Source :- KHABAR INDIATV
नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर इस माइथोलॉजिकल फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म में कैकेयी का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री लारा दत्ता की भी खूब तारीफ हो रही है। रिलीज के महज 13 दिनों में फिल्म दुनियाभर में 1400 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर चुकी है। हालांकि फिल्म की कमाई के साथ-साथ इसके भारी-भरकम बजट को लेकर भी लगातार चर्चा हो रही है। दोनों पार्ट का कथित बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या फिल्म इतनी बड़ी रकम बॉक्स ऑफिस से वसूल कर पाएगी? अब इस बहस के बीच लारा दत्ता ने फिल्म की कमाई को लेकर अपना भरोसा जताया है। उनका मानना है कि ‘रामायण’ न सिर्फ अपना बजट वसूल करेगी, बल्कि इससे कहीं ज्यादा कमाई भी कर सकती है।
‘मुझे पूरा भरोसा है कि फिल्म बजट से कहीं ज्यादा कमाएगी’
एनडीटीवी से बातचीत में लारा दत्ता ने फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन और बजट रिकवरी को लेकर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि फिल्म अपनी लागत निकालने में कामयाब रहेगी। उनके मुताबिक, इसकी कमाई सिर्फ सिनेमाघरों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि निर्माता नमित मल्होत्रा ने फिल्म को लेकर जो योजनाएं बनाई हैं, उनसे भी इसे फायदा मिल सकता है। लारा ने कहा, ‘क्या फिल्म अपनी लागत निकाल पाएगी? मुझे पूरा-पूरा भरोसा है कि ऐसा होगा। सिर्फ बॉक्स ऑफिस के जरिए ही नहीं, बल्कि नमित ने इसके लिए जो भी योजनाएं बनाई हैं, उनके जरिए भी। मुझे नहीं लगता कि फिल्म सिर्फ अपना बजट वसूल करेगी। मेरा मानना है कि यह उससे कहीं ज्यादा कमाई करेगी।’
‘रामायण’ ने भारतीय सिनेमा को वैश्विक मंच पर पहुंचाया
लारा दत्ता ने फिल्म की तारीफ करते हुए कहा कि ‘रामायण’ ने भारतीय सिनेमा को वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान दिलाई है। उनके मुताबिक, यह फिल्म दुनिया की बेहतरीन फिल्मों के साथ खड़े होने की भारतीय सिनेमा की क्षमता दिखाती है। उन्होंने यह भी कहा कि इतनी बड़ी फिल्म बनाने के लिए जिस तरह के साहस और आत्मविश्वास की जरूरत होती है, वह काबिल-ए-तारीफ है।
अभिनेत्री ने कहा कि फिल्म के निर्माताओं ने इतने बड़े प्रोजेक्ट में पैसा लगाने का जोखिम उठाया और अपने विजन पर भरोसा बनाए रखा। उनके मुताबिक आलोचनाओं और संदेहों के बीच अपने लक्ष्य पर टिके रहना आसान नहीं होता। इसके लिए बहुत मजबूत इच्छाशक्ति की जरूरत पड़ती है। लारा ने फिल्म के प्रीमियर का अनुभव साझा करते हुए कहा कि इसे देखने के बाद उन्हें एक भारतीय होने पर गर्व महसूस हुआ। उन्होंने कहा कि फिल्म देखने के बाद देश और दुनिया में रहने वाले भारतीयों के मन में भी इसी तरह का गर्व पैदा हो रहा है। उनके लिए यह सिर्फ एक फिल्म का हिस्सा होना नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा की उपलब्धि का हिस्सा बनना है।
4000 करोड़ रुपये बताया गया है दोनों पार्ट का बजट
‘रामायण’ को भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल किया जा रहा है। निर्माता नमित मल्होत्रा पहले ही पुष्टि कर चुके हैं कि फिल्म के दोनों पार्ट का कुल बजट करीब 4000 करोड़ रुपये है। इसी वजह से फिल्म के कारोबार और लागत की भरपाई को लेकर लगातार चर्चा हो रही है। वहीं फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने हाल ही में इस बजट को लेकर अलग दावा किया था। उनका कहना था कि ‘रामायण’ के पहले पार्ट का बजट 800 करोड़ रुपये से कम है और यह फिल्म पहले ही पार्ट से पूरी लागत निकालने में सफल हो सकती है। हालांकि नमित मल्होत्रा की ओर से दोनों पार्ट के लिए बताई गई कुल रकम 4000 करोड़ रुपये है।
रणबीर कपूर बने हैं भगवान राम, 2028 में आएगा दूसरा पार्ट
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ का निर्माण नमित मल्होत्रा ने प्राइम फोकस स्टूडियोज के बैनर तले किया है। इस प्रोजेक्ट में यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस और डीएनईजी भी साझेदार हैं। फिल्म महर्षि वाल्मीकि की रामायण पर आधारित है। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म का पहला पार्ट सिनेमाघरों में चल रहा है, जबकि दूसरा पार्ट 2028 में रिलीज होने वाला है। रिलीज के बाद से ही फिल्म को दर्शकों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
SOURCE : KHABAR INDIATV




