Home rss world hindi 100 से ज्यादा यौन शिकारियों की लिस्ट! सिलिकॉन वैली में चल रहा...

100 से ज्यादा यौन शिकारियों की लिस्ट! सिलिकॉन वैली में चल रहा कैसा खेल? रिपोर्ट से हड़कंप

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

एक महिला टेकी ने बताया कि जब उसने पहली बार इस सूची को देखा तो वह हैरान रह गई। लिस्ट में कई बड़े कारोबारियों और मशहूर हस्तियों के नाम थे। बाद में कई महिलाओं ने उन्हें अपने अनुभव के बारे में बताया।

टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में दुनिया के सबसे बड़े सेंटर, अमेरिका की सिलिकॉन वैली को लेकर एक बेहद सनसनीखेज खुलासा हुआ है। इस खुलासे के बाद पूरी दुनिया में सनसनी मच गई है। हाल ही में सामने आई न्यूयार्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक सिलिकॉन वैली की महिलाओं के बीच एक लिस्ट घूम रही है। ये लिस्ट है यौन शिकारियों की। लिस्ट में 100 से ज्यादा ऐसे नाम हैं जो यहां लड़कियों को ड्रग्स देकर उनका यौन उत्पीड़न करते हैं।

इस लिस्ट को साझा करने के लिए महिलाएं आपस में एक सीक्रेट ‘विस्पर नेटवर्क’ भी चला रही हैं। रिपोर्ट में इसी नेटवर्क की स्प्रेडशीट सामने आने की बात बताई जा रही है। इस प्राइवेट डॉक्यूमेंट में टेक्नोलॉजी और एआई इंडस्ट्री के 100 से अधिक दिग्गज निवेशकों, कारोबारियों और नामचीन हस्तियों पर यौन उत्पीड़न, रेप और ड्रग्स देने जैसे संगीन आरोप दर्ज हैं। रिपोर्ट के मुताबिक डर और करियर बर्बाद होने की आशंका की वजह से टेक वर्ल्ड की महिलाएं एक-दूसरे को सतर्क करने और सुरक्षा के लिए इस गुप्त नेटवर्क का सहारा ले रही हैं।

‘विस्पर नेटवर्क’ में बड़ी हस्तियों के नाम

रिपोर्ट में बताया गया है कि विस्पर नेटवर्क महिलाओं द्वारा आपस में जानकारी साझा करने का एक प्राइवेट जरिया है। इसके जरिए वे नई-नई काम करने वाली महिलाओं को संदिग्ध लोगों के प्रति आगाह करने की कोशिश करती हैं। इन लोगों में से कई नामचीन हस्तियां भी हैं। नेटवर्क से जुड़ी एक 20 साल की महिला कर्मचारी ने बताया कि इस लिस्ट में कई नामी-गिरामी इन्वेस्टर्स और जाने-माने बिजनेसमैन शामिल हैं, जिन्हें अक्सर बड़ी हाई-प्रोफाइल पार्टियों में देखा जाता है।

पीड़ित महिलाओं का कहना है कि वे पुलिस या सार्वजनिक मंचों पर शिकायत करने से डरती हैं। एक पीड़िता के मुताबिक, “मुझे डर था कि अगर मैं इंसाफ के लिए कानूनी रास्ता अपनाती और हार जाती, तो शहर का हर बड़ा निवेशक मुझे ब्लैकलिस्ट कर देता।”

‘हैकर हाउस’ में पार्टी का फायदा उठाते हैं आरोपी

रिपोर्ट के मुताबिक कई घटनाएं ‘हैकर हाउस’ में हुईं। ये वे कम्युनल स्पेस होते हैं जहां युवा फाउंडर्स, निवेशक और टेक कर्मचारी एक साथ रहते हैं, नेटवर्क बनाते हैं और काम करते हैं। सिलिकॉन वैली के एक इनसाइडर के मुताबिक आरोपी पहले दोस्ती के जरिए महिलाओं का भरोसा जीतते हैं और फिर गलत काम करते हैं। अमेरिका या सिलिकॉन वैली में नई आई महिलाओं और युवा कर्मचारियों को आसानी से टारगेट किया जाता है।

Zette की फाउंडर ने भी लगाए थे आरोप

मशहूर ऐप ‘जेट्टे’ की फाउंडर येहॉन्ग झू ने भी सैन फ्रांसिस्को के हैकर हाउस ‘जेनेसिस’ के एक पूर्व कर्मचारी पर दुष्कर्म का आरोप लगाए थे। झू ने दिसंबर 2021 में पुलिस रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन आरोपी फरार हो गया और अभी तक पकड़ा नहीं गया है। झू ने बताया कि जब उन्होंने उस व्यक्ति को वहां से निकालने की कोशिश की थी, तो एक हाउस ऑर्गनाइजर ने उन्हें पुलिस के पास जाने से मना किया और कमेटी बनाकर वोटिंग कराने का सुझाव भी दिया। वहीं बिजनेस कनेक्शन के कारण कई लोगों ने मामले में शामिल होने से इनकार कर दिया।

बेवर्ली हिल्स स्थित ‘लॉन्च हाउस’ में रहने वाली एक महिला ने भी बताया कि एक पार्टी में उन्हें संदिग्ध रूप से ड्रग्स दिया गया था। हालांकि यहां कंपनी ने तुरंत एक्शन लिया। सह-संस्थापक ब्रेट गोल्डस्टीन और उनकी टीम ने आरोपी को तुरंत घर से निकाल दिया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने में मदद की। लेकिन बाद में महिला और कंपनी दोनों को ऑनलाइन टारगेट किया गया।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN