Source :- LIVE HINDUSTAN
Real Vs Fake Dates: खजूर खाने के कई फायदे हैं, जिसकी वजह से लोग नेचुरल स्वीटनर के तौर पर इसका इस्तेमाल करते हैं। लेकिन मार्केट में नकली खजूर भी बिकता रहता है इसलिए खरीदने से पहले क्वालिटी चेक के जरिए समझें असली और नकली खजूर की पहचान जरूर करें।
खजूर खाने के ढेर सारे फायदे हैं। विटामिन और मिनरल्स के साथ ही इसमे फाइबर की मात्रा भी पर्याप्त होती है। जो शरीर को ताकत देती है। इसीलिए खजूर खाने की सलाह ज्यादातर हर उम्र के लोगों को दी जाती है। लेकिन मार्केट में मिलने वाले सारे खजूर फायदेमंद होंगे ये सोचना पूरी तरह गलत है क्योंकि कई सारी खजूर में मिलावट होती है। इनकी मिठास नकली होती है जिसे ज्यादा खाना सेहत को हार्म कर सकता है। जरूरी है कि जब आप खजूर खरीदें तो किसी विश्वसनीय शॉप से लें और असली-नकली की पहचान जरूर कर लें।
नकली मिठास
खजूर में कई बार गुड़ की मिलावट की जाती है। जिससे नेचुरल स्वीटनर के तौर पर अगर खजूर खाना चाहते हैं तो इस बात का ध्यान जरूर रखें।
खजूर के कलर पर करें फोकस
नकली खजूर बिल्कुल चमकदार और चिकना दिखता है। जिस पर कई तरह के केमिकल और कलर की कोटिंग की गई होती है। जबकि असली खजूर इतना ज्यादा चमकदार नहीं होता। उसका रंग थोड़ा गंदा, मटमैला भूरा सा और फीका सा दिखता है।
पानी में डालें
जब आप इन नकली खजूर को पानी में डालते हैं तो वो तेजी से रंग छोड़कर पानी में घुलते हुए से नजर आते हैं। अगर आपका खजूर फौरन रंग छोड़ने लग रहा तो ये तय हैं कि उसमे रंग की मिलावट की गई है।
टेस्ट से लगा सकते हैं पता
वैसे तो खजूर असली है या नकली इसका पता उसके टेस्ट से भी लगा सकते हैं। बिना मिठास की मिलावट के खजूर मुंह में डालते ही घुलने लगता है और उसकी मिठास आपको जीभ पर काफी प्लीजेंट लगेगी। वहीं जिस खजूर में मिलावट होगी उसका टेस्ट भी थोड़ा अजीब सा महसूस हो सकता है, कई बार मुंह का टेस्ट भी बिगड़ जाता है।
खजूर की सुगंध
असली खजूर की सुगंध से भी पता लगाया जा सकता है। मिलावट वाले खजूर में किसी भी तरह की गंध नहीं आएगी या फिर हल्की सी केमिकल जैसी गंध महसूस हो सकती है। वहीं नेचुरल खजूर की मिठास लिए सुगंध से ही आपको खाने की इच्छा हो जाएगी।
खाने से मिलती है एनर्जी
असली खजूर को खाने से शरीर को तुरंत एनर्जी महसूस होती है। थकान दूर होती है और आप अच्छा महसूस करते हैं। वहीं खजूर में मौजूद मिनरल्स, विटामिन्स और फाइबर शरीर को फायदा पहुंचाते हैं। इसलिए खजूर को फायदे के लिए खरीद रहें तो असली-नकली की पहचान जरूर करें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN





