Source :- LIVE HINDUSTAN

साल 2026 जहां मुकेश अंबानी के लिए अबतक बेहद खराब रहा तो गौतम अडानी के लिए बहुत शानदार। अब तक मात्र 155 दिनों (4 जून 2026 तक) अडानी की संपत्ति में 30.7 अरब डॉलर यानी करीब 2.90 लाख करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। उनकी नेटवर्थ में लगभग 36.3 प्रतिशत का उछाल दर्ज किया गया है।

इसके उलट मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति 85.8 अरब डॉलर आंकी गई है। इस साल उनकी संपत्ति में 21.9 अरब डॉलर (करीब ₹2,09,583 करोड़) की गिरावट दर्ज की गई है। यह उनकी कुल संपत्ति में लगभग 20.4 प्रतिशत की कमी के बराबर है।

अगर दिन के हिसाब से गणना करें तो अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ने इस साल हर दिन औसतन ₹1897 करोड़ कमाया और मुकेश अंबानी ने ₹1352 करोड़ गंवाया है।

मुकेश अंबानी से काफी आगे निकल चुके हैं गौतम अडानी

अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी एक बार फिर दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में तेजी से आगे बढ़ते नजर आ रहे हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 4 जून 2026 तक गौतम अडानी की कुल संपत्ति 115 अरब डॉलर पहुंच गई है। इसके साथ ही वह दुनिया के 17वें सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं।

दूसरी ओर रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में 26वें स्थान पर हैं। ब्लूमबर्ग के ताजा आंकड़ों के अनुसार उनकी कुल संपत्ति 85.8 अरब डॉलर आंकी गई है।

हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद अडानी की शानदार वापसी

जनवरी 2023 में अमेरिकी शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट के बाद अडानी समूह के शेयरों में भारी गिरावट आई थी और समूह का बाजार पूंजीकरण 150 अरब डॉलर से अधिक घट गया था। उस दौरान गौतम अडानी की व्यक्तिगत संपत्ति में भी करीब 60 प्रतिशत तक की गिरावट आई थी।

हालांकि, पिछले दो वर्षों में अडानी समूह के शेयरों में मजबूत रिकवरी देखने को मिली है, जिसके चलते उनकी संपत्ति फिर से तेजी से बढ़ी है। एशिया के अरबपतियों में उनकी पोजीशन नंबर तीन और भारत में नंबर दो की है। एशिया में पहले स्थान पर चीन के झांक यिमिन हैं और भारत में हमवतन गौतम अडानी।

मुकेश अंबानी की कमाई का सबसे बड़ा जरिया क्या है

मुकेश अंबानी की संपत्ति का बड़ा हिस्सा रिलायंस इंडस्ट्रीज में उनकी हिस्सेदारी से आता है। रिलायंस दुनिया के सबसे बड़े ऑयल रिफाइनिंग कॉम्प्लेक्स का संचालन करती है। मार्च 2025 तक कंपनी का सालाना रेवेन्यू 114 अरब डॉलर रहा। कंपनी पेट्रोकेमिकल्स, रिटेल, डिजिटल सेवाओं, टेलीकॉम एंड एनर्जी सेक्टर में सक्रिय है।

ब्लूमबर्ग के मुताबिक अंबानी के पास रिलायंस इंडस्ट्रीज में प्रमोटर समूह के जरिए करीब 42 प्रतिशत हिस्सेदारी है। रिलायंस से अलग हुई जियो फाइनेंशियल सर्विसेज में भी मुकेश अंबानी की लगभग 41 प्रतिशत हिस्सेदारी है। यह हिस्सेदारी सीधे और प्रमोटर समूह के माध्यम से उनके नियंत्रण में है।

अडानी की कमाई का क्या है राज

ब्लूमबर्ग के अनुसार, गौतम अडानी की संपत्ति का बड़ा हिस्सा अडानी समूह की लिस्टेड और निजी कंपनियों में उनकी हिस्सेदारी से आता है। इनमें प्रमुख रूप से अडानी एंटरप्राइजेज, अडानी पावर, अडानी टोटल गैस, अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस, अडानी पोर्ट्स और अडानी ग्रीन एनर्जी शामिल हैं। इस साल इन कंपनियों के शेयरों में आए जबरदस्त उछाल के चलते अडानी के ऊपर पैसों की बारिश हुई।

इसके उलट रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर इसस साल करीब 18 प्रतिशत टूटे जियो फाइनेंशियल सर्विसेज भी करीब 20 प्रतिशत टूट चुका है। इससे मुकेश अंबानी की संपत्ति में भारी गिरावट आई है। इसके अलावा अडानी परिवार की रियल एस्टेट कंपनी अडानी रियल्टी और अडानी प्रॉपर्टीज में भी उनकी महत्वपूर्ण हिस्सेदारी है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN