Home rss business hindi 10 अगस्त को इन शेयरों पर रखें नजर, हो सकती है मोटी...

10 अगस्त को इन शेयरों पर रखें नजर, हो सकती है मोटी कमाई; लिस्ट में टाइटन और Ola भी शामिल

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

भारतीय शेयर बाजार में सोमवार 10 अगस्त 2026 को कई कंपनियों के शेयरों में हलचल देखने को मिल सकती है। इसकी बड़ी वजह इन कंपनियों के जून तिमाही यानी Q1 FY27 के नतीजे हैं। शुक्रवार को बाजार बंद होने के बाद और सप्ताहांत में कई बड़ी कंपनियों ने अपने वित्तीय परिणाम जारी किए हैं। इनमें टाइटन कंपनी (Titan Company), NLC इंडिया, हिताची एनर्जी इंडिया (Hitachi Energy India), PFC (Power Finance Corporation), ऑयल इंडिया (Oil India), अपोलो माइक्रो सिस्टम (Apollo Micro Systems), केन्स टेक्नोलॉजी (Kaynes Technology), दिल्लीवरी (Delhivery) और ओला (Ola Electric) जैसी कंपनियां शामिल हैं। इसके अलावा बोस्च (Bosch), वोडा आइडिया (Vodafone Idea), हिंदुस्तान कूपर (Hindustan Copper) और दिलीप बिल्डकॉन (Dilip Buildcon) समेत कई कंपनियां 10 अगस्त को अपने नतीजे घोषित करने वाली हैं। ऐसे में निवेशकों और ट्रेडर्स की नजर इन शेयरों पर बनी रह सकती है।

सबसे पहले टाइटन कंपनी (Titan Company) की बात करते हैं। देश की प्रमुख ज्वेलरी और वॉच कंपनी ने पहली तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 65% बढ़कर 1,699 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 1,030 करोड़ रुपये था। कंपनी का मुनाफा बाजार के अनुमान से भी बेहतर रहा। हालांकि, कंपनी का रेवेन्यू 24.3% बढ़कर 18,101 करोड़ रुपये रहा, लेकिन यह 19,700 करोड़ रुपये के अनुमान से कम था। इसलिए, सोमवार को टाइटन (Titan) के शेयर में निवेशकों की प्रतिक्रिया खास तौर पर देखने लायक होगी।

अपोलो माइक्रो सिस्टम्स (Apollo Micro Systems) ने भी मजबूत तिमाही प्रदर्शन किया है। कंपनी का नेट प्रॉफिट 42.1% बढ़कर 27 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल यह 19 करोड़ रुपये था। कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू भी 88% की जोरदार बढ़त के साथ 251.3 करोड़ रुपये पहुंच गया। मजबूत रेवेन्यू ग्रोथ के कारण इस शेयर पर बाजार की नजर रह सकती है।

दूसरी ओर NLC इंडिया के नतीजे मिले-जुले रहे। कंपनी का पहली तिमाही का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 39.3% घटकर 484.2 करोड़ रुपये रह गया। हालांकि, इस दौरान कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू 23.3% बढ़कर 4,716.7 करोड़ रुपये हो गया, यानी कंपनी की बिक्री में अच्छी वृद्धि हुई, लेकिन मुनाफे पर दबाव देखने को मिला। सोमवार को शेयर में निवेशकों की प्रतिक्रिया इसी अंतर पर निर्भर कर सकती है।

हिताची एनर्जी इंडिया (Hitachi Energy India) ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट बढ़कर 294.2 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 132 करोड़ रुपये था। कंपनी के रेवेन्यू में भी 68.6% की तेज वृद्धि हुई और यह 2,493.7 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। दोनों प्रमुख आंकड़े बाजार के अनुमान से बेहतर रहे, इसलिए इस शेयर पर खास नजर रह सकती है।

PFC (Power Finance Corporation) ने भी जून तिमाही में मुनाफे में वृद्धि दर्ज की। कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 2.1% बढ़कर 7,012 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह 6,866 करोड़ रुपये था। PFC जैसे बड़े PSU शेयर में नतीजों के बाद निवेशकों का फोकस मुनाफे के साथ-साथ लोन ग्रोथ और एसेट क्वालिटी पर भी रह सकता है।

ऑयल इंडिया (Oil India) के लिए जून तिमाही काफी मजबूत रही। कंपनी का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट मार्च तिमाही के 1,789.5 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,870.2 करोड़ रुपये हो गया, यानी तिमाही आधार पर मुनाफे में 60% से ज्यादा की वृद्धि हुई। कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस से होने वाली बेहतर आय तथा ऑपरेशनल प्रदर्शन में सुधार ने कंपनी के नतीजों को मजबूती दी। इसलिए सोमवार को ऑयल इंडिया (Oil India) का शेयर भी फोकस में रह सकता है।

केन्स टेक्नोलॉजी (Kaynes Technology) के नतीजे हालांकि कमजोर रहे। कंपनी का Q1 FY27 नेट प्रॉफिट 24.4% घटकर 56 करोड़ रुपये रह गया, जबकि पिछले साल यह 75 करोड़ रुपये था। मुनाफा बाजार के 69 करोड़ रुपये के अनुमान से भी कम रहा। ऐसे में सोमवार को इस शेयर में दबाव या तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

रियल एस्टेट कंपनी अनंत राज (Anant Raj) ने भी सकारात्मक प्रदर्शन किया। जून तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 19% बढ़कर 150 करोड़ रुपये हो गया। रेवेन्यू 7% बढ़कर 631 करोड़ रुपये और EBITDA 22% बढ़कर 183 करोड़ रुपये रहा। वहीं, लॉजिस्टिक्स कंपनी दिल्लीवरी (Delhivery) का मुनाफा 65% गिरकर 31.9 करोड़ रुपये रह गया। हालांकि, रेवेन्यू 28% बढ़कर 2,930.7 करोड़ रुपये रहा। इससे पता चलता है कि कंपनी की बिक्री बढ़ी है, लेकिन मुनाफे पर दबाव बना हुआ है।

ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी (Ola Electric Mobility) के नतीजे भी निवेशकों के लिए महत्वपूर्ण हैं। कंपनी का जून तिमाही में नेट लॉस घटकर 336 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल यह घाटा 426 करोड़ रुपये था। हालांकि, कंपनी के रेवेन्यू में तेज गिरावट देखने को मिली। दूसरी तरफ इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों के रजिस्ट्रेशन में तिमाही आधार पर अच्छी सुधार दर्ज की गई। इसलिए निवेशक कंपनी की बिक्री, बाजार हिस्सेदारी और भविष्य की लागत रणनीति पर नजर रखेंगे।

लेमन ट्री होटल्स (Lemon Tree Hotels) का प्रदर्शन भी बेहतर रहा। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 20.1% बढ़कर 46 करोड़ रुपये हो गया। वहीं एवरेडी इंडस्ट्रीज़ (Eveready Industries) का मुनाफा 23.3% बढ़कर 37 करोड़ रुपये रहा और रेवेन्यू 9% बढ़कर 407.7 करोड़ रुपये हो गया।

इसके अलावा NTPC ग्रीन एनर्जी (Green Energy) के लिए भी एक महत्वपूर्ण खबर है। कंपनी ने पश्चिम बंगाल में स्टैंडअलोन BESS (Battery Energy Storage System) प्रोजेक्ट के लिए 200 MW/800 MWh क्षमता हासिल की है। कंपनी ने ई-रिवर्स ऑक्शन में 4.35 लाख रुपये प्रति MW प्रति महीने की टैरिफ दर पर यह क्षमता हासिल की। भारत में रिन्यूएबल एनर्जी और बैटरी स्टोरेज की बढ़ती जरूरत को देखते हुए यह खबर कंपनी के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा सकती है।

वहीं, वेदांता (Vedanta Aluminium Metal) की सब्सिडियरी BALCO को ओडिशा के कारलापट बॉक्साइट ब्लॉक (Karlapat Bauxite Block) के लिए पसंदीदा बोलीदाता घोषित किया गया है। इससे कंपनी की भविष्य की कच्चे माल की सुरक्षा और एल्युमिनियम कारोबार पर असर पड़ सकता है।

इसके अलावा बोस्च (Bosch), च्वॉइस इंटरनेशनल (Choice International), CMS Info Systems, दिलीप बिल्डकॉन (Dilip Buildcon), HEC इंफ्रा प्रोजेक्ट, हिंदुस्तान कॉपर (Hindustan Copper), वोडाफोन आइडिया (Vodafone Idea) और ideaForge टेक समेत कई कंपनियां 10 अगस्त को अपने Q1 FY27 नतीजे जारी करेंगी। ऐसे में सोमवार का कारोबारी सत्र इन कंपनियों के नतीजों और आगे के मैनेजमेंट कमेंट्री के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण हो सकता है।

हालांकि, किसी भी शेयर में सिर्फ तिमाही नतीजों के आधार पर निवेश का फैसला नहीं करना चाहिए। निवेशकों को कंपनी की वैल्यूएशन, कर्ज, कैश फ्लो, भविष्य की ग्रोथ, सेक्टर की स्थिति और अपने जोखिम प्रोफाइल को ध्यान में रखकर ही फैसला लेना चाहिए।

नोट – लाइव हिंदुस्तान किसी भी निवेश से पहले निवेशकों को एक्सपर्ट की सलाह लेने की राय देता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN