Home rss business hindi सोने से कम नहीं गुरुग्राम की ये जमीन, यहां 5 साल में...

सोने से कम नहीं गुरुग्राम की ये जमीन, यहां 5 साल में 135% बढ़ गए प्रॉपर्टी के दाम…कीमत सुनकर चौंक जाएंगे

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

गुरुग्राम का द्वारका एक्सप्रेसवे (Dwarka Expressway) अब सिर्फ बेहतर कनेक्टिविटी और सस्ती प्रॉपर्टी के लिए जाना जाने वाला इलाका नहीं रह गया है। पिछले 5 साल में यहां घरों की कीमतों में करीब 135% की जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। अब यह कॉरिडोर गुरुग्राम के पुराने लग्जरी इलाकों को चुनौती देता नजर आ रहा है। प्रॉपर्टी कंसल्टेंसी ANAROCK के आंकड़ों के मुताबिक, यहां ₹2.5 करोड़ से ज्यादा कीमत वाले घर अब प्रमुख बजट सेगमेंट बन चुके हैं। वहीं, नई सप्लाई में 3-BHK घरों की हिस्सेदारी करीब 39% है, यानी डेवलपर्स अब इस इलाके में बड़े और प्रीमियम घरों पर ज्यादा फोकस कर रहे हैं।

द्वारका एक्सप्रेसवे (Dwarka Expressway) करीब 29 किमी. लंबा एक्सेस-कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे है, जो दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका को गुरुग्राम से जोड़ता है। यह आगे जाकर NH-48 से कनेक्ट होता है। लंबे समय तक इस इलाके की सबसे बड़ी खासियत भविष्य में बेहतर कनेक्टिविटी का वादा था, लेकिन एक्सप्रेसवे के पूरा होने और दिल्ली-गुरुग्राम के बीच आवाजाही आसान होने के बाद इलाके की तस्वीर तेजी से बदली है। अब दिल्ली, इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट और गुरुग्राम के सायबर सिटी, उद्योग विहार तथा मानेसर जैसे रोजगार केंद्रों तक पहुंच आसान होने से यहां घर खरीदने वालों की दिलचस्पी बढ़ी है।

24,000 प्रति वर्ग फीट तक पहुंची कीमत

रिपोर्ट के मुताबिक, सप्लाई की बात करें तो स्क्वॉयर यार्ड्स के अनुसार 2025 में द्वारका एक्सप्रेसवे (Dwarka Expressway) पर करीब 115 एक्टिव रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट्स थे और लगभग 14,000 नए यूनिट लॉन्च हुए। वहीं, नए प्रोजेक्ट में प्रीमियम 3-BHK और 4-BHK घरों की हिस्सेदारी बढ़ रही है। इस माइक्रो-मार्केट में औसत रेजिडेंशियल कीमत करीब ₹21,700 से 24,000 प्रति वर्ग फीट तक पहुंच चुकी है। बड़े जमीन के टुकड़ों की उपलब्धता डेवलपर्स को कम-डेंसिटी वाली सोसाइटी, ज्यादा खुली जगह और बड़े साइज के अपार्टमेंट बनाने का मौका देती है।

हालांकि, बढ़ती कीमतों के साथ एक सवाल भी खड़ा हो रहा है कि क्या इतनी महंगी प्रॉपर्टी की मांग आगे भी बनी रहेगी? ANAROCK के मुताबिक यहां इन्वेंट्री ओवरहैंग करीब 18 महीने है। इसका मतलब मौजूदा बिक्री की रफ्तार के हिसाब से बिना बिकी प्रॉपर्टी का लेवल फिलहाल बहुत चिंताजनक नहीं है। लेकिन, अगर नए प्रोजेक्ट तेजी से लॉन्च होते रहे और ऊंची कीमतों के कारण बिक्री की रफ्तार धीमी हुई, तो बिना बिकी प्रॉपर्टी का दबाव बढ़ सकता है।

द्वारका एक्सप्रेसवे (Dwarka Expressway) की तुलना अक्सर गोल्फ कोर्स रोड (Golf Course Road) और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड (Golf Course Extension Road) जैसे गुरुग्राम के स्थापित लग्जरी बाजारों से की जा रही है। हालांकि, दोनों बाजार पूरी तरह समान नहीं हैं। गोल्फ कोर्स रोड के आसपास कई दशकों में विकसित कमर्शियल, रिटेल, हॉस्पिटैलिटी और सोशल इंफ्रास्ट्रक्चर मौजूद है, जबकि द्वारका एक्सप्रेसवे (Dwarka Expressway) का ज्यादातर रेजिडेंशियल इकोसिस्टम अभी नया है। फिर भी बेहतर कनेक्टिविटी, बढ़ती आय, बड़े लग्जरी प्रोजेक्ट और ग्लोबल सिटी जैसे आगामी विकास इस कॉरिडोर को अमीर खरीदारों के लिए तेजी से आकर्षक बना रहे हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN