Source :- BBC INDIA

मसूद पेज़ेश्कियान

इमेज स्रोत, Iranian Presidency/Anadolu via Getty Images

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा है कि वो लड़ाई ख़त्म करने के लिए एक सम्मानजनक रास्ता तलाशने को तैयार है.

यह बात राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने अमेरिका की ओर से हुए ताज़ा हमलों के बाद मंगलवार को कही है.

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक़, मंगलवार को क़तर के अमीर शेख़ तमीम बिन हमाद अल-थानी से फ़ोन पर बातचीत के दौरान राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने उन्हें समर्थन के लिए धन्यवाद किया.

राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने आगे कहा कि “ईरान हमेशा बातचीत और समझौते के उसूलों का पालन करता रहा है.”

उन्होंने कहा, “अब वक़्त आ गया है कि दूसरा पक्ष अपने वादे सिर्फ़ बोलकर ही नहीं, बल्कि पूरा करके भी दिखाए.”

ईरानी राष्ट्रपति ने आगे कहा, “इलाके में शांति और स्थिरता लाने के लिए साफ़ रास्ता बनाने की कोशिश हो रही है. इसके लिए ज़रूरी काग़ज़ात और समझौते तैयार किए जा रहे हैं और उन्हें पूरा करने का काम तेज़ी से चल रहा है.”

उल्लेखनीय है कि ईरानी मीडिया ने सोमवार को रिपोर्ट किया कि बंदर अब्बास और शहर के हवाई अड्डे के आस-पास एक विस्फोट की आवाज़ सुनी गई.

अमेरिकी सेना ने बाद में पुष्टि की कि उसने सोमवार को दक्षिणी ईरान पर नए हमले किए, जिसमें ईरान के मिसाइल ठिकानों और उन बोट्स को निशाना बनाया गया जो ‘माइन्स बिछाने की कोशिश कर रहीं थीं’.

अमेरिकी सेंट्रल कमांड के एक बयान में कहा गया है कि ये हमले ‘आत्मरक्षा’ में किए गए.

SOURCE : BBC NEWS