Source :- LIVE HINDUSTAN
केंद्रीय कर्मचारियों को साल 2026 की दूसरी छमाही के महंगाई भत्ते (डीए) का इंतजार है। यह इंतजार कब तक खत्म होगा, आने वाला वक्त बताएगा। इससे पहले, कुछ राज्य की सरकारें अपने अलग-अलग वर्ग के कर्मचारियों के लिए डीए बढ़ोतरी करने लगी हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश राज्य वन विकास निगम (HPSFDCL) के कर्मचारियों के लिए एक अप्रैल, 2025 से डीए में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दी। हिमाचल प्रदेश राज्य वन विकास निगम के निदेशक मंडल ने 21,000 रुपये तक मासिक वेतन पाने वाले 175 कर्मचारियों को बोनस देने को भी मंजूरी दी।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई 216वीं बैठक में निदेशक मंडल ने उन दिहाड़ी मजदूरों की सेवाओं को नियमित करने को मंजूरी दी, जिन्होंने पिछले चार वर्षों में से प्रत्येक वर्ष में 240 दिनों की सेवा पूरी की है। यह मंजूरी हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा एक अप्रैल, 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार दी गई। इसने राज्य सरकार की नीति के अनुसार पात्र अनुबंध कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित करने को भी मंजूरी दी। बोर्ड ने आगे अलग-अलग श्रेणियों के श्रमिकों के लिए न्यूनतम वेतन को 425 रुपये से बढ़ाकर 450 रुपये प्रतिदिन करने को मंजूरी दी, जो एक अप्रैल 2026 से लागू होगा।
केंद्रीय कर्मचारियों को कब मिलेगा तोहफा?
केंद्रीय कर्मचारियों को जुलाई से दिसंबर छमाही के महंगाई भत्ते का इंतजार है। अब तक के पैटर्न को देखें तो सरकार सितंबर या अक्टूबर तक दूसरी छमाही के भत्ते का ऐलान कर सकती है। वित्त मंत्रालय ने अप्रैल में केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए भत्ते में 2% की बढ़ोतरी की घोषणा की।
यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से लागू हुआ है, जिससे DA मूल वेतन का 58% से बढ़कर 60% हो जाएगा। DA में बढ़ोतरी से केंद्र सरकार के लगभग 50 लाख कर्मचारियों और करीब 65 लाख पेंशनभोगियों (जिनमें डिफेंस और रेलवे के कर्मचारी और रिटायर हो चुके लोग भी शामिल हैं) को फायदा होता है।
कितनी बढ़ोतरी की उम्मीद?
ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स फॉर इंडस्ट्रियल वर्कर्स (AICPI-IW) के जून के आंकड़ों का इंतज़ार है । मार्च 2026 के AICPI-IW आंकड़ों के अनुसार इंडेक्स 149.1 था, अप्रैल 2026 में यह 149.9 और मई 2026 में 150.8 रहा।
एक अनुमानित गणना के आधार पर जून 2026 के लिए AICPI-IW का आंकड़ा 151.7 रहने का अनुमान है। AICPI-IW के डेटा पर आधारित अनुमानित ट्रेंड्स के अनुसार कर्मचारियों को इस महीने महंगाई भत्ते में 3-4% की बढ़ोतरी की उम्मीद है। हालांकि, अंतिम बदलाव जून 2026 के AICPI-IW डेटा और सरकार की मंजूरी पर निर्भर करेगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




