Source :- LIVE HINDUSTAN
कई बार असफल शुरुआतों के बाद अब रोबोटैक्सी उद्योग ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। उबर की सेल्फ-ड्राइविंग तकनीक वाली न्यूरो के साथ मिलकर 35,000 रोबोटैक्सी सड़कों पर उतारने की योजना है।
राइड-हेलिंग दिग्गज उबर ने सेल्फ-ड्राइविंग स्टार्टअप न्यूरो में लगभग 50 करोड़ डॉलर की भारी-भरकम निवेश की प्रतिबद्धता जताई है। यह रकम सिर्फ एक निवेश नहीं, बल्कि कंपनी की रोबोटैक्सी को कमर्शियल रूप से सड़कों पर उतारने की बड़ी योजना का अहम हिस्सा है। मामले की जानकारी रखने वाले दो सूत्रों ने रॉयटर्स को बताया कि इन वित्तीय संबंधों का पूरा आकार पहली बार सामने आया है।
रोबोटैक्सी की दुनिया में एक बार फिर तेजी
कई बार असफल शुरुआतों के बाद अब रोबोटैक्सी उद्योग ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। टेस्ला, अल्फाबेट की वेमो और अमेजन की जूक्स जैसी कंपनियां डेवलपमेंट, ट्रायल और शुरुआती व्यावसायिक सर्विसेज में जुटी हैं। उबर खुद को इस नए उद्योग के लिए एक मंच के रूप में स्थापित कर रही है।
वह चीन की बायडू, अमेरिकी इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता रिवियन, ब्रिटिश स्टार्टअप वेव जैसी कई स्वायत्त वाहन कंपनियों के साथ साझेदारी कर चुकी है। कुछ अमेरिकी शहरों में उबर, वेमो के साथ भी काम कर रही है।
उबर, न्यूरो और ल्यूसिड की तिकड़ी पर बड़ा दांव
उबर की इस प्रतिबद्धता का एक बड़ा हिस्सा एक त्रिकोणीय साझेदारी है, जिसमें इलेक्ट्रिक कार कंपनी ल्यूसिड और सेल्फ-ड्राइविंग तकनीक वाली न्यूरो शामिल हैं। इस समझौते के तहत 35,000 रोबोटैक्सी सड़कों पर उतारने की योजना है। इन टैक्सियों में ल्यूसिड की ग्रेविटी एसयूवी और भविष्य में आने वाली मिडसाइज कारें इस्तेमाल होंगी, जिनमें न्यूरो की तकनीक लगी होगी और इनका संचालन उबर के प्लैटफॉर्म के जरिए होगा।
उबर और न्यूरो के बीच वित्तीय जुड़ाव का यह पूरा विवरण पहले कभी रिपोर्ट नहीं किया गया था। उबर ने पहले ल्यूसिड में 50 करोड़ डॉलर निवेश की जानकारी दी थी और न्यूरो में एक करोड़ों डॉलर के शुरुआती निवेश की बात कही थी। इसमें न्यूरो के 20.3 करोड़ डॉलर के फंडिंग राउंड में भागीदारी शामिल थी, जिसने सिलिकॉन वैली की इस स्टार्टअप का मूल्य 600 करोड़ डॉलर आंका था।
अब दोनों सूत्रों के अनुसार, उबर ने अपने पहले निवेश से कहीं बड़ा एक और फॉलो-ऑन निवेश किया है, जिसकी जानकारी पहले सार्वजनिक नहीं की गई थी। साथ ही, उबर ने न्यूरो के कुछ खास डेवलपमेंट और बिजनेस टार्गेट हासिल करने पर अतिरिक्त राशि देने की भी सहमति दी थी। इन तमाम प्रतिबद्धताओं को मिलाकर यह रकम करीब 50 करोड़ डॉलर तक पहुंचती है।
शर्तों पर जारी होगा बाकी पैसा
न्यूरो ने शुरुआती कुछ लक्ष्यों को समय पर पूरा कर लिया है, जिसके बाद उबर की ओर से कुछ फंड पहले ही जारी किए जा चुके हैं। बाकी बचा पैसा अगले लक्ष्यों पर टिका है। इनमें इस साल के अंत तक बिना सुरक्षा चालक के परीक्षण, साल खत्म होने तक ड्राइवरलेस कारों में यात्रियों को बिठाना और अगले साल सेवा का तेजी से विस्तार करना शामिल है। हालांकि, उबर और न्यूरो ने इस पर कोई टिप्पणी करने से मना कर दिया।
न्यूरो की नई राह और लॉन्च की तैयारी
न्यूरो के लिए यह निवेश बेहद अहम है, जो अपनी तकनीक को व्यावसायिक स्तर पर साबित करने में लंबी राह का खर्च उठाने में मददगार होगा। कंपनी ने शुरुआत में छोटे डिलीवरी रोबोट बनाए थे, लेकिन 2024 में रणनीति बदलते हुए इसने कार निर्माताओं और मोबिलिटी कंपनियों को अपना सेल्फ-ड्राइविंग सॉफ्टवेयर लाइसेंस देने पर ध्यान केंद्रित कर लिया।
इस समय कंपनी सेफ्टी ड्राइवरों के साथ परीक्षण कर रही है और सैन फ्रांसिस्को खाड़ी क्षेत्र में इस साल के अंत तक सर्विस शुरू होने की उम्मीद है। अप्रैल में कंपनी को कैलिफोर्निया के कुछ जिलों में बिना सुरक्षा चालक के ग्रेविटी ऑटोनॉमस वाहनों के परीक्षण की अनुमति मिली और मई में ड्राइवर के साथ यात्रियों को ले जाने की मंजूरी भी मिल गई। न्यूरो को एनवीडिया और सॉफ्टबैंक जैसे निवेशकों का भी साथ हासिल है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







