Home rss world hindi होर्मुज स्ट्रेट में बड़ा हादसा: बारूदी सुरंग से टकराकर डूबा 2500 कंटेनर...

होर्मुज स्ट्रेट में बड़ा हादसा: बारूदी सुरंग से टकराकर डूबा 2500 कंटेनर वाला जहाज

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स नेवी ने बुधवार को बताया कि 2500 से ज्यादा कंटेनर ले जा रहा एक मालवाहक जहाज होर्मुज के दक्षिण में एक बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद डूब गया। टक्कर के बाद जहाज में आग लग गई।

मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। होर्मुज के दक्षिण में एक बड़ा कंटेनर जहाज समुद्री खदान ( Naval Mine) से टकराकर डूब गया है। जहाज में 2500 से ज्यादा कंटेनर लदे हुए थे। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) नेवी ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। टक्कर के तुरंत बाद जहाज में आग लग गई और कुछ देर बाद वह डूब गया। यह घटना उस समय हुई जब जहाज होर्मुज स्ट्रेट के दक्षिणी हिस्से से गुजर रहा था।

IRGC नेवी के मुताबिक, जहाज एक अनधिकृत और खतरनाक रास्ते से इस महत्वपूर्ण जलमार्ग को पार करने की कोशिश कर रहा था। नेवी ने कहा कि जहाज ने सुरक्षित और निर्धारित मार्ग का इस्तेमाल नहीं किया। हालांकि, ईरानी नेवी ने जहाज का नाम, उसकी कंपनी, झंडा या कहां से कहां जा रहा था, इसकी कोई जानकारी नहीं दी है।

क्रू और हताहतों की कोई जानकारी नहीं

ईरानी नेवी ने जहाज के क्रू मेंबर्स के बारे में कुछ भी नहीं बताया। यह भी स्पष्ट नहीं है कि हादसे में किसी की जान गई या नहीं। न ही यह जानकारी दी गई कि जहाज पर कितने लोग सवार थे और उन्हें बचाया गया या नहीं। जहाज के डूबने की पूरी वजह और हालात भी अभी साफ नहीं हुए हैं।

तैरते कंटेनर बने खतरा

हादसे के बाद IRGC नेवी ने स्थानीय नावों, मछुआरों और छोटे जहाजों को सावधानी बरतने की चेतावनी जारी की है। नेवी का कहना है कि डूबे जहाज के कई कंटेनर पानी में तैर रहे हैं। ये कंटेनर अन्य जहाजों से टकरा सकते हैं और व्यस्त शिपिंग रूट पर यातायात में बाधा पैदा कर सकते हैं। अधिकारियों ने प्रभावित इलाके से गुजरने वाले जहाजों को सतर्क रहने को कहा है।

होर्मुज में बढ़ती सुरक्षा चिंता

यह घटना होर्मुज स्ट्रेट के आसपास बढ़ती समुद्री सुरक्षा चिंताओं के बीच हुई है। यह जलमार्ग फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी से जोड़ता है और दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण शिपिंग रूट में से एक माना जाता है। इसी रास्ते से दुनिया का बड़ा हिस्सा तेल और सामान ले जाया जाता है। हाल के समय में इस इलाके में वाणिज्यिक जहाजों पर कई हमले हुए हैं। इन हमलों के कारण जहाजों और उनके मालिकों में डर बढ़ा है। अब इस डूबने की घटना ने चिंताओं को और बढ़ा दिया है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN