Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/09/23/1200x900/south_1790136720220_A3rZ_1790136727007_8Bkc_856d78c8-f734-4689-a56a-acc537068707_rTvc.pngइस हफ्ते थिएटर और OTT पर सस्पेंस, टाइम-लूप, स्पोर्ट्स ड्रामा और हॉरर फिल्मों की धूम रहने वाली है। दरअसल, 25 सितंबर के दिन साउथ की 10 फिल्में रिलीज होने वाली हैं।
शुक्रवार को सिनेमाघरों और ओटीटी पर मनोरंजन का भरपूर डोज मिलने वाला है। साउथ की 10 फिल्में रिलीज होने वाली हैं। सामने आई लिस्ट के अनुसार थिएटर में टाइम-लूप की उलझी कहानी से लेकर बड़े वित्तीय घोटाले, यक्षी के खौफ और संगीत की तीन पीढ़ियों के बीच टकराव तक, कई अलग-अलग कहानियां देखने को मिलेंगी। वहीं, ओटीटी पर स्पोर्ट्स ड्रामा, हथकरघा परंपरा और अलौकिक शक्तियों से जुड़ी कहानियां दर्शकों का ध्यान खींचने के लिए तैयार हैं।
थिएटर रिलीज
1. अनबिल अवन (Anbil Avan)
निर्देशक: कार्तिकेयन रामकृष्णन
कलाकार: अशोक सेल्वन, प्रीति मुकुंदन, दिल्ली गणेश, साबूमन अब्दुसमद
फिल्म की कहानी एक नए शादीशुदा जोड़े के इर्द-गिर्द घूमती है। शादी के बाद दोनों सुकून से अपनी जिंदगी जी रहे होते हैं और तभी उनकी जिंदगी में ऐसा तूफान आता है, जिसकी उन्होंने कल्पना कभी भी नहीं की थी। इसके बाद उनकी शांत जिंदगी में अचानक उथल-पुथल मच जाती है।
2. आराम (Aaram)
निर्देशक: राजेश परमेश्वरन
कलाकार: सैजू कुरुप, अंजू कुरियन, सिद्दीकी, असकर अली, शाहीन सिद्दीकी, हरित विजयकृष्णन, सुधीश
इस फिल्म में एक ईमानदार अधिकारी की कहानी दिखाई गई है, जो एक मुश्किल स्थिति में फंस जाता है। एक तरफ उसे अपने फैसलों को लेकर डर सताता है, तो दूसरी तरफ उस पर ईमानदारी छोड़ने का दबाव बनाया जाता है। ऐसे में उसके लिए सही फैसला लेना आसान नहीं होता। फिल्म दिखाती है कि सच का साथ देने के लिए कई बार कितनी बड़ी कीमत चुकानी पड़ सकती है।
3. मीसैया मुरुक्कू 2 (Meesaya Murukku 2)
निर्देशक: हिपहॉप तमिला आधी
कलाकार: हिपहॉप तमिला आधी, केतिका शर्मा, चैत्रा जे. आचार, राम्या रंगनाथन, करुणास, योगी बाबू, नास्सर, आदुकलम नरेन, हर्षथ खान
फिल्म की कहानी संगीत से जुड़ी तीन पीढ़ियों की है। कहानी 1980 के दशक के मद्रास से शुरू होती है और धीरे-धीरे आज के दौर तक पहुंचती है। इसमें दिखाया गया है कि कैसे हर पीढ़ी की संगीत को लेकर अपनी सोच और सपने हैं। एक तरफ पुरानी संगीत परंपराएं हैं, तो दूसरी तरफ नई पीढ़ी की अपनी पहचान बनाने और आगे बढ़ने की चाहत। इन्हीं के बीच होने वाले टकराव को फिल्म में दिखाया गया है।
4. स्पार्क (Spark)
निर्देशक: महानतेश हंद्राळ
कलाकार: निरंजन सुधींद्र, भावना, प्रेम कुमार, रचना इंदार, धर्मान्ना कादुर, रमेश इंदिरा, अभय वशिष्ठ
फिल्म की कहानी एक ऐसे पत्रकार की है, जो एक बड़े वित्तीय घोटाले की सच्चाई सामने लाने के लिए उसकी जांच शुरू करता है। लेकिन जैसे-जैसे वह इस मामले की गहराई में जाता है, उसका सामना एक ताकतवर अधिकारी से हो जाता है। इसके बाद घोटाले का सच सामने लाना उसके लिए आसान नहीं रहता और उसकी पूरी लड़ाई और भी मुश्किल हो जाती है।
5. अमानुषीकम (Amanushikam)
निर्देशक: निथीश के. नायर
कलाकार: जोएमोन जोशी, राजेश परावूर, किरण राज, कोडासनाद कनाकम, कोबरा राजेश
फिल्म की कहानी एक ऐसे गांव की है, जहां ‘चीरू’ नाम की एक यक्षी को लेकर डरावनी कहानी पीढ़ियों से चली आ रही है। माना जाता है कि उसे एक पवित्र लोहे की कील के जरिए बांधकर रखा गया है। लेकिन जब वह कील निकाल दी जाती है, तो गांव में अजीबोगरीब घटनाएं शुरू हो जाती हैं। इसके बाद गांव वाले इस डरावनी ताकत की सच्चाई जानने की कोशिश करते हैं। इसी दौरान कई छिपे हुए मकसद भी सामने आने लगते हैं।
6. धूमकेतु (Dhoomakethu)
निर्देशक: सुधी मैडिसन
कलाकार: साजिन गोपू, निखिल विमल, गणपति, शाइन टॉम चाको, सिद्धार्थ भरथन, मंजू पिल्लई
फिल्म एक नवविवाहित जोड़े की कहानी है, जो शादी के तुरंत बाद एक अजीब टाइम लूप में फंस जाते हैं। दोनों बार-बार उसी स्थिति में लौट आते हैं, जहां उनके घर में घुसपैठ होती है। इस रहस्यमयी सिलसिले से बाहर निकलने की कोशिश में उन्हें कई सवालों के जवाब तलाशने पड़ते हैं।
OTT
1. अंगीकारम (Angikaaram)
निर्देशक: थेनपाथियान
कलाकार: कोटापाडी जे राजेश, सिंदूरी विश्वनाथ, विजी वेंकटेश, रंगराज पांडे, मंसूर अली खान, रामा राजेंद्रन
कहां देखें: SunNXT
‘अंगीकारम’ चेन्नई की झुग्गी बस्ती में रहने वाले आथिरन बानुमति की कहानी है, जो 200 मीटर दौड़ का एक होनहार खिलाड़ी है। गरीबी और भेदभाव के बावजूद वह कॉमनवेल्थ गेम्स में देश के लिए खेलने का सपना देखता है। लेकिन अचानक उसका नाम टीम से हटा दिया जाता है। इसके बाद आथिरन हार मानने के बजाय अपना हक पाने के लिए लड़ाई शुरू करता है। इस दौरान उसे खेल की दुनिया में होने वाले भेदभाव और कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
2. हबीबी (Habeebi)
निर्देशक: मीरा कथिरावन
कलाकार: कस्तूरी राजा, ईशा एम, मालविका मनोज, धनश्री सुधाकरण, अरुलकुमार, अनुस्रेया राजन
कहां देखें: सोनी लिव
‘हबीबी’ की कहानी तिरुनेलवेली के पास बसे एक बुनकरों के कस्बे की है, जो करीब चार दशकों तक चलती है। फिल्म यूसुफ की जिंदगी दिखाती है, जो अपने परिवार की हथकरघा परंपरा को जिंदा रखने की कोशिश कर रहा है। इसी के साथ अबू ताहिर और नीलोफर की प्रेम कहानी भी आगे बढ़ती है। बदलते वक्त के साथ उनके रिश्ते में कई उतार-चढ़ाव आते हैं और उनकी कहानी भी इसी बदलते माहौल के बीच आगे बढ़ती है।
3. अगाधा (Agadha)
निर्देशक: एमएस राजू
कलाकार: कामाक्षी भास्कराला, श्रवण रेड्डी, उल्का गुप्ता, जोविका विजयाकुमार, श्रेया रानी रेड्डी, रोशन बशीर, भानु चंदर
कहां देखें: जी5
‘अगाधा’ की कहानी महादेवी की है, जिसके पास बुरी आत्माओं को भगाने की खास शक्तियां हैं। अपने चचेरे भाई की रहस्यमयी मौत और कई अनसुलझी घटनाओं के बाद वह अपने पुश्तैनी घर लौटती है। वहां पहुंचकर वह इस पूरे मामले की जांच शुरू करती है और एक सुनसान जंगल की गुफा, बारह हाथों वाली एक रहस्यमयी मूर्ति और एक गुप्त पंथ के बारे में पता लगाती है। मानसा और उसके बॉयफ्रेंड की मदद से महादेवी को ‘अगाधा’ नाम की एक खतरनाक अलौकिक शक्ति के बारे में पता चलता है। अब अपने परिवार को बचाने के लिए उसे इस पुरानी और रहस्यमयी ताकत का सामना करना होगा।
4. मैंगो पच्चा (Mango Pachcha)
निर्देशक: विवेका
कलाकार: संचित संजीव, काजल कुंदर, मयूर पटेल, प्रशांत हिरेमठ, उग्रम मंजू, हम्सा नारायणस्वामी, हरिणी श्रीकांत
कहां देखें: जियोहॉटस्टार
‘मैंगो पच्चा’ की कहानी मैसूर में सीडी की दुकान चलाने वाले प्रशांत उर्फ पच्चा की है। पिता की मौत के बाद उसकी जिंदगी अचानक बदल जाती है, जब उसे पता चलता है कि उसका एक ऐसा परिवार भी है, जिसके बारे में उसे पहले कुछ नहीं पता था। उसे अपने सौतेले भाई नागप्पा और परिवार के एक छिपे हुए कारोबार के बारे में भी जानकारी मिलती है। इसके बाद पच्चा धीरे-धीरे इस नई दुनिया में फंसता चला जाता है। नागप्पा के साथ उसका रिश्ता कभी भाईचारे वाला होता है तो कभी दोनों एक-दूसरे के सामने खड़े नजर आते हैं। इसी बीच पच्चा के सामने परिवार और प्यार में से किसी एक को चुनने की मुश्किल स्थिति आ जाती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




