Home LIFESTYLE NEWS HINDI 12 साल बाद महिला ने छोड़ी एयर होस्टेस की नौकरी, अब केकड़े...

12 साल बाद महिला ने छोड़ी एयर होस्टेस की नौकरी, अब केकड़े बेचकर एक दिन में 14 लाख का कारोबार

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

चीन की महिला ने एयर होस्टेस की नौकरी छोड़कर फैमिली बिजनेस को संभाला और उसमें एक दिन में लाखों की बिक्री कर डाली। चलिए आपको चेन की पूरी कहानी बताते हैं।

एयर होस्टेस की नौकरी छोड़ बेचने लगीं केकड़े, एक दिन में 14 लाख रुपये का कारोबार

फ्लाइट अटेंडेंट की नौकरी करना कई लोगों का बड़ा सपना होता है और इस काम को करने के दौरान कई जगहों पर जाने और लोगों से मिलने का मौका मिलता है। कई लोग इस तरह की जॉब के लिए खूब मेहनत और पढ़ाई करते हैं लेकिन चीन की एक महिला चेन ने 12 साल तक एयर होस्टेस की नौकरी करने के बाद उसे छोड़ दिया। चेन नौकरी छोड़ने के बाद अपने गांव लौट आईं और फिर उनका काम पूरी तरह से बदल गया। पहले वह फ्लाइट में आने वाले यात्रियों की सेवा में जुटी रहती थीं और उनके खाने-पीने, बैठने का ख्याल रखती थीं लेकिन अब वह फैमिली बिजनेस का हिस्सा बनकर केकड़े चुनने, पैक करने और फिर उन्हें बेचने का काम करती हैं। जी हां, चेन का पेशा पूरी तरह से बदल गया और खास बात यह है कि वह इसमें खुश भी हैं।

मां की मदद के लिए छोड़ दी नौकरी

वियतनाम.इन की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन की जियाओ चेन (Xiao Chen) ने करीब 12 साल तक एविएशन सेक्टर में फ्लाइट अटेंडेंट के तौर पर काम किया। इसके बाद उन्होंने अपनी नौकरी छोड़कर परिवार के कारोबार में शामिल होने का फैसला कर लिया। चेन चीन के झेजियांग प्रांत के तटीय शहर निंगबो की रहने वाली हैं। उनकी मां केकड़े बेचने का काम करती थीं। बिजनेस बढ़ने के साथ काम भी बढ़ गया था और इसे संभालने के लिए किसी की मदद की जरूरत थी। ऐसे में चेन ने घर लौटकर अपनी मां का साथ देने का फैसला किया।

सोशल मीडिया की मदद से बढ़ाया फैमिली बिजनेस

सोशल मीडिया बड़ा टूल है, जिसका सही इस्तेमाल कम लोग ही जानते हैं। चेन ने सोशल मीडिया पर छोटे-छोटे वीडियो बनाकर लोगों को अपने काम के बारे में बताना शुरू किया। इन वीडियो में वह केकड़ों को चुनने, उनकी छंटाई, पैकिंग और ऑर्डर भेजने के सभी स्टेप्स को दिखाने लगीं। उनके वीडियो कम समय में काफी लोगों तक पहुंचने लगे और इसके जरिए उनके पास ग्राहकों की लाइन लग गई। कुछ लोग उन्हें ऑनलाइन भी ऑर्डर देने लगे।

एक दिन में 14 लाख रुपये से ज्यादा की बिक्री

चीन में फेस्टिवल के दौरान केकड़ों की मांग बढ़ जाती है और इस दौरान चेन के परिवार के कारोबार को भी बड़ा ऑर्डर मिला। रिपोर्ट्स के मुताबिक, त्योहार के व्यस्त दिनों में कारोबार ने एक दिन में 1 लाख चीनी युआन से ज्यादा की बिक्री की। भारतीय मुद्रा में यह रकम लगभग 14.45 लाख रुपये होती है। हालांकि, मुनाफे के साथ चेन को कुछ परेशानियों का सामना भी करना पड़ा। उनके लिए ग्राहकों की जरूरत के मुताबिक अच्छी गुणवत्ता वाले हरे केकड़ों की सप्लाई को जुटाना मुश्किल हो रहा था। इसलिए उन्होंने जरूरत से ज्यादा ऑर्डर लेने के बजाय बिक्री सीमित रखने का फैसला किया।

एयर होस्टेस का एक्सपीरियंस आया काम

चेन बताती हैं कि एयर होस्टेस की ट्रेनिंग के दौरान हमें सिखाया जाता है कि लोगों से बात कैसे करनी है और उन्हें कायदे से अपनी बात समझानी कैसे हैं। यही अनुभव उन्होंने अपने बिजनेस में इस्तेमाल किया और वीडियो में अपनी बात को कायदे से समझाते हुए केकड़ों की बिक्री की। जियाओ चेन की कहानी बताती है कि करियर में बदलाव का मतलब हमेशा शून्य से शुरुआत करना नहीं होता। कई बार एक क्षेत्र का अनुभाव दूसरी जगह काम आ जाता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN