Source :- LIVE HINDUSTAN
लौकी खाना सेहत के लिए फायदेमंद होता है लेकिन कई लोगों को इसकी सब्जी खाना पसंद नहीं होता है। तो आप लौकी की मिठाई बनाकर भी खा सकते हैं। चलिए आज बताते हैं यूपी स्टाइल में लौकी की मिठाई कैसे बनाएं।
Lauki Sweet Recipe: लौकी की सब्जी या फिर कोफ्ता कई लोगों को खाना पसंद होता है लेकिन क्या आपने इसकी मिठाई खाई है। उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मियों मे लौकी की मिठाई जरूर बनाई जाती है और मेहमानों को पानी के साथ ये दी जाती है। वैसे तो लौकी कई लोगों को पसंद भी नहीं होती लेकिन इससे बनी मिठाई जरूर पसंद आएगी। लौकी की मिठाई बनाना ज्यादा मुश्किल भी नहीं है और इसे आप प्रेशर कुकर में फटाफट बना सकती हैं। अगर डायबिटीज के मरीज घर पर हैं, तो बिना चीनी और गुड़ के इसे तैयार कर सकते हैं। आपकी मिठाई ऐसे बनकर तैयार हो जाएगी कि मुंह में जाते ही इसकी मिठास घुल जाएगी। तो चलिए आपको लौकी की मिठाई की स्पेशल रेसिपी बताते हैं।
लौकी की मिठाई बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए-
लौकी- 1 किलो (छिली और कद्दूकस की हुई)
दूध- 500 मिलीलीटर
खजूर- 100 ग्राम
देसी घी- 2 बड़े चम्मच
इलायची पाउडर- 1 छोटा चम्मच
काजू- 10 से 12 (कटे हुए)
बादाम- 10 से 12 (कटे हुए)
पिस्ता- 1 बड़ा चम्मच (बारीक कटा हुआ)
किशमिश- 1 बड़ा चम्मच
खोया (मावा)- 100 ग्राम (ऑप्शनल)
लौकी तैयार कर लें
सबसे पहले आपको लौकी को धोकर धीलकर कद्दूकस कर लेना है। अगर लौकी में बीज ज्यादा हो, तो उन्हें बाहर निकाल दें। कद्दूकस की हुई लौकी को निचोड़कर पानी निकाल दें।
कुकर में तैयार करें लौकी
कुकर में कद्दूकस की हुई लौकी और दूध डालें। अगर आप मावा डाल रहे हैं, तो उसे अलग कढ़ाई में भून लें। फिर इसी में मिलाकर अच्छे से भूनना है। लौकी-मावा-दूध को तब तक भून लें, जब तक हल्का सा लाल न दिखे लगे। फिर कुकर का ढक्कन लगाकर उसमें 1 सीटी लगाएं। जब प्रेशर खत्म हो जाए, तब इसे किसी बर्तन में निकालकर ठंडा होने के लिए रख दें।
मिठास के लिए क्या करें
आपको खजूर के बीज हटाकर दूध में डालकर मिक्सर में पीस लेना है। लौकी वाले बैटर में खजूर वाले दूध को डालकर अच्छे से मिला दें। एक पैन में सभी कटे हुए ड्राई फ्रूट्स को घी में रोस्ट करें और उसे भी तैयार लौकी में मिक्स कर लें। कुछ ड्राई फ्रूट्स को गार्निशिंग के लिए बचाकर रख लें।
मिठाई कैसे बनाएं
एक थाली लें और उसमें हलवे वाला बैटर फैलाकर रख दें। अब बचे हुए ड्राई फ्रूट्स से इसे गार्निश करें और सेट होने के लिए फ्रिज में करीब आधे घंटे के लिए रख दें। आधे घंटे बाद आप देखेंगे कि लौकी की मिठाई जमकर रेडी है, अब बस इसे चाकू से चौकोर शेप में काटकर किसी डिब्बे या बर्तन में रख लें। बस आपकी लौकी की मिठाई बनकर तैयार है, इसे पानी के साथ आप डेली खा सकते हैं। इसमें गुड़-चीनी नहीं है, तो ये हेल्दी भी है। लौकी वैसे ही सेहत के लिए फायदेमंद होती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN






