Source :- LIVE HINDUSTAN
लगातार 3 दिन लुढ़कने के बाद ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन के शेयरों में तूफानी तेजी देखने को मिली है। ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन के शेयर सोमवार 21 सितंबर को NSE में 5 पर्सेंट चढ़कर 1642.75 रुपये पर बंद हुए हैं। इससे पहले, कंपनी के शेयर 16 सितंबर, 17 सितंबर और 18 सितंबर को लोअर सर्किट पर थे। ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन के शेयर इसी महीने 4 सितंबर को बाजार में लिस्ट हुए हैं। IPO में कंपनी के शेयर का दाम 429 रुपये था। ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन के शेयर सोमवार को 1600 रुपये के ऊपर बंद हुए।
11 दिन में 280% उछल गए हैं ईएसडीएस सॉफ्टवेयर के शेयर
ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन (ESDS Software Solution) के शेयर 4 सितंबर को NSE में अपने आईपीओ प्राइस 429 रुपये के मुकाबले 757 रुपये पर लिस्ट हुए। लिस्टिंग वाले दिन कंपनी के शेयर 908.40 रुपये पर बंद हुए। कंपनी के शेयर 21 सितंबर को NSE में 1642.75 रुपये पर बंद हुए हैं। बाजार में उतरने से लेकर आज तक (21 सितंबर तक) कंपनी के शेयर अपने आईपीओ प्राइस के मुकाबले 280 पर्सेंट से अधिक चढ़ गए हैं। पिछले दिनों कंपनी के शेयर 1827.40 रुपये के लेवल तक भी पहुंचे।
142.88 गुना सब्सक्राइब हुआ था कंपनी का आईपीओ
ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन (ESDS Software Solution) के आईपीओ पर टोटल 142.88 गुना बोली लगी। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशकों या रिटेल इनवेस्टर्स के कोटे में 41.68 गुना दांव लगा। वहीं, गैर-संस्थागत निवेशकों या नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) कैटेगरी में 202.87 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन के आईपीओ में क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का कोटा 274.97 गुना सब्सक्राइब हुआ। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशक कम से कम 1 लॉट और अधिकतम 13 लॉट के लिए दांव लगा सकते थे। आईपीओ की एक लॉट में 34 शेयर थे।
क्या करती है ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन?
ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन (ESDS Software Solution) की शुरुआत अगस्त 2005 में हुई है। कंपनी क्लाउड, मैनेज्ड सर्विसेज, डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर और सॉफ्टवेयर सॉल्यूशंस की एआई इनेबल्ड प्रोवाइडर है। फाइनेंशियल ईयर 2026 में कंपनी ने 2501 कस्टमर्स को अपनी सर्विसेज उपलब्ध कराई हैं और ऑपरेशंस से मिलने वाला रेवेन्यू 4722.10 मिलियन रुपये रहा है। ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन का आईपीओ दांव लगाने के लिए 28 अगस्त 2026 को खुला था और यह 1 सितंबर तक ओपन रहा। आईपीओ से पहले कंपनी में प्रमोटर एंड प्रमोटर ग्रुप की हिस्सेदारी 46.06 पर्सेंट थी, जो कि आईपीओ के बाद 39.47 पर्सेंट रह गई है। ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन का मार्केट कैप सोमवार 21 सितंबर को 19,254 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




