Source :- LIVE HINDUSTAN
लैपटॉप खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो HP ने भारतीय बाजार में दो नए लैपटॉप पेश किए हैं। कंपनी ने HP OmniBook 5 और HP ProBook 4 G2iS को लॉन्च किया है। इन दोनों लैपटॉप में AI फीचर्स के साथ दमदार प्रोसेसर और OLED डिस्प्ले दिया गया है। खास बात यह है कि HP OmniBook 5 में कंपनी 42 घंटे तक की वीडियो प्लेबैक बैटरी लाइफ मिलने का दावा कर रही है। वहीं, ProBook 4 G2iS में 32GB तक RAM और 1TB तक स्टोरेज का सपोर्ट मिलता है। कंपनी ने इन लैपटॉप को अलग-अलग तरह के यूजर्स की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया है। OmniBook 5 को स्टूडेंट्स और रोजाना लैपटॉप इस्तेमाल करने वालों के लिए पेश किया गया है, जबकि ProBook 4 G2iS छोटे बिजनेस और प्रोफेशनल्स को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
HP OmniBook 5 और ProBook 4 G2iS की कीमत
HP OmniBook 5 की शुरुआती कीमत भारत में 1,09,999 रुपये रखी गई है। हालांकि कंपनी की ओर से मिलने वाले ऑफर्स और अफोर्डेबिलिटी बेनिफिट्स के बाद इसे 79,999 रुपये की कीमत पर खरीदा जा सकता है। इस लैपटॉप की प्री-बुकिंग 10 नवंबर तक HP Online Store और HP World Store पर की जा सकती है। इसकी सेल 10 नवंबर से शुरू होगी। HP OmniBook 5 को Smoke Silver, Starlit Blue, Peony Pink और Soft Honeydew जैसे चार कलर में पेश किया गया है। खास बात यह है कि कंपनी ने इस मॉडल में पहली बार ये चार नए कलर ऑप्शन दिए हैं।
वहीं, HP ProBook 4 G2iS 14 की शुरुआती कीमत 86,000 रुपये (टैक्स अलग) रखी गई है। इसका Mist Silver कलर वाला मॉडल 6 नवंबर यानी धनतेरस से उपलब्ध होगा। इसके कुछ वेरिएंट की ऑनलाइन बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। वहीं, Atmospheric Blue और Eclipse Gray कलर वेरिएंट दिसंबर 2026 के आखिर तक उपलब्ध होंगे।
HP OmniBook 5 की खास बातें
HP OmniBook 5 की सबसे बड़ी खासियत इसकी बैटरी लाइफ है। कंपनी का दावा है कि यह लैपटॉप एक बार चार्ज करने पर 42 घंटे तक लोकल वीडियो प्लेबैक दे सकता है। डिजाइन की बात करें तो यह लैपटॉप काफी पतला और हल्का है। इसकी मोटाई सिर्फ 11.77mm है और वजन 1.16kg है। ऐसे में इसे बैग में रखकर कॉलेज, ऑफिस या ट्रैवल के दौरान ले जाना आसान हो सकता है। इसमें 180 डिग्री तक खुलने वाला हिंज भी दिया गया है। यानी जरूरत पड़ने पर स्क्रीन को पूरी तरह फ्लैट किया जा सकता है। कंपनी इसके साथ 65W USB Mini GaN चार्जर भी दे रही है।
HP OmniBook 5 में OLED डिस्प्ले दिया गया है। कंपनी के मुताबिक, इसमें 100% DCI-P3 कलर कवरेज मिलता है। लैपटॉप में HP Eye Ease टेक्नोलॉजी भी दी गई है। इसके अलावा इसमें 90% तक स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो मिलता है। इस में Intel Core 7 तक का प्रोसेसर मिलता है। इसके साथ इंटीग्रेटेड NPU दिया गया है, जो AI से जुड़े काम करने में मदद करता है।
NPU यानी Neural Processing Unit एक खास तरह का प्रोसेसर होता है, जिसे AI से जुड़े कामों को बेहतर तरीके से संभालने के लिए बनाया जाता है। इस लैपटॉप में वीडियो कॉलिंग के लिए FHD IR कैमरा दिया गया है। इसमें Windows Hello फेस रिकग्निशन का सपोर्ट भी मिलता है। यानी यूजर अपने चेहरे की मदद से लैपटॉप को अनलॉक कर सकते हैं। इसके अलावा इसमें डुअल माइक्रोफोन, Poly Studio ट्यूनिंग वाला ऑडियो और DTS Ultra सपोर्ट भी मिलता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



