Source :- LIVE HINDUSTAN
वेदांता एल्युमीनियम के शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिल सकती है। ब्रोकरेज हाउस सिटी (Citi) ने वेदांता एल्युमीनियम का कवरेज शुरू किया है। ब्रोकरेज हाउस, एल्युमीनियम बिजनेस से जुड़ी इस कंपनी पर बुलिश है। सिटी ने वेदांता एल्युमीनियम को भारत में अपना टॉप मेटल स्टॉक बताया है। कंपनी के शेयर बुधवार को BSE में गिरावट के साथ 465.35 रुपये पर बंद हुए हैं। वेदांता एल्युमीनियम, वेदांता ग्रुप के डीमर्जर के बाद बनी 4 कंपनियों में से एक है।
वेदांता एल्युमीनियम को मिला है 560 रुपये का टारगेट
ब्रोकरेज हाउस सिटी ने बाय रेटिंग के साथ वेदांता एल्युमीनियम पर अपना कवरेज शुरू किया है। ब्रोकरेज हाउस ने कंपनी के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है। सिटी ने वेदांता एल्युमीनियम के शेयरों के लिए 560 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। यानी, बुधवार के क्लोजिंग लेवल से कंपनी के शेयरों में 20 पर्सेंट का उछाल आ सकता है। वेदांता एल्युमीनियम के शेयर सोमवार 15 जून को BSE में 527 रुपये पर लिस्ट हुए। लिस्टिंग के ठीक बाद कंपनी के शेयरों में लोअर सर्किट लग गया। लगातार 2 लोअर सर्किट के बाद वेदांता एल्युमीनियम के शेयर बुधवार को गिरावट के साथ बंद हुए हैं। कंपनी के शेयर फिलहाल ट्रेड-फॉर-ट्रेड सेगमेंट में है। इसका मतलब यह है कि कंपनी के शेयरों में अभी इंट्राडे ट्रेडिंग की इजाजत नहीं है। डीमर्जर के बाद लिस्ट हुईं 4 कंपनियों में से किसी कंपनी का यह पहला कवरेज है।
एल्युमीनियम के पॉजिटिव आउटलुक को लेकर बुलिश है सिटी
ब्रोकरेज हाउस सिटी (Citi) ने अपने नोट में लिखा है कि वित्त वर्ष 2027-28 के बीच एल्युमीनियम की कीमतें 3400 डॉलर प्रति टन रहने का अनुमान है। फिलहाल, एल्युमीनियम के मौजूदा स्पॉट प्राइसेज 3350 डॉलर प्रति टन के करीब हैं। सिटी ने कहा है कि लंदन मेटल एक्सचेंज (LME) पर कीमतों में प्रति टन 100 डॉलर का उछाल कंपनी के इबिट्डा में 4.5 से 5 पर्सेंट और इसकी फेयर वैल्यू में प्रति शेयर 30 रुपये का असर डालता है। ब्रोकरेज हाउस सिटी ने हाइलाइट किया है कि एल्युमीनियम मार्केट फिलहाल डेफिसिट (घाटे) में है और अगले 3 से 6 महीने में इनवेंटरीज में तेज गिरावट आएगी, ऐसे में अपने बेस केस सेनेरियो में एल्युमीनियम के दाम 15 से 20 पर्सेंट चढ़कर करीब 4000 डॉलर प्रति टन पहुंच सकते हैं।
मार्केट कैप में तेज गिरावट
लगातार दो दिन लोअर सर्किट और बुधवार को भी शेयर लुढ़कने के बाद वेदांता एल्युमीनियम के मार्केट कैप में तेज गिरावट आई है। वेदांता एल्युमीनियम का मार्केट कैप बुधवार को 1,81,969 करोड़ रुपये रहा। कंपनी की लिस्टिंग वाले दिन यह 2 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा था। हालांकि, अब वेदांता एल्युमीनियम का मार्केट कैप पैरेंट कंपनी वेदांता लिमिटेड से ज्यादा बना हुआ है। वेदांता लिमिटेड का मार्केट कैप बुधवार को 1,19,814 करोड़ रुपये रहा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







