Home rss business hindi 52 वीक हाई पर पहुंचा यह शेयर, 71% तक चढ़ सकता है...

52 वीक हाई पर पहुंचा यह शेयर, 71% तक चढ़ सकता है भाव, CLSA को है उम्मीद

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • CLSA का कहना है कि भारत में लोग एक बार फिर सिनेमाघरों का रुख कर रहे हैं
  • लंबे समय तक घर पर ओटीटी और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर फिल्में देखने के बाद अब दर्शक बड़े पर्दे पर फिल्म देखना पसंद कर रहे हैं

PVR INOX Share: पीवीआर आईनॉक्स के शेयरों में आज बुधवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान आज यह शेयर करीब 10 फीसदी तक चढ़ गया था। इसी के साथ यह शेयर 1373.30 रुपये के 52 वीक हाई पर पहुंच गया। बता दें कि बीते मंगलवार को पीवीआर आईनॉक्स का शेयर 1251.35 रुपये पर बंद हुआ था। पिछले तीन दिनों से इस शेयर में लगातार तेजी देखी जा रही है। शेयरों में इस तेजी के पीछे एक अच्छी खबर है। दरअसल, शेयर में यह तेजी ब्रोकरेज फर्म CLSA की रिपोर्ट के बाद आई है। CLSA ने पीवीआर आईनॉक्स के शेयर पर अपनी ‘आउटपरफॉर्म’ रेटिंग बरकरार रखी है और इसका टारगेट प्राइस ₹2135 प्रति शेयर तय किया है। यह टारगेट शेयर की पिछली बंद कीमत यानी मंगलवार के बंद प्राइस से करीब 71 फीसदी ज्यादा है। इसका मतलब है कि CLSA को उम्मीद है कि यह शेयर आने वाले दिनों में 71 पर्सेंट तक चढ़ सकता है।

सिनेमा देखने वालों की बढ़ रही है संख्या

CLSA का कहना है कि भारत में लोग एक बार फिर सिनेमाघरों का रुख कर रहे हैं। लंबे समय तक घर पर ओटीटी और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर फिल्में देखने के बाद अब दर्शक बड़े पर्दे पर फिल्म देखना पसंद कर रहे हैं। खासकर प्रीमियम सिनेमा और घर से बाहर एंटरटेनमेंट के लिए लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है। ब्रोकरेज के मुताबिक, ओटीटी प्लेटफॉर्म को लेकर लोगों में आई बोरियत भी सिनेमाघरों में दर्शकों की वापसी की एक वजह हो सकती है।

हर साल करीब 1,500 फिल्में होती हैं रिलीज

भारत में हर साल करीब 1,500 फिल्में रिलीज होती हैं। इनमें बॉलीवुड के साथ-साथ हॉलीवुड और अलग-अलग भाषाओं की क्षेत्रीय फिल्में भी शामिल हैं। CLSA के मुताबिक, फिल्मों की क्वालिटी में भी लगातार सुधार देखने को मिल रहा है। बेहतर कंटेंट और अलग-अलग तरह की फिल्मों की वजह से दर्शकों की दिलचस्पी बनी हुई है। इसका सीधा फायदा मल्टीप्लेक्स कंपनियों को मिल सकता है। अगर अच्छी फिल्मों की रिलीज का सिलसिला आगे भी जारी रहता है, तो सिनेमाघरों में फुटफॉल यानी दर्शकों की संख्या और बढ़ सकती है।

पीवीआर आईनॉक्स की मजबूत पकड़

पीवीआर आईनॉक्स भारत की सबसे बड़ी मल्टीप्लेक्स कंपनियों में से एक है। कंपनी देश के करीब 4,000 मल्टीप्लेक्स स्क्रीन में से लगभग 1,800 स्क्रीन का ऑपरेशन करती है। कंपनी के सिनेमाघरों में भी दर्शकों की संख्या में सुधार देखने को मिल रहा है। ऐसे में अगर थिएटर में लोगों की आवाजाही बढ़ती है, तो इसका सीधा फायदा पीवीआर आईनॉक्स के कारोबार को मिल सकता है।

छोटे शहरों में भी विस्तार की तैयारी

पीवीआर आईनॉक्स अब सिर्फ बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना चाहती। कंपनी ने टियर-3 और टियर-4 शहरों में करीब 300 जगहों की पहचान की है, जहां स्मार्ट-स्क्रीन के जरिए अपना नेटवर्क बढ़ाने की योजना है। कंपनी इस विस्तार पर होने वाला खर्च अपने कारोबार से आने वाले पैसे यानी इंटरनल कैश फ्लो से कर रही है। इससे आने वाले समय में कंपनी के पास बड़े शहरों के अलावा छोटे शहरों से भी कमाई बढ़ाने का मौका हो सकता है।

कंपनी की वित्तीय स्थिति भी मजबूत

CLSA ने पीवीआर आईनॉक्स की मजबूत वित्तीय स्थिति को भी कंपनी के लिए एक पॉजिटिव पहलू बताया है। ब्रोकरेज के मुताबिक, कंपनी के पास नेट कैश पोजीशन है। इसके अलावा पीवीआर आईनॉक्स ने हाल ही में ₹300 करोड़ का अपना पहला शेयर बायबैक भी पूरा किया है। इससे कंपनी की मजबूत बैलेंस शीट का संकेत मिलता है। ऐसे में ब्रोकरेज का मानना है कि सिनेमा कारोबार में सुधार, दर्शकों की बढ़ती संख्या, छोटे शहरों में विस्तार और मजबूत वित्तीय स्थिति पीवीआर आईनॉक्स के शेयर के लिए आगे भी अहम भूमिका निभा सकती है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN