Source :- LIVE HINDUSTAN
युद्धविराम की चर्चाओं के बीच ईरान युद्ध के मैदान में फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। अमेरिका के साथ हुई गोलीबारी के बाद अब ईरान ने कुवैत एयरपोर्ट पर अटैक कर दिया है। वहीं, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर भी नाकेबंदी के बीच दोनों मुल्कों के बीच भारी तनाव देखने को मिल रहा है।
कुवैत ने बुधवार को कहा कि ईरान की ओर से किए गए ड्रोन हमले के बाद उसने कमर्शियल फ्लाइट्स निलंबित कर दी हैं। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल सऊद अब्दुलअजीज अल-ओतैबी ने बताया कि ‘कई दुश्मन ड्रोनों’ ने कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की यात्री इमारत को निशाना बनाया, जिससे इमारत को भारी नुकसान पहुंचा और ‘कई लोग’ घायल हो गए।
यह ड्रोन हमला ऐसे समय हुआ, जब मंगलवार देर रात ईरान और अमेरिका ने एक-दूसरे पर मिसाइल हमले किए थे। अमेरिकी सेना ने कहा कि उसने कुवैत और बहरीन पर दागी गई ईरानी मिसाइलों के जवाब में ईरान के एक सैन्य स्टेशन को निशाना बनाया।
होर्मुज पर बढ़ा तनाव
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर सैन्य टकराव शुरू हो गया है। IRGC यानी ईरानी की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स ने दावा किया कि केश्म द्वीप पर हुए अमेरिकी हमले के जवाब में उसने कुवैत और बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। ईरान के मुताबिक, अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े के मुख्यालय, सैन्य एयरबेस और हेलीकॉप्टरों पर मिसाइलों और ड्रोन से हमले किए गए। उधर अमेरिका ने कहा है कि उसने कुवैत और बहरीन पर हुए ईरानी मिसाइल एवं ड्रोन हमलों को नाकाम कर दिया है।
अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड (CENTCOM )ने बताया कि कुवैत पर दागी गई दो ईरानी मिसाइलें रास्ते में ही गिर गईं या टूट गईं, जबकि बहरीन को निशाना बनाने वाली तीन मिसाइलों को अमेरिका और बहरीन के रक्षा बलों ने इंटरसेप्ट कर लिया। इसके अतिरिक्त, कुवैत में अमेरिकी बलों को निशाना बनाने वाले छोडे़ गए असंख्य ड्रोन को बिना किसी नुकसान के निष्क्रिय कर दिया गया।
अमेरिका हुआ ऐक्टिव
इससे पहले अमेरिकी बलों ने ईरान के केश्म द्वीप पर स्थित सैन्य ठिकानों और एक ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन पर भी हवाई हमले किये। सेंटकॉम ने यह भी जानकारी दी कि उसने क्षेत्रीय जलक्षेत्र से वैध रूप से गुजर रहे नागरिक नाविकों की ओर ईरान द्वारा लॉन्च किए गए तीन ‘वन-वे अटैक ड्रोन’ को हवा में ही मार गिराया। दोनों तरफ से हुई इस भारी गोलाबारी ने ईरान-अमेरिका के बीच लागू युद्धविराम समझौते पर संकट गहरा गया है।
कैसे छिड़ा विवाद
सेंटकॉम के अनुसार, यह ताजा विवाद तब शुरू हुआ जब मंगलवार को अमेरिकी बलों ने अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में होर्मुज की अमेरिकी नाकेबंदी को तोड़ने का प्रयास कर रहे एक खाली टैंकर को रोकने की कार्रवाई की। बोत्सवाना के ध्वज वाले इस ‘एम/टी लेक्सी’ नामक टैंकर को चालक दल ने 24 घंटे की अवधि में बार-बार दी चेतावनियों को नजरअंदाज करने के बाद निशाना बनाया। जब यह टैंकर कुवैत के पास जलमार्ग के उत्तर में स्थित ईरान के खार्ग द्वीप की ओर बढ़ रहा था, तब अमेरिकी विमान ने इसके इंजन को निष्क्रिय करने के लिए एक हेलफायर मिसाइल दागी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







