Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- ब्रोकरेज के बुल केस के मुताबिक, शेयर मौजूदा स्तर से 143% तक चढ़ सकता है
- वहीं, अगर हालात खराब होते हैं, तो बेयर केस में शेयर में 25% तक की गिरावट भी आ सकती है
- बता दें कि कंपनी के शेयर आज मंगलवार को 12.11 रुपये पर बंद हुए हैं
Vodafone Idea Share Price: टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया के शेयर आने वाले दिनों में फोकस में रह सकते हैं। दरअसल, कंपनी के शेयर को लेकर ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने अपनी रिपोर्ट में अलग-अलग अनुमान पेश किए हैं। ब्रोकरेज के बुल केस के मुताबिक, शेयर मौजूदा स्तर से 143% तक चढ़ सकता है। वहीं, अगर हालात खराब होते हैं, तो बेयर केस में शेयर में 25% तक की गिरावट भी आ सकती है। बता दें कि कंपनी के शेयर आज मंगलवार को 12.11 रुपये पर बंद हुए हैं। इसमें लगभग 2 पर्सेंट तक की तेजी थी।
जेफरीज ने घटाया टारगेट प्राइस
जेफरीज ने वोडाफोन आइडिया के शेयर का टारगेट प्राइस 20 रुपये से घटाकर 16 रुपये कर दिया है। हालांकि, ब्रोकरेज को अब भी मौजूदा स्तर से शेयर में करीब 34% की तेजी की उम्मीद है। खास बात यह है कि कंपनी के सब्सक्राइबर्स से जुड़े आंकड़ों में सुधार के बावजूद शेयर में करीब 23% की गिरावट आ चुकी है।
शेयर को लेकर उम्मीद
ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी की नेटवर्क विस्तार योजनाएं और आने वाले समय में टैरिफ बढ़ोतरी कारोबार को सहारा दे सकती हैं। बेहतर नेटवर्क से ग्राहकों को जोड़ने और कमाई बढ़ाने में मदद मिल सकती है। जेफरीज के अनुमान के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026 से 2029 के बीच कंपनी का रेवेन्यू सालाना औसतन 11% की दर से बढ़ सकता है। वहीं, एबिटा में सालाना करीब 25% की ग्रोथ का अनुमान है। एबिटा कंपनी की कमाई और ऑपरेटिंग प्रदर्शन को समझने का एक अहम पैमाना है।
निवेशकों के लिए संकेत
जेफरीज के अनुमान बताते हैं कि वोडाफोन आइडिया के शेयर में तेजी की संभावना के साथ जोखिम भी बना हुआ है। बुल केस में 143% तक की तेजी का अनुमान है, जबकि बेयर केस में 25% तक गिरावट संभव बताई गई है। वहीं, बेस केस में 16 रुपये का टारगेट दिया गया है।
कंपनी को मिल सकती है राहत
बता दें कि टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया को जल्द ही बड़ी राहत मिल सकती है। कंपनी को 45,000 करोड़ रुपये की निवेश योजना के लिए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की अगुवाई वाले सरकारी बैंकों से फंड जुटाने की बातचीत जल्द पूरी होने की उम्मीद है। हाल ही में कंपनी के सीईओ अभिजीत किशोर ने तिमाही नतीजों पर चर्चा के दौरान बताया कि कंपनी अब तक फंड जुटाने की योजना के तहत पहली किस्त में 6,400 करोड़ रुपये जुटा चुकी है। इसमें वॉरंट, विदेशी कर्ज और निजी बैंकों से मिले 1,183 करोड़ रुपये भी शामिल हैं।
(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




