Source :- LIVE HINDUSTAN
डायबिटीज को मैनेज करने के लिए लोगों को अपनी लाइफस्टाइल में बदलाव और दवाओं का सहारा लेना पड़ता है। शुगर लेवल कंट्रोल करने के लिए न्यूट्रीशनिस्ट ने 11 उन सब्जियों के बारे में बताया है जो शुगर लेवल कंट्रोल कर सकती हैं।
डायबिटीज एक आम समस्या है। इसके होने का मुख्य कारण हमारे शरीर में इंसुलिन नाम के हार्मोन का संतुलन बिगड़ना है। जब हम कुछ खाते हैं, तो हमारा शरीर उसे ग्लूकोज में बदलता है, जिससे हमें एनर्जी मिलती है। पेट के पास मौजूद पैंक्रियाज इंसुलिन बनाता है, जो इस शुगर को शरीर की सेल्स तक पहुंचाने का काम करता है। लेकिन जब यह सिस्टम खराब हो जाता है, तो खून में शुगर का लेवल बढ़ने लगता है और व्यक्ति डायबिटीज का शिकार हो जाता है। इसे मैनेज करने के लिए लाइफस्टाइल में बदलाव जरूरी है। हार्मोनल स्वास्थ्य हेल्थ और वेट लॉस स्पेशलिस्ट लीमा महाजन ने 11 उन सब्जियों का नाम बताया है जो डायबिटीज कंट्रोल करने के लिए बेस्ट रहेंगी।
1) करेला- शरीर को ग्लूकोज का बेहतर इस्तेमाल करने में मदद करता है और डायबिटीज के लिए सबसे ज्यादा रिसर्च की गई सब्जियों में से एक है।
2) कुंदरू- ये सब्जी फास्टिंग और खाने के बाद ब्लड शुगर मैनेज करने में मददगार होते हैं। इसमें कुछ ऐसे कंपाउंड्स और एंजाइम पाए जाते हैं, जो शरीर में ग्लूकोज के मेटाबॉलिज्म को बेहतर करते हैं। इससे खून में शुगर का स्तर अचानक नहीं बढ़ता।
3) ग्वार फली- इसमें ग्वार गम होता है, जो एक घुलनशील फाइबर है और ब्लड शुगर के लेवल में अचानक बढ़ोतरी को धीमा करने में मदद करता है।
4) सहजन- डायबिटीज के मरीजों के लिए सहजन एक ‘सुपरफूड’ की तरह काम करता है। ये सब्जी स्टार्च को ग्लूकोज में परिवर्तित होने की प्रक्रिया को धीमा करने में मददगार।
5) कंटोला- डायबिटीज के मरीजों के लिए कंटोला एक और बेहतरीन और ताकतवर सब्जी है। मानसून में मिलने वाली इस सब्जी है को आयुर्वेद में औषधि के समान माना गया है।
6) परवल- डायबिटीज के मरीजों के लिए परवल एक बेहद सुरक्षित और फायदेमंद सब्जी है। यह पचने में हल्की होती है और आयुर्वेद में इसे कई बीमारियों के लिए बेहतरीन औषधि माना गया है । ये शरीर में ग्लूकोज को ज्यादा अच्छे से संभालने में मदद करता है।
7) तुरई- डायबिटीज के मरीजों के लिए तुरई एक और अमृत समान सब्जी है। ये ग्लूकोज के बेहतर प्रबंधन और उपयोग में मददगार होती है।
8) चिचिंडा- इसमें एंटीऑक्सीडेंट होते हैं जो डायबिटीज से संबंधित ऑक्सीडेटिव तनाव को कम करने में मददगार होते हैं।
9) कच्चा पपीता- कच्चे पपीके का जीआई बहुत कम होता है, इसलिए ये ग्लूकोज लेवल को एकदम बढ़ने से रोकता है।
10) सफेद लौकी- सफेद लौकी में ग्लाइसेमिक इंडेक्स और ग्लाइसेमिक लोड काफी कम होता है।
11) भिंडी- इसमें मौजूद घुलनशील फाइबर शुगर के अवशोषण को धीमा करने में मदद करते हैं।
एक्सपर्ट कहती हैं कि कोई भी एक सब्जी डायबिटीज को ठीक नहीं कर सकती, लेकिन इन सब्जियों को नियमित रूप से अपने खाने में शामिल करने से ब्लड शुगर को बेहतर तरीके से मैनेज करने में मदद मिल सकती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN






