Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- 8th Pay Commission: सोशल मीडिया पर 8वें वेतन आयोग के फिटमेंट फैक्टर को लेकर कई आंकड़े वायरल हो रहे हैं
- इनमें 2.57, 2.86, 3.00 और 3.15 जैसे फैक्टर शामिल हैं
- सरकार की ओर से न तो नई सैलरी लागू करने की तारीख बताई गई और न ही फिटमेंट फैक्टर को लेकर कोई फैसला घोषित किया गया है
केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए 8वें वेतन आयोग से जुड़ा अहम अपडेट है। 8वें केंद्रीय वेतन आयोग के गठन को एक साल, 3 नवंबर 2026 को ही पूरा हो गया। करीब 48.54 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68.71 लाख पेंशनर्स का सबसे बड़ा सवाल यह है कि सैलरी और पेंशन कब बढ़ेगी?
बता दें आयोग को अपनी सिफारिशें सौंपने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है। इस हिसाब से मई 2027 के आसपास आयोग अपनी रिपोर्ट दे सकता है। वहीं, कर्मचारी संगठनों की ओर से 8वें वेतन आयोग के सामने मिनिमम बेसिक सैलरी 69,000 रुपये करने और 3.833 फिटमेंट फैक्टर लागू करने की मांग रखी गई है।
हालांकि, यह कर्मचारियों की मांग है, न कि आयोग की ओर से तय की गई सैलरी। आयोग अपनी सिफारिशों में क्या प्रस्ताव देता है और सरकार उसे कितना मंजूर करती है, यह बाद में स्पष्ट होगा। अभी तक कर्मचारियों की सैलरी और पेंशन में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
सरकार ने संसद में क्या बताया?
10 अगस्त 2026 को लोकसभा में पहली बार मोदी सरकार ने फिटमेंट फैक्टर पर जवाब दिया था। एक सवाल के जवाब में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने बताया था कि 8वें वेतन आयोग ने अभी तक अपनी सिफारिशें सरकार को नहीं सौंपी हैं। सरकार की ओर से न तो नई सैलरी लागू करने की तारीख बताई गई और न ही फिटमेंट फैक्टर को लेकर कोई फैसला घोषित किया गया है।
2.57 से 3.15 तक के फिटमेंट फैक्टर पर फैसला नहीं
सोशल मीडिया पर 8वें वेतन आयोग के फिटमेंट फैक्टर को लेकर कई आंकड़े वायरल हो रहे हैं। इनमें 2.57, 2.86, 3.00 और 3.15 जैसे फैक्टर शामिल हैं, लेकिन इनमें से किसी पर भी सरकार की आधिकारिक मुहर नहीं लगी है।
इसी तरह, एक वायरल दावे में कहा जा रहा है कि 25,000 रुपये की बेसिक पेंशन बढ़कर 87,500 रुपये हो सकती है। यह गणना 3.5 फिटमेंट फैक्टर मानकर की गई है। फिलहाल इसे केवल अनुमान ही माना जाना चाहिए।
DA में 3 फीसद की बढ़ोतरी अलग फैसला
इस बीच केंद्र सरकार ने 28 अक्टूबर को केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3 फीसद की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद DA और DR 60 फीसद से बढ़कर 63 फीसद हो गया है। यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2026 से प्रभावी है।
इस फैसले से करीब 48.54 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68.71 लाख पेंशनर्स को फायदा मिलेगा। सरकार पर इससे सालाना करीब 10,016.10 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा। हालांकि, DA में यह बढ़ोतरी नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है और इसका 8वें वेतन आयोग से सीधा संबंध नहीं है।
अभी कर्मचारियों को करना होगा इंतजार
8वां वेतन आयोग फिलहाल अलग-अलग पक्षों से बातचीत और परामर्श की प्रक्रिया में है। अक्टूबर में आयोग ने मुंबई में मीटिंग भी किया था। अब आयोग की रिपोर्ट आने के बाद सरकार उस पर विचार करेगी और फिर सैलरी, पेंशन, फिटमेंट फैक्टर तथा लागू होने की तारीख को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
इसलिए केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे सैलरी और पेंशन के आंकड़ों को अंतिम फैसला नहीं मानना चाहिए। आधिकारिक जानकारी के लिए वेतन आयोग, वित्त मंत्रालय और PIB के अपडेट्स पर ही भरोसा करना बेहतर होगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




