Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- मनीव्यू लिमिटेड के शेयरों ने लिस्टिंग पर बंपर रिटर्न दिया है
- कंपनी के शेयर BSE में 63.56% के फायदे के साथ 55.61 रुपये पर लिस्ट हुए
- NSE में कंपनी के शेयर 61.76% के प्रीमियम के साथ 55 रुपये पर लिस्ट हुए
- लिस्टिंग के बाद कंपनी के शेयर और उछल गए हैं
मनीव्यू लिमिटेड की शेयर बाजार में धमाकेदार एंट्री हुई है। कंपनी के शेयरों ने पहले ही दिन अपने निवेशकों को बंपर रिटर्न दे दिया है। मनीव्यू लिमिटेड के शेयर गुरुवार को BSE में 63.56 पर्सेंट के फायदे के साथ 55.61 रुपये पर लिस्ट हुए हैं। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में कंपनी के शेयर 61.76 पर्सेंट के प्रीमियम के साथ 55 रुपये पर लिस्ट हुए। मनीव्यू लिमिटेड के आईपीओ में शेयर का दाम 34 रुपये था। कंपनी के आईपीओ का टोटल साइज 1092 करोड़ रुपये तक का था।
लिस्टिंग के बाद और उछल गए कंपनी के शेयर
जबरदस्त फायदे वाली लिस्टिंग के बाद मनीव्यू लिमिटेड के शेयरों में और तेजी देखने को मिली है। कंपनी के शेयर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में 10 पर्सेंट से ज्यादा के उछाल के साथ 62 रुपये पर जा पहुंचे हैं। वहीं, NSE में भी कंपनी के शेयर 62 रुपये पर पहुंच गए हैं। मनीव्यू लिमिटेड का आईपीओ दांव लगाने के लिए 24 सितंबर 2026 को खुला था और यह 28 सितंबर तक ओपन रहा। आईपीओ से पहले कंपनी में प्रमोटर एंड प्रमोटर ग्रुप की हिस्सेदारी 23.96 पर्सेंट थी, जो कि अब 19.31 पर्सेंट रह गई है। वहीं, पब्लिक शेयरहोल्डिंग बढ़कर 80.69 पर्सेंट जा पहुंची है।
IPO में लगी 101 गुना से ज्यादा बोली
मनीव्यू के आईपीओ (Moneyview IPO) में टोटल 101.87 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशकों या रिटेल इनवेस्टर्स की कैटेगरी में 20.41 गुना दांव लगा। मनीव्यू के आईपीओ में गैर संस्थागत निवेशकों या नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का कोटा 120.37 गुना सब्सक्राइब हुआ। कंपनी के आईपीओ में क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) कैटेगरी में 230.54 गुना दांव लगा। मनीव्यू के आईपीओ में आम निवेशक या रिटेल इनवेस्टर्स कम से कम 1 लॉट और अधिकतम 12 लॉट के लिए दांव लगा सकते थे। आईपीओ की एक लॉट में 441 शेयर थे। एक लॉट के लिए रिटेल इनवेस्टर्स को 14,994 रुपये का निवेश करना पड़ा।
क्या करती है मनीव्यू?
मनीव्यू लिमिटेड (Moneyview Limited) की शुरुआत साल 2014 में हुई है। मनीव्यू एक फिनटेक कंपनी है और यह अपने मोबाइल प्लेटफॉर्म के जरिए डिजिटल फाइनेंशियल सर्विसेज उपलब्ध कराती है। मनीव्यू लिमिटेड लोगों को आसान और टेक्नोलॉजी आधारित फाइनेंशियल सॉल्यूशंस ऑफर करने पर फोकस करती है। कंपनी एक डिजिटल प्लेटफॉर्म ऑपरेट करती है, जो कि पर्सनल लोन्स, क्रेडिट ट्रैकिंग और फाइनेंशियल मैनजमेंट सर्विसेज उपलब्ध कराती है। कंपनी कर्ज लेने की पात्रता (क्रेडिट्वर्दीनस) जांचने के लिए डेटा एनालिटिक्स का इस्तेमाल करती है और कस्टमर्स को क्विक लोन अप्रूवल्स देती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




