Source :- LIVE HINDUSTAN

Milk Boiling Hacks: दूध उबालते समय उसका बर्तन की तली में लग जाना एक आम समस्या है। इसके बाद आने वाली जली हुई महक पूरे दूध का स्वाद बिगाड़ देती है। लेकिन एक आसान देसी उपाय इस परेशानी को कम कर सकता है।

घर में रोज बनने वाली चीजों में दूध सबसे आम है, लेकिन इसे उबालते समय छोटी-सी लापरवाही पूरा स्वाद खराब कर सकती है। कई बार दूध ऊपर से तो ठीक दिखता है, लेकिन नीचे बर्तन की तली में लग जाता है। इसके बाद उसमें जली हुई महक आने लगती है, जिसे बच्चे तो क्या बड़े भी पसंद नहीं करते। कई लोग सोचते हैं कि अब इस दूध का क्या किया जाए।

अगर आपके साथ भी ऐसा अक्सर होता है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। आज हम आपको एक ऐसा आसान और दिलचस्प देसी नुस्खा बता रहे हैं, जिसे सुनकर शायद आपको हैरानी हो। इस छोटे-से हैक की मदद से दूध के तली में लगने के चांसेस कम हो सकते हैं।

दूध जलने की समस्या आखिर होती क्यों है?

जब दूध को लंबे समय तक एक ही जगह गर्म किया जाता है, तो उसके कुछ हिस्से बर्तन की तली से चिपकने लगते हैं। धीरे-धीरे यही हिस्सा जलने लगता है और पूरे दूध में जली हुई महक फैल जाती है। एक बार यह महक आ जाए, तो दूध का स्वाद पहले जैसा नहीं रहता।

मिट्टी का दीया कैसे करता है मदद?

यह नुस्खा सुनने में थोड़ा अलग जरूर है, लेकिन कई घरों में इसे आज भी अपनाया जाता है। दूध उबालते समय बर्तन में एक छोटा मिट्टी का दीया डाल दिया जाता है। इससे दूध लगातार हल्का-हल्का हिलता रहता है और तली में लगने की संभावना कम हो जाती है।

कैसे करें इस नुस्खे का इस्तेमाल?

  • सबसे पहले एक साफ मिट्टी का दीया लें।
  • इसे कुछ देर पानी में भिगोकर रखें।
  • ऐसा करने से मिट्टी के छोटे कण और उसकी तेज महक कम हो जाएगी।
  • अब दूध उबालते समय इस भीगे हुए दीये को बर्तन में डाल दें।
  • दूध को सामान्य तरीके से उबलने दें। इसके बाद फर्क खुद महसूस करें।

ध्यान रखें कुछ बातों का!

  1. दीया साफ हो: दीये में धूल या गंदगी नहीं होनी चाहिए।
  2. पहले पानी में जरूर भिगोएं: इससे दूध में मिट्टी के कण जाने की संभावना नहीं रहेगी।
  3. दूध पर नजर बनाए रखें; कोई भी नुस्खा अपनाने के बाद भी दूध को बिना देखे गैस पर छोड़ना सही नहीं है।

दूध जल जाए तो क्या होता है?

जला हुआ दूध सिर्फ स्वाद ही खराब नहीं करता, बल्कि उसकी महक भी काफी देर तक बनी रहती है। कई बार चाय, खीर या दूसरी चीजों में भी वही गंध महसूस होने लगती है। इसी वजह से लोग जले हुए दूध को पीना पसंद नहीं करते।

दूध उबालते समय ये छोटी आदतें भी आएंगी काम

  1. धीमी आंच पर दूध उबालें: बहुत तेज आंच पर दूध जल्दी तली में लग सकता है।
  2. बीच-बीच में चलाते रहें: इससे दूध एक जगह जमा नहीं होता।
  3. मोटे तले वाला बर्तन चुनें: ऐसे बर्तन में दूध के जलने के चांसेस कम हो सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN