Source :- LIVE HINDUSTAN
G-7 समिट के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अहम मुलाकात हुई। इस बैठक के बाद ट्रंप ने पीएम मोदी से बड़ा वादा कर दिया। कहा कि अगर भारत पर हमला होता है तो हम (अमेरिका) मदद के लिए आगे आएंगे।
PM Modi-Trump Meeting: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बड़ा वादा कर दिया। उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में हमला होता है तो हम (अमेरिका) भारत की मदद के लिए आगे आएगा। फ्रांस में G-7 समिट के दौरान, पीएम मोदी और ट्रंप की द्विपक्षीय मुलाकात हुई। यह बैठक इसलिए भी अहम मानी जा रही है, क्योंकि ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में भारत-अमेरिका के बीच संबंधों में खटास आई है। ट्रंप के टैरिफ, लगातार गलत बयानबाजी की वजह से रिश्ते खराब हुए हैं।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ”अगर पीएम मोदी के कार्यकाल में भारत पर हमला होता है तो हम मदद के लिए आगे आएंगे।” ट्रंप ने पीएम मोदी को एक सख्त ट्रेडर बताया और कहा कि अमेरिका व भारत ट्रेड डील पर काम कर रहे हैं। मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए पीएम मोदी को ट्रंप ने शांत लेकिन सख्त इंसान बताया। कहा कि जब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, तब तक पूरी दुनिया में शांति की स्थापना करने में भारत का बहुत बड़ा रोल है।
भारत-अमेरिका रक्षा संबंधों पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “मुझे लगता है कि यह एक बहुत अच्छा रिश्ता है। अगर उन पर (भारत पर) हमला होता है, तो हम उनकी मदद के लिए वहां मौजूद रहेंगे। अगर कोई उस व्यक्ति पर हमला करता है, तो हम वहां मौजूद रहेंगे। लेकिन अगर कोई नया नेता आता है, तो मुझे इसके बारे में पक्का नहीं पता। अगर उन पर हमला होता है और वे (पीएम मोदी) नेता हैं, तो हम मदद के लिए वहां मौजूद रहेंगे।”
अमेरिकी राष्ट्रपति ने खुद को भारत का बहुत अच्छा दोस्त बताया और कहा कि वॉशिंगटन में भारतीय प्रधानमंत्री का बहुत सम्मान किया जाता है। उन्होंने कहा, “जब तक मैं राष्ट्रपति हूं, उन्हें (भारत को) व्हाइट हाउस में एक बहुत अच्छा दोस्त मिलेगा। यहां हर कोई भारत को पसंद करता है और पीएम मोदी के लिए बहुत सम्मान रखता है।” दोनों नेताओं की मुलाकात फ्रांस में G7 समिट के दौरान हुई है। 16 महीनों में यह ट्रंप और पीएम मोदी की पहली आमने-सामने की बातचीत थी। इसमें व्यापार और भू-राजनीतिक तनावों से आगे बढ़कर दोनों लोकतंत्रों के बीच रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया।
ट्रेड डील पर काम कर रहे दोनों देश
ट्रंप ने पत्रकारों के सवालों के जवाब में बताया कि भारत और अमेरिका, दोनों देश ट्रेड डील पर काम कर रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी बातचीत बहुत अच्छी रही है। ट्रंप ने पीएम मोदी को सख्त बातचीत करने वाला बता और कहा कि भविष्य में कभी भारत आएंगे। ट्रंप ने कहा कि पश्चिम एशिया समेत कई अहम मुद्दों पर भारत बड़ी भूमिका निभाता है। वहीं, यह भी कहा कि रोजगार के मामले में भारत के साथ हमारे संबंध हमेशा से बहुत अच्छे रहे हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







