Source :- LIVE HINDUSTAN
ईरान ने कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाया और हवाई हमला किया। इसमें एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। इस हमले के बाद हवाई यातायात को भी रोक दिया गया।
ईरान ने कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाते हुए हवाई हमला किया। इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। कुवैत स्थित भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कुवैत एयर पोर्ट पर किए गए हमले में एक भारतीय नागरिक की मृत्यु पर गहरी संवेदना व्यक्त की।
दूतावास ने कहा कि वह शोक संतप्त परिवार के साथ-साथ घटना में घायल हुए लोगों को हर संभव मदद और समर्थन देने के लिए कुवैती प्रशासन के साथ तालमेल कर रहा है। कुवैत ने बुधवार को तब हवाई यातायात को सस्पेंड कर दिया, जब ईरान के हमलों में ‘टर्मिनल वन’ को निशाना बनाया गया। इस हमले से जानमाल का नुकसान हुआ और एयरपोर्ट को भी नुकसान पहुंचा। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के प्रवक्ता अब्दुल्ला अल-राजही ने सरकारी समाचार एजेंसी ‘केयूएनए’ को यह जानकारी दी।
यह ड्रोन हमला तब किया गया जब मंगलवार देर रात ईरान और अमेरिका ने एक-दूसरे पर मिसाइल हमले किए थे। ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसियों ने दावा किया कि देश ने अमेरिका और इजरायल के साथ युद्धविराम की अवधि बढ़ाने के बारे में मध्यस्थों के साथ बातचीत बंद कर दी है। एक क्षेत्रीय अधिकारी ने कहा कि ईरान चाहता था कि वार्ता फिर से शुरू करने से पहले लेबनान में हुए संघर्ष विराम को पूरी तरह लागू कराया जाए।
इस बीच, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस दावे का खंडन किया और कहा कि बातचीत जारी है। यह बातचीत कई सप्ताह से खिंचती जा रही है और खाड़ी क्षेत्र में बार-बार होने वाले हमलों और लेबनान में इजरायल के बढ़ते युद्ध से इन प्रयासों पर और भी दबाव पड़ रहा है। ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट पर अपना नियंत्रण बनाए रखा है जो दुनिया के तेल और प्राकृतिक गैस के परिवहन के लिए एक महत्वपूर्ण मार्ग है। अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी जारी रखी है।
कुवैत के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल सऊद अब्दुलअजीज अल-ओतैबी ने बताया कि कई दुश्मन ड्रोनों ने कुवैत एयरपोर्ट की इमारत को निशाना बनाया, जिससे इमारत को भारी नुकसान पहुंचा और कई लोग घायल हो गए। बाद में, कुवैत के विदेश मंत्रालय ने कहा कि कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई है। सरकारी मीडिया ने अपनी खबर में बताया कि कुवैत एयरवेज ने अपनी उड़ानों का संचालन सस्पेंड कर दिया था।
नागरिक उड्डयन अधिकारियों ने कहा कि एयरपोर्ट को बाद में आंशिक रूप से फिर से खोल दिया गया और कुवैत एयरवेज की उड़ानें प्रभावित टर्मिनल के बजाय दूसरे टर्मिनल से फिर से शुरू हुईं। अमेरिकी सेना ने दावा किया कि ईरान ने कुवैत पर दो मिसाइलें दागीं जिन्हें रास्ते में मार गिराया गया। अमेरिकी सेना ने कहा कि उसने कुवैत और बहरीन पर दागी गई ईरानी मिसाइलों के जवाब में ईरान के एक सैन्य स्टेशन को निशाना बनाया। ईरान के अर्धसैनिक ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ ने स्वीकार किया कि उसने पांचवें बेड़े के मुख्यालय और एक अन्य देश में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया था, लेकिन उसने कुवैत का नाम नहीं लिया। उसने कहा कि ये हमले केशम द्वीप पर हुए हमलों के जवाब में किये गए थे।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







