Home Latest news ताज़ा खबर सोनिया गांधी के दावे पर अन्ना हजारे का जवाब, बोले- ‘कांग्रेस-BJP से...

सोनिया गांधी के दावे पर अन्ना हजारे का जवाब, बोले- ‘कांग्रेस-BJP से मेरे कोई ताल्लुकात नहीं’, दे डाली ये नसीहत

3
0

Source :- INDIATV NEWS

अहिल्यानगरः वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने बुधवार को कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के उन दावों का जवाब दिया, जिनमें कहा गया था कि 2011 में उनके ‘इंडिया अगेंस्ट करप्शन’ आंदोलन को “बीजेपी और आरएसएस का गुप्त समर्थन” प्राप्त था। सोनिया गांधी की किताब में अन्ना हजारे के आंदोलन पर की गई टिप्पणी पर अन्ना हजारे ने पलटवार किया है। सोनिया गांधी का नाम लिए बिना उन्होंने जोरदार निशाना साधा और कहा कि मेरे आंदोलन से RSS और BJP के भी कई लोग घर चले गए थे। मैं किसी पार्टी या राजनीतिक दल के बारे में नहीं सोचता, बल्कि मेरे सामने सिर्फ समाज और देश है।

अन्ना हजारे ने कहा कि आप संकुचित दृष्टिकोण से काम कर रहे हैं, यह उचित नहीं है। देश के बारे में सोचिए। आज देश किस दिशा में जा रहा है और विशाल भारत की क्या स्थिति है, इस पर विचार करने की जरूरत है। कांग्रेस हो या बीजेपी मेरा किसी भी पार्टी से कोई संबंध नहीं है। मैं केवल समाज और देश के हित की बात करता हूं। उन्होंने आगे कहा कि अकाल पड़ा है, आपके पास पैसों की कमी नहीं है। इसलिए ऐसे मुद्दों पर विचार कीजिए और समाज के लिए काम कीजिए। मेरी आलोचना करने के बजाय देश और समाज के सामने खड़ी समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।

अन्ना हजारे ने दिया ये उदाहरण

अन्ना हजारे ने अपनी आने वाली किताब ‘अण्णा हजारे ग्रामयोगी’ का जिक्र करते हुए कहा कि यह पुस्तक भी पढ़नी चाहिए। इससे आपको सीख मिलेगी। मेरे बारे में कोई क्या लिखता है, मैं इसकी चिंता नहीं करता। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, ‘जिस पेड़ पर फल लगते हैं, लोग उसी पेड़ पर पत्थर मारते हैं। जिस पेड़ पर फल ही नहीं होते, उस पर कोई पत्थर क्यों मारेगा?’ इस बयान के जरिए अन्ना हजारे ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी राजनीतिक दल का समर्थन या विरोध करना नहीं, बल्कि देश और समाज के हित में आवाज उठाना है।

यहां देखें वीडियो

किताब में किया गया है ये दावा

बता दें कि कांग्रेस संसदीय दल (CPP) की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी किताब में दावा किया है कि 2012 में सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के नेतृत्व में चलाए गए ‘इंडिया अगेंस्ट करप्शन’ (भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत) आंदोलन को “बीजेपी और आरएसएस ने गुप्त रूप से आयोजित किया था और उसे समर्थन दिया था”। इसका मुख्य उद्देश्य संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) सरकार को सत्ता से हटाना था। ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) नामक संस्मरण के एक अंश के अनुसार, राजधानी में हुए भ्रष्टाचार-विरोधी बड़े प्रदर्शनों ने सत्ताधारी गठबंधन को चौंका दिया और प्रशासन को बचाव की मुद्रा में ला खड़ा किया।

किताब में लिखा है, “2012 में महाराष्ट्र के एक जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता बाबूराव ‘अन्ना’ (मराठी में ‘पिता’ या ‘बड़े भाई’) हजारे एक ऐसे आंदोलन के मुख्य चेहरा बनकर उभरे, जिसका नाम ‘इंडिया अगेंस्ट करप्शन’ था। बाद में इसमें शामिल रहे कुछ प्रमुख लोगों ने बताया कि इसे बीजेपी और आरएसएस ने गुप्त रूप से आयोजित किया था और इसे समर्थन दिया था।”

रिपोर्टः उमेर सय्यद

ये भी पढ़ेंः सोनिया गांधी की किताब पर BJP का हमला, कहा- ‘झूठा इतिहास लिखने की कोशिश कर रही हैं’

सोनिया गांधी जब पहली बार भारत आईं तो अमिताभ बच्चन भी गए थे उन्हें लेने, उनके घर पर ही रुकी भी थीं, किताब में दावा

SOURCE : INDIATV NEWS