाफ साइड के सचिव शिव गोपाल मिश्रा भी पहले स्पष्ट कर चुके हैं कि कर्मचारियों को जनवरी 2026 से ही एरियर मिलना चाहिए। उनका मानना है कि 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें पिछली तारीख से लागू की जानी चाहिए।

कर्मचारी संगठनों ने 8वें वेतन आयोग के लिए 3.83 फिटमेंट फैक्टर की मांग भी रखी है। दूसरी तरफ JPMorgan ने अपने अनुमान में करीब 1.83 फिटमेंट फैक्टर को आधार बनाया है। यह अंतर भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि फिटमेंट फैक्टर के आधार पर ही कर्मचारियों की नई बेसिक सैलरी तय करने का गणित तैयार होता है।

क्या सरकार एरियर की रकम में कर सकती है और कटौती?

JPMorgan की रिपोर्ट में एक और महत्वपूर्ण पहलू सामने आया है। ब्रोकरेज का मानना है कि सरकार एरियर की गणना करते समय भत्तों (Allowances) को शामिल नहीं करने का विकल्प भी चुन सकती है। पिछले वेतन आयोगों में भी भत्तों के एरियर का भुगतान नहीं किया गया था। अगर इस बार भी ऐसा होता है, तो जनवरी 2026 से प्रभावी तारीख मानने के बावजूद कुल एरियर की रकम करीब 4 लाख करोड़ रुपये से घटकर लगभग 3 लाख करोड़ रुपये रह सकती है, यानी एरियर पर सिर्फ प्रभावी तारीख का ही नहीं, बल्कि भत्तों को शामिल करने या नहीं करने का भी असर पड़ेगा।

कर्मचारियों को एक साथ मिलेगा एरियर या किस्तों में होगा भुगतान?

एरियर की कुल रकम के अलावा यह भी महत्वपूर्ण है कि सरकार इसका भुगतान किस तरह करती है। JPMorgan ने अपने बेस केस में अनुमान लगाया है कि सरकार एरियर की रकम को वित्त वर्ष 2028 और 2029 के बीच 40:60 के अनुपात में बांट सकती है। यह अनुमान छठे वेतन आयोग के दौरान अपनाए गए भुगतान पैटर्न पर आधारित है।हालांकि, 7वें वेतन आयोग के समय सरकार ने एरियर का भुगतान एकमुश्त किया था। अगर इस बार भी सरकार पूरा एरियर एक साथ देने का फैसला करती है, तो वित्त वर्ष 2028 में सरकारी खर्च काफी बढ़ सकता है।

कब साफ होगी एरियर की तारीख को लेकर तस्वीर?

JPMorgan ने तीन महत्वपूर्ण पड़ावों की ओर इशारा किया है, जिनसे 8वें वेतन आयोग के एरियर को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

1- फरवरी 2027 का बजट:- केंद्रीय बजट में वेतन आयोग से जुड़े संभावित वित्तीय प्रावधानों पर नजर रहेगी।

2- मई 2027 में आयोग की रिपोर्ट:- आयोग को अपनी सिफारिशें सौंपने के लिए मई 2027 तक का समय दिया गया है।

3- सरकार का अंतिम फैसला:- सिफारिशों पर विचार करने के बाद सरकार तय करेगी कि नया वेतनमान किस तारीख से लागू होगा और एरियर का भुगतान कैसे किया जाएगा।

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 3 नवंबर 2025 को पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज जस्टिस (रिटायर्ड) रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में 8वें वेतन आयोग का गठन किया था। आयोग को अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है।

कर्मचारियों के लिए क्या है इसका मतलब?

8वें वेतन आयोग से केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को अच्छी-खासी बढ़ोतरी की उम्मीद है। लेकिन JPMorgan की रिपोर्ट बताती है कि एरियर की रकम तय करने में प्रभावी तारीख सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

अगर जनवरी 2026 से नया वेतनमान लागू होता है, तो कर्मचारियों को ज्यादा महीनों का एरियर मिल सकता है। वहीं, जनवरी 2027 की तारीख तय होने पर यह रकम काफी घट सकती है। फिलहाल, सरकार ने 8वें वेतन आयोग की अंतिम प्रभावी तारीख और एरियर भुगतान को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। इसलिए कर्मचारियों को JPMorgan के इन आंकड़ों को संभावित अनुमान के तौर पर ही देखना चाहिए। अंतिम तस्वीर आयोग की सिफारिशों और सरकार के फैसले के बाद ही साफ होगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN