Source :- LIVE HINDUSTAN

घरेलू शेयर बाजार के दिग्गज निवेशक विजय किशनलाल केडिया के पोर्टफोलियो में शामिल इंफ्रास्ट्रक्चर और सिविल कंस्ट्रक्शन इंडस्ट्री कंपनी पटेल इंजीनियरिंग के शेयर बुधवार को 30 रुपये के पार जा पहुंचे हैं। पटेल इंजीनियरिंग के शेयर बुधवार को BSE में 7 पर्सेंट से अधिक के उछाल के साथ 30.68 रुपये पर बंद हुए हैं। 5 दिन में कंपनी के शेयर 15 पर्सेंट से ज्यादा चढ़ गए हैं। पटेल इंजीनियरिंग ने सोमवार 15 जून को एक्सचेंज फाइलिंग में बताया है कि उसे 126 करोड़ रुपये से ज्यादा का ऑर्डर मिला है। पिछले कुछ महीनों में पटेल इंजीनियरिंग को दनादन ऑर्डर मिले हैं।

विजय केडिया के पास हैं पटेल इंजीनियरिंग के 1 करोड़ से ज्यादा शेयर
दिग्गज इनवेस्टर विजय किशनलाल केडिया का पटेल इंजीनियरिंग पर बड़ा दांव है। केडिया के पास पटेल इंजीनियरिंग के 1,00,25,099 शेयर हैं। कंपनी में विजय केडिया की हिस्सेदारी 1.01 पर्सेंट है। केडिया ने अपनी निवेश इकाई केडिया सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड के जरिए पटेल इंजीनियरिंग पर दांव लगाया हुआ है। बैंक ऑफ बड़ौदा के पास भी कंपनी के 99,75,000 शेयर हैं।

पटेल इंजीनियरिंग के संयुक्त उपक्रम को मिला है ऑर्डर
पटेल इंजीनियरिंग के एक संयुक्त उपक्रम (ज्वाइंट वेंचर) को महाराष्ट्र में तासगांव लिफ्ट इरिगेशन स्कीम के लिए महाराष्ट्र कृष्णा वैली डिवेलपमेंट कॉरपोरेशन से एक लेटर ऑफ अवॉर्ड (LoA) मिला है। कंपनी के संयुक्त उपक्रम को मिले इस ऑर्डर की वैल्यू 126.37 करोड़ रुपये है। संयुक्त उपक्रम में पटेल इंजीनियरिंग की हिस्सेदारी 51 पर्सेंट है, ऐसे में कॉन्ट्रैक्ट में कंपनी का हिस्सा 64.45 करोड़ रुपये का होगा। इस प्रोजेक्ट में सतारा जिले के 6 गांवों के 2,277 हेक्टेयर कमांड एरिया में इरिगेशन एंड वॉटर डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम का कंस्ट्रक्शन शामिल है। इस प्रोजेक्ट को 48 महीनों के भीतर पूरा किया जाना है।

पटेल इंजीनियरिंग को हाल में मिले प्रोजेक्ट्स
पटेल इंजीनियरिंग (Patel Engineering) को पिछले दिनों ही नेपाल के संखुवासभा जिले में एक हाइड्रो-इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट कॉन्ट्रैक्ट मिला है। इस कॉन्ट्रैक्ट की वैल्यू 1593.08 करोड़ रुपये है। कंपनी ने रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि उसे SJVN के पूर्ण मालिकाना हक वाली इकाई एसजेवीएन लोअर अरुण पावर डिवेलपमेंट कंपनी ने लोअर अरुण हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट, पैकेज-2 के लिए सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी (लोएस्ट बिडर) घोषित किया है। इस प्रोजेक्ट को 54 महीने में पूरा किया जाना है। इससे पहले, पटेल इंजीनियरिंग को भूटान स्थित दोरजिलुंग हाइड्रो पावर लिमिटेड से 230 करोड़ रुपये का एक प्रोजेक्ट मिला था। हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन ने रेणुका जी डैम प्रोजेक्ट के पैकेज 1 के डिवेलपमेंट के लिए पटेल इंजीनियरिंग को लोएस्ट बिडर घोषित किया था। कंपनी को मिला यह प्रोजेक्ट 910.08 करोड़ रुपये का है।

2 बार बोनस शेयर भी बांट चुकी है कंपनी
पटेल इंजीनियरिंग (Patel Engineering) अपने शेयरधारकों को 2 बार बोनस शेयर भी बांट चुकी है। पटेल इंजीनियरिंग ने नवंबर 2001 में अपने निवेशकों को 1:2 के रेशियो में बोनस शेयर दिए। यानी, कंपनी ने हर 2 शेयर पर 1 बोनस शेयर बांटा है। कंपनी ने अक्टूबर 2004 में 1:1 के अनुपात में बोनस शेयर दिए। यानी, कंपनी ने हर 1 शेयर पर 1 बोनस शेयर बांटा।

विजय केडिया ने हाल में इन कंपनियों पर लगाया है दांव
विजय किशनलाल केडिया (Vijay Kedia) ने पिछली कुछ तिमाहियों में SPML इंफ्रा, वेबसोल एनर्जी, महामाया साइंसेज और एक्साटो टेक्नोलॉजीज पर दांव लगाया है। Trendlyne पर दिए गए डेटा के मुताबिक, विजय केडिया के पास SPML इंफ्रा के 14,98,107 शेयर हैं। कंपनी में केडिया की 1.9 पर्सेंट हिस्सेदारी है। वहीं, केडिया के पास वेबसोल एनर्जी के 44,44,444 शेयर हैं। मार्च 2026 तिमाही के शेयरहोल्डिंग के मुताबिक, केडिया के पास महामाया लाइफसाइंसेज के 1,060,800 शेयर हैं। वहीं, दिग्गज निवेशक के पास एक्साटो टेक्नोलॉजीज के 713,436 शेयर हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN