Source :- LIVE HINDUSTAN
SBI Bank: क्या आप एक ही बार में बिना कोई बड़ी रकम निवेश किए 1 लाख रुपये का फंड तैयार करना चाहते हैं? अगर हां, तो भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की ‘हर घर लखपति’ स्कीम आपके लिए काम की साबित हो सकती है। इस स्कीम में हर महीने छोटी-सी रकम जमा करके तय समय बाद 1 लाख रुपये या उससे अधिक का फंड बनाया जा सकता है। आइए जानते हैं यह योजना कैसे काम करती है, कौन इसमें निवेश कर सकता है। स्कीम में हर महीने कितने रुपये जमा करने होंगे।
क्या है एसबीआई हर घर लखपति स्कीम?
एसबीआई की हर घर लखपति एक रिकरिंग डिपॉजिट (RD) योजना है। इसमें ग्राहक हर महीने एक तय रकम जमा करते हैं और मैच्योरिटी पर ब्याज के साथ एकसाथ पैसा मिलता है। इस योजना की खास बात यह है कि इसमें मंथली किस्त आपके टारगेट के हिसाब से तय होती है। यानी अगर आपका टारगेट 1 लाख रुपये, 2 लाख रुपये या उससे अधिक का फंड बनाना है, तो उसी के अनुसार हर महीने जमा की जाने वाली रकम तय की जाती है।
कौन खोल सकता है खाता?
यह योजना सभी भारतीय निवासी व्यक्तियों के लिए उपलब्ध है। इसमें सिंगल और जॉइंट दोनों तरह के खाते खोले जा सकते हैं। 10 साल या उससे अधिक उम्र के बच्चे, जो स्वयं साइन कर सकते हैं, वे भी खाता खोल सकते हैं। इससे छोटे बच्चों के लिए उनके माता-पिता या कानूनी अभिभावक खाता खोल सकते हैं। सीनियर सिटीजन भी इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।
कितने समय के लिए कर सकते हैं निवेश?
इस योजना में निवेश का पीर अवधि 3 साल से 10 साल तक चुनी जा सकती है। न्यूनतम टारगेट अमाउंट 1 लाख रुपये है। अगर कोई ग्राहक इससे अधिक पैसा जमा करना चाहता है, तो वह 2 लाख, 3 लाख या उससे अधिक का टारगेट भी चुन सकता है।
1 लाख रुपये बनाने के लिए हर महीने कितना जमा करना होगा?
अगर आपका टारगेट 1 लाख रुपये का फंड तैयार करना है, तो निवेश पीरियड के अनुसार मंथली किस्त अलग-अलग होगी। अगर आप 10 साल में 610 रुपये हर महीना देते हैं तो रोजाना के हिसाब से सिर्फ 20 रुपये बचाना होगा।
3 साल: 2,510 रुपये मंथली
4 साल: 1,820 रुपये मंथली
5 साल: 1,420 रुपये मंथली
6 साल: 1,150 रुपये मंथली
7 साल: 960 रुपये मंथली
8 साल: 810 रुपये मंथली
9 साल: 700 रुपये मंथली
10 साल: 610 रुपये मंथली
कितना मिलेगा ब्याज?
फिलहाल सामान्य ग्राहकों के लिए इस योजना पर 6.30% से 6.55% तक ब्याज मिल रहा है। वहीं सीनियर सिटीजन को 6.80% से 7.05% तक ब्याज दिया जा रहा है। बैंक कर्मचारियों और कर्मचारी सीनियर सिटीजन के लिए ब्याज दरें इससे भी अधिक हैं।
बीच में पैसा निकालने का नियम
जरूरत पड़ने पर इस RD को समय से पहले बंद भी कराया जा सकता है। हालांकि, समय से पहले खाता बंद करने पर बैंक जुर्माना वसूलता है। 5 लाख रुपये तक की जमा अमाउंट पर 0.50 फीसदी और इससे अधिक के अमाउंट पर 1 फीसदी की पेनल्टी लागू होती है। यदि जमा अमाउंट सात दिन से कम समय तक बैंक में रही है, तो उस पर कोई ब्याज नहीं मिलेगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




